Asian Games 2026: बॉक्सिंग की रिंग में लवलीना बोरगोहेन का धमाका, भारत के लिए मेडल किया पक्का
एशियन गेम्स 2026 में लवलीना बोरगोहेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साउथ कोरिया की सियोंग सुयोन को 5-0 से हराकर भारत के लिए एक और बॉक्सिंग मेडल पक्का कर लिया है.
भारत की ओलंपिक मेडल विनर और बॉक्सिंग स्टार लवलीना बोरगोहेन ने जापान के आइची-नागोया में महिलाओं के 75 किग्रा क्वार्टरफाइनल मुकाबले में साउथ कोरिया की 2010 एशियन गेम्स ब्रॉन्ज मेडल विनर सियोंग सुयोन को 5-0 से हराकर भारत के लिए एक और मेडल पक्का कर दिया है. लवलीना बोरगोहेन ने यह मुकाबला सर्वसम्मत फैसले से अपने नाम किया. पहले राउंड में दोनों मुक्केबाजों ने डिफेंस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया और एक-दूसरे पर लगातार पंच बरसाए. हालांकि, लवलीना की आक्रामकता और सटीक पंचिंग ने उन्हें बढ़त दिलाई. जजों ने पहले राउंड में उनके पक्ष में 10-9 का फैसला दिया और लवलीना ने 5-0 से राउंड अपने नाम किया.
दूसरे राउंड में सियोंग ने आक्रामक शुरुआत की और तेजी से पंच लगाने की कोशिश की, लेकिन लवलीना ने शानदार फुटवर्क दिखाते हुए उनके हमलों से खुद को बचाया और तुरंत काउंटर अटैक किया. भारतीय मुक्केबाज ने साउथ कोरियाई खिलाड़ी के जबड़े पर कई सटीक जैब भी लगाए. यह राउंड भी लवलीना ने 5-0 से जीता और स्कोर 20-18 हो गया. तीसरे राउंड में लवलीना पूरी तरह हावी नजर आईं. उन्होंने तेजी से 1-2 कॉम्बिनेशन पंच लगाए और सियोंग को लगातार दबाव में रखा. लवलीना के तेज हमलों से साउथ कोरियाई मुक्केबाज कुछ समय के लिए लड़खड़ाती हुई नजर आईं. जजों ने अंतिम राउंड भी 5-0 से लवलीना के पक्ष में दिया और भारतीय स्टार ने 30-27 के स्कोर से मुकाबला जीत लिया.
बॉक्सिंग की रिंग में लवलीना बोरगोहेन का धमाका
क्वार्टरफाइनल जीतने के साथ लवलीना बोरगोहेन ने भारत के लिए एक और बॉक्सिंग पदक पक्का कर दिया है. अब उनकी नजर सेमीफाइनल में जीत हासिल कर गोल्ड मेडल की ओर एक और कदम बढ़ाने पर होगी. इससे पहले रविवार को परवीन हुड्डा ने महिलाओं के 65 किग्रा वर्ग में क्वार्टरफाइनल मुकाबला जीतकर भारत का एक और मेडल पक्का किया था. उन्होंने उज्बेकिस्तान की वर्ल्ड चैंपियनशिप की सिल्वर मेडलिस्ट नवबखोर खामिदोवा को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराया.
परवीन हुड्डा ने भी सेमीफाइनल में जगह बनाई
परवीन ने तीनों राउंड में अपना दबदबा बनाए रखा. उन्होंने पहला राउंड 4-1 से जीता, जबकि दूसरे और तीसरे राउंड में 5-0 से बाजी मारी. इस तरह उन्होंने उज्बेक मुक्केबाज के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई. परवीन के लिए यह जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि 2022 एशियन गेम्स का उनका ब्रॉन्ज मेडल डोपिंग उल्लंघन के कारण वापस ले लिया गया था. अब एशियन गेम्स 2026 में मेडल पक्का करके उन्होंने अपने प्रदर्शन से वापसी का मजबूत संकेत दिया है और उनके पास अब गोल्ड मेडल के लिए आगे बढ़ने का मौका है.
अंकुश पंघाल ने पक्का किया मेडल
इससे पहले रविवार को भारत के अंकुश पंघाल ने मेंस 80 किग्रा वर्ग में क्वार्टरफाइनल जीतकर भारत का एक और बॉक्सिंग मेडल पक्का किया था. उन्होंने ताजिकिस्तान के नेक्रूज सलीमोव को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से मात दी. अंकुश ने मुकाबले में अपनी तेज रफ्तार और सटीक पंचिंग से प्रभावित किया. ताजिक मुक्केबाज के खिलाफ उनकी स्पीड और अटैकिंग बॉक्सिंग साफ तौर पर नजर आई और उन्होंने बिना ज्यादा परेशानी के क्वार्टरफाइनल अपने नाम कर लिया.