Hockey: सदमे में होगा पाकिस्तान: सांसें थम गई थी... 3-3 से बराबरी पर था मैच, आखिरी 47 सेकेंड में भारत ने मारी बाजी
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने फाइनल का टिकट कटवा लिया है. बेहद रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराया. आखिरी मिनट में अभिषेक ने शानदार गोल दागा.
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने फाइनल का टिकट कटवा लिया है. दिल की धड़कनें बढ़ा देने वाले सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराकर गोल्ड मेडल मैच में सीट कन्फर्म कर ली. गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में एक समय पर टीम इंडिया ने 3-0 की बढ़त बना ली थी.
उसके बाद भारतीय खिलाड़ी थोड़े ढीले पड़े और पाकिस्तान ने इसका फायदा उठाया. बैक टू बैक तीन गोल दागकर उन्होंने करोड़ों भारतीय फैंस की धड़कनें तेज कर दी. जब लगा कि जीती हुई बाजी हाथ से निकल जाएगी तो एक 'हीरो' ने रुख बदल दिया.
अभिषेक ने आखिरी 47 सेकेंड में दागा गोल
आखिरी मिनट से पहले तक स्कोर 3-3 था. ऐसा लगा कि फैसला अब पेनल्टी शूटआउट के जरिए निकलेगा, लेकिन अभिषेक का इरादा कुछ और था. आखिरी 47 सेकेंड पर उन्होंने धमाकेदार गोल दागकर भारत को जीत दिलाई और पाकिस्तान को सदमे में डाल दिया.
भारत ने ये रोमांचक मुकाबला 4-3 से जीत लिया. दूसरा सेमीफाइनल मलेशिया और रिपब्लिक ऑफ कोरिया के बीच खेला जा रहा है. इस मैच की विजेता टीम फाइनल में भारत से भिड़ेगी.
भारत ने शुरुआती 23 मिनट में दागे 3 गोल
मैच की शुरुआती 30 मिनट तक भारतीय टीम पूरी तरह से हावी थी. खाता कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने खोला. उन्होंने 5वें और 13वें मिनट पर पेनल्टी को गोल में तब्दील कर भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई. 23वें मिनट में सुखजीत सिंह ने फील्ड से गोल दागकर पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया, लेकिन इसके बाद कहानी बदली और ट्विस्ट आया.
फिर पाकिस्तान ने किया पलटवार
शुरुआती 30 मिनट तक बैकफुट पर रहने के बाद पाकिस्तान ने जबरदस्त पलटवार किया. अबू मोहम्मद ने 30वें मिनट में पाकिस्तान का खाता खोला. 45में मिनट में हनान शाहिद और 49वें मिनट में वहीद राणा ने गोल दागकर स्कोर को 3-3 की बराबरी पर खड़ा कर दिया. मैच रोमांचक मोड़ पर था, लेकिन आखिरी मिनट में अभिषेक के गोल से भारत ने राहत की सांस ली और पाकिस्तान को हराकर फाइनल का टिकट कटवाया.
भारतीय महिला हॉकी टीम भी फाइनल में
भारतीय महिला टीम भी शुक्रवार को होने वाले फाइनल में चीन का सामना करेगी. 1998 के बाद यह पहला मौका होगा जब भारतीय पुरुष और महिला, दोनों टीमें एशियाई खेलों के हॉकी फाइनल में एक ही संस्करण में खेलेंगी.
बता दें कि आइची-नागोया 2026 में, पुरुष और महिला हॉकी टूर्नामेंट LA 2028 ओलंपिक के लिए क्वालिफायर का काम भी करेंगे, जिसमें गोल्ड मेडल जीतने वाली टीमों को आगामी समर गेम्स के लिए सीधे एंट्री मिलेगी.
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया को बड़ा झटका: चोट के चलते तीसरे ODI से बाहर हुए प्रसिद्ध कृष्णा, CSK के गेंदबाज की चमकी किस्मत