SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Asian Games 2026 Hockey: गोल के हमलों से साउथ कोरिया चित, भारत ने 8-2 से रौंदा, दिलप्रीत सिंह की हैट्रिक

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय मेंस हॉकी टीम ने साउथ कोरिया को 8-2 से करारी शिकस्त दी. दिलप्रीत सिंह ने शानदार हैट्रिक लगाई, जबकि भारत ने लगातार तीसरी बड़ी जीत दर्ज की.

Written By Tarun Verma
Published: Sep 24, 2026, 02:20 PM IST | Updated: Oct 01, 2026, 01:27 AM IST
Image Credit: Asian Games 2026 India Beat South Korea In Hockey
Join

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय मेंस हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है. भारत ने गुरुवार को साउथ कोरिया को 8-2 से हराकर ग्रुप स्टेज में लगातार तीसरी बड़ी जीत दर्ज की. इस मुकाबले में दिलप्रीत सिंह भारत के सबसे बड़े स्टार रहे, जिन्होंने शानदार हैट्रिक लगाकर टीम की जीत में बड़ा रोल निभाया. इससे पहले भारत ने इंडोनेशिया को 13-1 और श्रीलंका को 16-1 से हराया था.

डिफेंडिंग चैंपियन भारत अब ग्रुप स्टेज में अपने बाकी दो मुकाबलों में जापान और बांग्लादेश का सामना करेगा. भारत का जापान से मुकाबला 26 सितंबर और बांग्लादेश से मैच 28 सितंबर को होना है. टीम की नजर ग्रुप स्टेज में सभी मैच जीतकर शानदार अभियान जारी रखने पर है. भारत एशियन गेम्स में अपना गोल्ड मेडल बचाने के साथ-साथ लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए सीधे क्वालिफिकेशन हासिल करने के लक्ष्य के साथ आया है.

भारत ने खेला आक्रामक खेल 

भारत ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए. चौथे मिनट में शैलानंद लाकड़ा ने भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई. अभिषेक का पास ब्लॉक होने के बाद गेंद शैलानंद के पास पहुंची और उन्होंने रिबाउंड पर शानदार फिनिश करते हुए भारत का खाता खोल दिया. नौवें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया. उन्होंने सेंटर से जोरदार शॉट लगाया, जो गोलकीपर से टकराकर गोल में चला गया. साउथ कोरिया की कमजोर डिफेंस का भारत ने पूरा फायदा उठाया और शुरुआती मिनटों में ही मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली.

(ये भी पढे़ं- Asian Games 2026: रोशिबिना देवी ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में जीता लगातार दूसरा सिल्वर) 

हरमनप्रीत सिंह का शानदार प्रदर्शन

11वें मिनट में भारत को मुकाबले का पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला. भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने मौके को बिल्कुल नहीं गंवाया और शानदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए गेंद को गोल में पहुंचाकर भारत की बढ़त 3-0 कर दी. पहले क्वार्टर के आखिरी पलों में अभिषेक ने शानदार गोल करके भारत को 4-0 से आगे कर दिया. इस गोल में शैलानंद की भी अहम भूमिका रही. पहले क्वार्टर के खत्म होने तक भारत पूरी तरह मुकाबले पर हावी नजर आया.

26वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने अपना दूसरा गोल दागा

दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में कुछ समय तक कोई गोल नहीं हुआ. भारत ने इस दौरान कई बार एरियल बॉल का इस्तेमाल करते हुए साउथ कोरिया की डिफेंस को परेशान किया. आखिरकार 26वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने अपना दूसरा गोल दाग दिया. मनप्रीत सिंह के पास को हासिल करने के बाद दिलप्रीत ने शानदार डिफ्लेक्शन से गेंद को गोलकीपर के पार पहुंचा दिया.

दिलप्रीत ने हैट्रिक पूरी की

साउथ कोरिया के खिलाड़ी भारत की आक्रामक हॉकी के सामने लगातार संघर्ष करते रहे. पहले हाफ के खत्म होने तक भारत ने 5-0 की मजबूत बढ़त बना ली थी. तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही दिलप्रीत ने अपना तीसरा गोल करके हैट्रिक पूरी कर ली. 32वें मिनट में राजिंदर के तेज पास को हासिल करने के बाद दिलप्रीत ने शानदार टॉमहॉक शॉट लगाकर गेंद को गोल में पहुंचाया.  भारत को इसके बाद कई पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम उन्हें गोल में बदल नहीं सकी. हालांकि अभिषेक ने शानदार खेल जारी रखा और भारत के लिए सातवां गोल कर दिया. यह गोल बेहतरीन टीमवर्क का नतीजा था, जहां कई पास के बाद गेंद अभिषेक तक पहुंची और उन्होंने बिना कोई गलती किए उसे गोल में बदल दिया.

(ये भी पढे़ं- Asian Games 2026: सलमान खान की इमोशनल स्टोरी... कभी UBER कैब चलाकर किया गुजारा, अब एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर रचा इतिहास)

तीसरे क्वार्टर कर भारत 7-1 से था आगे 

42वें मिनट में साउथ कोरिया ने आखिरकार अपना पहला गोल कर दिया. किम जेहो ने गेंद को गोल में पहुंचाकर अपनी टीम का खाता खोला. तीसरे क्वार्टर की समाप्ति तक भारत 7-1 से आगे था. 52वें मिनट में साउथ कोरिया ने एक और गोल करके स्कोर 7-2 कर दिया. इस बार किम योंगबोक ने गोल किया. हालांकि इससे मैच के नतीजे पर कोई खास असर नहीं पड़ा और भारत ने अपनी बढ़त बनाए रखी. मैच के आखिरी मिनट में राजिंदर सिंह ने भारत के लिए आठवां गोल दागकर जीत पर मुहर लगा दी. इस तरह भारतीय टीम ने दक्षिण कोरिया को 8-2 से हराकर एशियन गेम्स 2026 में अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की. भारतीय मेंस हॉकी टीम अब 26 सितंबर को जापान के खिलाफ मैदान पर उतरेगी. इसके बाद 28 सितंबर को बांग्लादेश से मुकाबला होगा. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES