भारत ने एशियन गेम्स 2026 में एक और गोल्ड मेडल जीत लिया है. महिला हॉकी टीम के बाद पुरुष हॉकी टीम भी चैंपियन बन गई. उसने शनिवार (3 अक्टूबर) को फाइनल में मलेशिया को 5-1 से परास्त कर दिया. इस जीत के साथ ही भारत ने ओलंपिक 2028 में डायरेक्ट एंट्री मार ली है. महिला टीम ने इससे पहले शुक्रवार को चीन के खिलाफ फाइनल जीतने में सफल रही थी. उसने 44 साल बाद एशियाई खेलों में गोल्ड जीता था. भारत के अब एशियन गेम्स 2026 में कुल 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज हो गए हैं. 85 पदकों के साथ भारत अब चौथे स्थान पर पहुंच गया है. उसने उज्बेकिस्तान को पीछे छोड़ दिया.
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 2023 में हांग्झो एशियन गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीती थी. पहली बार भारत ने बैक टू बैक गोल्ड जीता है. साथ ही साथ भारतीय हॉकी इतिहास में यह पहला मौका है जब महिला और पुरुष दोनों टीमों ने गोल्ड मेडल पर कब्जा किया है. मलेशिया को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा. वह अब तक एक बार भी गोल्ड नहीं जीत पाई. पाकिस्तान ने कोरिया को हराकर ब्रॉन्ज जीता है.
𝗧𝗛𝗘 𝗜𝗡𝗗𝗜𝗔𝗡 𝗠𝗘𝗡’𝗦 𝗛𝗢𝗖𝗞𝗘𝗬 𝗧𝗘𝗔𝗠 𝗜𝗦 𝗔𝗦𝗜𝗔𝗡 𝗚𝗔𝗠𝗘𝗦 𝗖𝗛𝗔𝗠𝗣𝗜𝗢𝗡 𝗢𝗡𝗖𝗘 𝗔𝗚𝗔𝗜𝗡! 🇮🇳🥇
India defeat Malaysia 5-1 in the Asian Games 2026 final to successfully defend their crown and create history by winning consecutive Asian Games gold medals… pic.twitter.com/ZaBzKMGyJw— Hockey India (@TheHockeyIndia) October 3, 2026
हरमनप्रीत और मनप्रीत ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने इतिहास रच दिया है. हरमन मेन्स हॉकी टीम को दो एशियन गेम्स गोल्ड मेडल दिलाने वाले पहले भारतीय कैप्टन बन गए हैं. उन्होंने आज फाइनल में मलेशिया पर 5-1 की जीत में दो गोल करके अहम किरदार निभाया. उनके अलावा पूर्व कप्तान मनप्रीत सिंह ने भी इतिहास रच दिया है. वह तीन एशियन गेम्स गोल्ड मेडल जीतने वाले अकेले भारतीय हॉकी खिलाड़ी बन गए हैं.
कबड्डी, क्रिकेट के बाद हॉकी में डबल
एशियन गेम्स में भारत ने तीन खेलों में अनोखा कारनामा कर दिखाया. टीम इंडिया ने कबड्डी और क्रिकेट के बाद हॉकी में डबल गोल्ड जीते. इन तीनों खेलों में भारत की महिला और पुरुष टीमों ने स्वर्ण पर कब्जा किया.
भारत ने शुरू से अंत तक बनाए रखा दबाव
भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही मलेशिया पर दबाव बनाए रखा. 11वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए गोल करते हुए भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई. हालांकि, 14वें मिनट में मलेशिया के शैली सिल्वरियस ने फील्ड गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. यहां से भारत ने पलटवार किया और मैच को जीतकर ही दम लिया. 23वें मिनट में जुगराज सिंह ने एक बेहतरीन पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए बढ़त को 2-1 कर दिया. हाफ टाइम के बाद 42वें मिनट में हार्दिक सिंह ने पेनाल्टी स्ट्रोक को शानदार तरीके से गोल में तब्दील किया. इसके बाद 54वें मिनट में शिलानंद लाकड़ा ने एक फील्ड गोल दागा और अंततः 57वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने अपना दूसरा गोल पेनाल्टी कॉर्नर से करते हुए मलेशिया की उम्मीदों को पूरी तरह खत्म कर दिया.
