जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन पैरा गेम्स 2026 में बुधवार को भारतीय पैरा-एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया. एशियन पैरा गेम्स 2026 के तीसरे दिन, भारत मेडल टैली में पांचवें स्थान पर आ गया है. इसके साथ ही भारत के पदकों की कुल संख्या 62 हो गई है, जिसमें 14 गोल्ड, 22 सिल्वर और 26 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. आइची-नागोया में भारतीय एथलीटों ने गेम्स रिकॉर्ड तोड़े, अपने व्यक्तिगत बेस्ट प्रदर्शन किए और एक इवेंट में तीनों मेडल अपने नाम किए. भारत ने बुधवार को पुरुषों के शॉट पुट F46 इवेंट में तीनों मेडल जीते. सचिन खिलारी ने अपने पहले ही प्रयास में 15.79 मीटर की दूरी के साथ गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल जीता. उनके सभी थ्रो 15 मीटर से अधिक के थे.
मोहम्मद यासिर ने 15.06 मीटर के सीजन-बेस्ट थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि प्रवीण ने 13.83 मीटर के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. आयुष वर्मा ने पुरुषों के शॉट पुट F53 इवेंट में 8.16 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता. महिलाओं के शॉट पुट F34 इवेंट में भाग्यश्री जाधव ने 8.19 मीटर के पर्सनल बेस्ट प्रदर्शन के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि रवि रोंगाली ने पुरुषों के शॉट पुट F40 इवेंट में 10.02 मीटर के थ्रो के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता.
मनजीत ने पुरुषों के जैवलिन थ्रो F13 इवेंट में 61.03 मीटर के करियर-बेस्ट थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि सुखचियन ने पुरुषों के जैवलिन थ्रो F55 इवेंट में 29.94 मीटर के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. करमज्योति ने महिलाओं के डिस्कस थ्रो (चक्का फेंक) F55 इवेंट में 21.60 मीटर के पर्सनल बेस्ट प्रदर्शन के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता.
हनी ने भी पुरुषों के डिस्कस थ्रो F37 इवेंट में 57.04 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता. जंपिंग इवेंट्स में भारत ने पुरुषों की हाई जंप T44 स्पर्धा में पहला और दूसरा स्थान हासिल किया. डिफेंडिंग चैंपियन प्रवीण कुमार ने 2.05 मीटर की ऊंचाई पार करके गेम्स रिकॉर्ड बनाया और गोल्ड मेडल जीता, जबकि बंटी ने 1.92 मीटर के अपने पर्सनल बेस्ट प्रदर्शन के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया.
शैलेश कुमार ने पुरुषों की लॉन्ग जंप T42 स्पर्धा में 5.57 मीटर की छलांग लगाकर गेम्स रिकॉर्ड बनाया और ब्रॉन्ज मेडल जीता. उन्होंने यह उपलब्धि अपने पांचवें प्रयास में हासिल की. ट्रैक इवेंट में, दिलीप गावित महादु ने पुरुषों की 100 मीटर T47 स्पर्धा में 10.69 सेकंड का समय निकालकर गोल्ड मेडल जीता, जबकि मोहम्मद बासिल ने 10.72 सेकंड के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया.
अनुभव चौधरी ने पुरुषों की 100 मीटर T35 स्पर्धा में 12.72 सेकंड के अपने पर्सनल बेस्ट समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता, वहीं प्रणव देसाई ने पुरुषों की 100 मीटर T64 स्पर्धा में 11.96 सेकंड का समय लेकर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. शरथ मकानाहल्ली ने भी पुरुषों की 1500 मीटर T12 स्पर्धा में 4:11.01 के सीजन-बेस्ट समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता.
इस बीच, राकेशभाई भट्ट ने पुरुषों की 100 मीटर T37 स्पर्धा में 11.50 सेकंड का अपना पर्सनल बेस्ट समय दर्ज किया. पैरा आर्चरी में, शीतल देवी और पायल नाग ने पैरा कंपाउंड महिला डबल्स इवेंट में सिल्वर मेडल जीता. एक रोमांचक फाइनल मुकाबले में उन्हें चीन की जू ज्यूकिंग और झाओ जिंग के हाथों 141–150 से हार का सामना करना पड़ा.
