)
अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) ने सुपरस्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी के सम्मान के लिए एक अनोखा प्लान बनाया है. बता दें कि अर्जेंटीना के वर्ल्ड कप विनर कप्तान लियोनेल मेसी ने हाल ही में इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास लेकर अपने फैंस को जोर का झटका दिया है. अब अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) ने अपने इस सितारे को खास सम्मान देने का ऐलान किया है.
अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) ने ऐलान किया है कि इस वीकेंड अर्जेंटीना में होने वाले सभी फुटबॉल मैच 10वें मिनट में रोके जाएंगे और लियोनेल मेसी के सम्मान में 60 सेकंड (1 मिनट) तक तालियां बजाई जाएंगी. लियोनेल मेसी के इंटरनेशनल फुटबॉल से रिटायर होने के फैसले के बाद यह सम्मान समारोह मेंस और विमेंस के सभी डिवीजन और कैटेगरी में आयोजित किया जाएगा. साथ ही, जिन स्टेडियमों में स्क्रीन लगी हैं, उन्हें मैच से पहले AFA का ऑफिशियल वीडियो दिखाने का निर्देश भी दिया गया है.
अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) ने कहा, 'मेंस और विमेंस के सभी डिवीजन और कैटेगरी में होने वाले अगले मैच-डे पर, अर्जेंटीना की नेशनल टीम के साथ लियोनेल मेसी के करियर को सम्मान देने के लिए पहले हाफ के 10वें मिनट में मैच रोककर एक मिनट तक तालियां बजाई जाएंगी. इसके अलावा, जिन स्टेडियमों में स्क्रीन लगी हैं, उन्हें मैच शुरू होने से पहले एसोसिएशन का ऑफिशियल वीडियो दिखाना होगा.'
10वें मिनट में यह सम्मान लियोनेल मेसी की मशहूर नंबर 10 जर्सी के लिए है, जिसे उन्होंने अर्जेंटीना के साथ अपने ज्यादातर करियर के दौरान पहना है. लियोनेल मेसी ने सोमवार को रिटायरमेंट की घोषणा की, जिससे 2005 में सीनियर डेब्यू के साथ शुरू हुए उनके शानदार इंटरनेशनल करियर का समापन हो गया. वह अर्जेंटीना के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले और सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बने, साथ ही उन्होंने देश को तीन बड़े इंटरनेशनल खिताब भी जिताए.
मेसी ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर लिखा, 'फाइनल के बाद बीते समय में इस बारे में बहुत सोचने के बाद, मैं सभी को बताना चाहता हूं कि मैं नेशनल टीम से रिटायर हो रहा हूं. यह एक ऐसा फैसला था, जिससे दिल को बहुत चोट पहुंची और अब भी पहुंच रही है, लेकिन मैं समझता हूं कि यही सही समय है. मैं कसम खाता हूं कि मैंने हमेशा अपना सब कुछ दिया है, न सिर्फ पिछले कुछ सालों में जब हमने सब कुछ जीता, बल्कि उससे पहले भी. मैंने हमेशा संघर्ष किया और इस जर्सी के लिए मैदान पर अपना सब कुछ झोंक दिया, ताकि आप सभी को खुशियां दे सकूं और फुटबॉल के जरिए आपको अर्जेंटीना होने पर गर्व महसूस करा सकूं.'
लियोनेल मेसी का अर्जेंटीना के साथ सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है. 39 साल के स्टार खिलाड़ी को बड़े टूर्नामेंट की ट्रॉफी के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा. 2014 वर्ल्ड कप फाइनल में जर्मनी और 2016 कोपा अमेरिका फाइनल में चिली के खिलाफ हार के बाद आखिरकार मेसी ने 2021 कोपा अमेरिका में अर्जेंटीना को चैंपियन बनाकर 28 साल से चले आ रहे बड़े खिताब के सूखे को खत्म किया. इसके बाद 2022 में कतर में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप में मेसी ने अपनी टीम को ऐतिहासिक वर्ल्ड कप खिताब दिलाया. फ्रांस के खिलाफ रोमांचक फाइनल में उन्होंने दो गोल किए और पेनल्टी शूटआउट में भी गोल दागा. एक्स्ट्रा टाइम के बाद मुकाबला 3-3 की बराबरी पर खत्म हुआ, जिसके बाद अर्जेंटीना ने शूटआउट में फ्रांस को 4-2 से हराकर तीसरी बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की.
2006 से 2026 तक चले अपने वर्ल्ड कप करियर में मेसी ने छह टूर्नामेंट खेले और 34 मैचों में 21 गोल दागे. 2026 फीफा वर्ल्ड कप में भी उनका शानदार प्रदर्शन जारी रहा, जहां उन्होंने 8 गोल और 4 असिस्ट दर्ज किए. इसी दौरान अल्जीरिया के खिलाफ मेसी ने अपने वर्ल्ड कप करियर की पहली हैट्रिक भी लगाई. आठ बार के बैलन डी'ओर विजेता मेसी ने भले ही इंटरनेशनल फुटबॉल को अलविदा कह दिया है, लेकिन उनका फुटबॉल सफर अभी खत्म नहीं हुआ है. वह मेजर लीग सॉकर में इंटर मियामी के लिए अपना क्लब करियर जारी रखेंगे.