)
एशियन गेम्स 2026 में भारत ने कबड्डी के मैदान पर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है. भारत की महिला और पुरुष दोनों ही टीमों ने कबड्डी के फाइनल में एंट्री कर ली है. अब दोनों ही टीमों की नजर गोल्ड मेडल पर है. शुक्रवार को भारतीय महिला और पुरुष कबड्डी टीमों ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बना ली. पुरुष टीम ने थाईलैंड को 66-28 से एकतरफा अंदाज में हराया, जबकि महिला टीम ने नेपाल को 48-24 से शिकस्त दी.
डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय पुरुष टीम ने सेमीफाइनल में शुरुआत से ही अपना दबदबा कायम रखा. मुकाबले के पहले पांच मिनट में भारत ने 7-1 की बढ़त बना ली थी. थाईलैंड के लिए मुकाबला मुश्किल होता जा रहा था और भारत लगातार अंक बटोर रहा था. थाईलैंड ने हार नहीं मानी और थीरादत चाइसित ने शानदार रेड डालकर अपनी टीम को मुकाबले में वापस लाने की कोशिश की. उनकी रेड से थाईलैंड को तीन अंक मिले और भारत ऑलआउट भी हुआ. इसके बाद थाईलैंड ने अंतर घटाकर 14-23 कर दिया.
हालांकि, भारत ने दबाव में आने के बजाय फिर से अपनी पकड़ मजबूत कर ली. थीरादत चाइसित अपनी टीम के लिए लगातार अंक जुटाते रहे, लेकिन भारतीय डिफेंस और रेडिंग के सामने थाईलैंड ज्यादा देर तक टिक नहीं सका. हाफ टाइम तक भारत 37-18 से आगे था. दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम का तूफानी प्रदर्शन जारी रहा. मुकाबले में करीब 11 मिनट बाकी रहते ही भारत ने 50 अंक पूरे कर लिए और उस समय स्कोर 50-23 था. इसके बाद थाईलैंड के लिए वापसी लगभग नामुमकिन हो गई.
भारतीय टीम ने मुकाबले में कुल 43 आउट किए, जबकि थाईलैंड के खाते में 20 आउट रहे. भारत ने 8 ऑल-आउट पॉइंट्स हासिल किए, जबकि थाईलैंड को सिर्फ 2 ऑल-आउट पॉइंट मिले. इसके अलावा भारत ने 15 बोनस अंक भी जुटाए, जबकि थाईलैंड केवल 5 बोनस अंक हासिल कर सका.
पुरुष टीम की जीत के बाद भारतीय महिला कबड्डी टीम ने भी शानदार खबर दी. डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने सेमीफाइनल में नेपाल को 48-24 से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली. भारत ने मुकाबले की शुरुआत भी तेज की और पहले पांच मिनट के बाद 9-5 की बढ़त बना ली. भारतीय रेडर्स लगातार अंक जुटा रही थीं, जबकि नेपाल की टीम भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही थी. नेपाल ने मुकाबले में कई बार भारत को परेशान किया. एक मौके पर नेपाल ने सोनाली पर शानदार सुपर टैकल किया और भारतीय रेडर को लाइन तक पहुंचने से रोक दिया. इसके बावजूद भारत ने अपनी बढ़त बनाए रखी और स्कोर 15-10 हो गया.
इसके बाद नेपाल की गंगा घिमिरे ने जबरदस्त रेड करते हुए चार अंक हासिल किए. एंकल होल्ड के बावजूद वह लाइन छूने में सफल रहीं. लंबी जांच के बाद इस रेड को चार अंक दिया गया और नेपाल ने अंतर कम कर दिया. पहले हाफ में चार मिनट बाकी रहते भारत 21-15 से आगे था. पहले हाफ के आखिरी हिस्से में भारत ने अपनी रफ्तार बढ़ा दी. संजू देवी और सोनाली के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम ने ब्रेक तक 31-17 की मजबूत बढ़त बना ली. दूसरे हाफ में भी डिफेंडिंग चैंपियन ने नेपाल को वापसी का मौका नहीं दिया. भारत ने लगातार अपनी बढ़त बनाए रखी और आखिरकार मुकाबला 48-24 से अपने नाम कर लिया. पुरुष और महिला दोनों भारतीय टीमें अब शनिवार को फाइनल में गोल्ड मेडल के लिए उतरेंगी. दोनों फाइनल में भारत का सामना चाइनीज ताइपे या ईरान में से किसी एक टीम से होगा. भारत की दोनों कबड्डी टीमें अब एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडन जीतने से सिर्फ एक जीत दूर हैं.