घर सजाने के लिए हम सब महंगा से महंगा फर्नीचर खरीद लाते हैं. पर उसे किस दिशा में रखना है, इस पर अक्सर ध्यान नहीं जाता है. वास्तु शास्त्र मानता है कि घर के कोने-कोने में रखा सामान हमारी सोच, सेहत और जेब पर असर डालता है.
खासकर ड्रेसिंग टेबल और डाइनिंग टेबल को सही जगह रखना बहुत जरूरी माना जाता है. ऐसी मान्यता है कि अगर ये दोनों गलत दिशा में रखे हों, तो घर का सुख-चैन बिगड़ सकता है. आइए जानते हैं इन दोनों चीजों को घर में कहां और कैसे रखना चाहिए.
ड्रेसिंग टेबल को हमेशा कमरे की उत्तर या पूर्व वाली दीवार की तरफ रखना चाहिए. ऐसा माना जाता है कि इन दिशाओं में लगा शीशा सुबह की अच्छी धूप को पूरे कमरे में फैलाता है, जिससे घर में अच्छा माहौल बनता है.
इसे कभी भी कमरे के मुख्य दरवाजे के ठीक सामने न रखें. अगर ये आपके बेडरूम में है, तो ध्यान रखें कि सोते वक्त आपका शरीर शीशे में न दिखे. अगर जगह कम होने की वजह से ऐसा हो रहा है, तो रात को सोने से पहले शीशे पर कोई कपड़ा या पर्दा डाल दें.
परिवार के साथ बैठकर खाना खाने के लिए डाइनिंग टेबल की जगह बहुत खास होती है. वास्तु के अनुसार डाइनिंग टेबल रखने के लिए पश्चिम दिशा सबसे बढ़िया मानी जाती है. आप इसे उत्तर-पश्चिम कोने में भी रख सकते हैं.
डाइनिंग एरिया में अच्छी हवा और उजाला होना चाहिए ताकि खाते वक्त सबका मूड अच्छा रहे. हमेशा अपने कमरे के हिसाब से ही टेबल खरीदें. छोटे कमरे में बहुत बड़ी टेबल ठूंस देने से चलने-फिरने में दिक्कत होती है और घर के लोगों का पारा चढ़ने लगता है.
डाइनिंग टेबल को कभी भी घर के मुख्य दरवाजे के सामने नहीं रखना चाहिए. बाहर से आने-जाने वाले लोगों की नजर सीधे आपके खाने की थाली पर पड़ती है, जिसे नजर लगना माना जाता है.
इसके अलावा डाइनिंग टेबल को घर के मंदिर या पूजा घर के ठीक सामने भी न लगाएं. भगवान के सामने बैठकर भोजन करना या वहां जूठे बर्तन छोड़ना सही नहीं माना जाता. इससे घर में वास्तु दोष लगता है और आर्थिक तंगी आ सकती है.
ड्रेसिंग टेबल के शीशे को हमेशा चमका कर रखें. उस पर धूल, उंगलियों के निशान या दाग-धब्बे जमने न दें. धुंधले शीशे में चेहरा देखने से घर में नकारात्मकता आती है.
ड्रेसिंग टेबल पर कॉस्मेटिक का सामान, तेल की बोतलें या कबाड़ फैलाकर न रखें. सामान को सलीके से सजाकर रखने से दिमाग शांत रहता है और सुबह तैयार होते समय चिड़चिड़ापन नहीं होता.
डाइनिंग टेबल पर खाना खाने के बाद लंबे समय तक जूठे बर्तन या बचा हुआ खाना पड़ा न रहने दें. टेबल पर गंदगी और फालतू सामान जमा होने से घर की बरकत रुक जाती है.
भोजन खत्म होते ही बर्तन रसोई में डाल दें और टेबल को गीले कपड़े से पोंछकर साफ कर दें. एक साफ डाइनिंग टेबल घर में सुख और समृद्धि लाती है. वास्तु के इन आसान नियमों को अपनाकर आप अपने घर की शांति बनाए रख सकते हैं.
ये भी पढ़ें: उम्मीद की नई किरण: 34 साल बाद खुला ऐतिहासिक शीतलनाथ मंदिर, कश्मीरी पंडितों की घर वापसी की जगी आस
(Disclaimer): यह लेख सामान्य वास्तु शास्त्र और लोक मान्यताओं पर आधारित है. इसे अपने घर की व्यवस्था सुधारने के आसान सुझाव के रूप में ही समझें.