आपकी राशि का असली 'आका' कौन सा ग्रह? जानें कैसे तय होती है आपकी पर्सनैलिटी और व्यवहार
वैदिक ज्योतिष में मेष से लेकर मीन तक 12 राशियां बताई गईं हैं, वहीं 9 ग्रह होते हैं. हर राशि का एक स्वामी ग्रह होता है. जानिए आपकी राशि का असली 'आका' ग्रह कौन-सा है और यह आप पर क्या असर डालता है?
ज्योतिष शास्त्र में राशि के आधार पर व्यक्ति का स्वभाव और पर्सनैलिटी की कुछ खासियतें बताई गई हैं. माना जाता है कि एक ही राशि के लोगों के स्वभाव में कुछ बातें कॉमन होती हैं. इसके पीछे वजह हैं उनके स्वामी ग्रह. एस्ट्रोलॉजी नॉलेज सीरीज के तहत आज जानते हैं सभी 12 राशियों के स्वामी ग्रह और उनका संबंधित राशि के लोगों पर प्रभाव कि कैसे वह ग्रह आपकी पर्सनैलिटी को आकार देता है.
9 ग्रह और 12 राशि
भारतीय ज्योतिष में 12 राशियां और 9 ग्रह बताए गए हैं. हालांकि चीनी और पश्चिमी ज्योतिष में भी 12 राशियों का ही जिक्र है. इन 9 ग्रहों में से ही कोई न कोई ग्रह हर राशि का स्वामी है.
9 ग्रहों में 2 ग्रह राहु और केतु के पास किसी भी राशि का स्वामित्व नहीं है. वहीं सूर्य और चंद्रमा एक-एक राशि के स्वामी हैं. वहीं बचे हुए 5 ग्रह में से हर ग्रह 2 राशियों का स्वामी है.
(यह भी पढ़ें: कहीं आप अपना रोज गलत राशिफल तो नहीं पढ़ रहे? समझ लें सूर्य राशि, चंद्र राशि और लग्न राशि का खेल!)
राशि स्वामी और उनका पर्सनैलिटी पर असर
सूर्य ग्रह : सिंह राशि के स्वामी - ग्रहों के राजा सूर्य के प्रभाव से सिंह राशि के लोगों में पैदाइशी तौर पर लीडरशिप स्किल होती हैं. वे बेहद कॉन्फिडेंट और चुनौतियों से न डरने वाले होते हैं.
चंद्रमा ग्रह : कर्क राशि के स्वामी - मन और भावनाओं के कारक चंद्रमा कर्क राशि वालों को संवेदनशील, भावुक और कल्पनाशील बनाते हैं. ये लोग अपने परिवार और करीबियों से बहुत अटैच रहते हैं.
मंगल ग्रह : मेष और वृश्चिक राशि - अग्नि तत्व वाले मंगल ग्रह ऊर्जा, साहस और पराक्रम का प्रतीक हैं. वे मेष और वृश्चिक राशि वालों को निडर, साहसी और ऊर्जावान बनाते हैं. ये लोग हर चुनौती का डटकर सामना करने वाले होते हैं.
बुध ग्रह : मिथुन और कन्या राशि - ग्रहों के राजकुमार बुध बुद्धि, व्यापार, वाणी और तर्कशक्ति के स्वामी हैं. जिसके चलते वाले मिथुन और कन्या राशि के लोग खूब बोलने वाले और बातचीत की शैली में निपुण होते हैं. ये लोग बिजनेस, मार्केटिंग, बोलने-लिखने से जुड़े करियर में काफी सफल होते हैं.
देवगुरु बृहस्पति ग्रह : धनु और मीन राशि - बृहस्पति या गुरु ग्रह ज्ञान, धर्म, वैवाहिक सुख और विवेक देते हैं. जिसके चलते धनु और मीन राशि के लोग आदर्शवादी, सलाह देने में माहिर और आध्यात्मिक झुकाव वाले होते हैं.
शुक्र ग्रह : वृष और तुला राशि - शुक्र ग्रह प्रेम, धन, कला और भौतिक सुखों के ग्रह हैं. इनके प्रभाव से वृष और तुला राशि के लोग अट्रैक्टिव पर्सनैलिटी वाले, कला प्रेमी, लग्जरी लाइफ पसंद करने वाले होते हैं. ये लोग जमकर पैसा कमाने और खर्च करने में भरोसा करते हैं.
शनि ग्रह : मकर और कुंभ राशि - न्याय के देवता शनि ग्रह कर्म, न्याय और अनुशासन देते हैं. साथ ही खूब मेहनत कराते हैं और संघर्ष के बाद सफलता देते हैं. शनि के प्रभाव से मकर और कुंभ राशि के लोग बेहद मेहनती, धैर्यवान, गंभीर और अपने उसूलों पर चलने वाले होते हैं. ये देर से सही लेकिन स्थाई सफलता हासिल करते हैं.
(यह भी पढ़ें: राशिफल में रोज पढ़ते होंगे 'ग्रह गोचर', जानिए इसका असल मतलब और आप पर असर)
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिषीय गणनाओं और धार्मिक ग्रंथों पर आधारित है. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है. स्वामी ग्रह के अलावा कुंडली के अन्य ग्रहों, माहौल, अनुभव और समय के साथ बदली आदतों का असर भी व्यक्ति की पर्सनैलिटी पर होता है.)