App

साल 2027 में इस राशि पर शुरू होगी साढ़ेसाती, 3 अन्य राशियों पर भी रहेगा शनि का कड़ा पहरा

साल 2027 शुरू होने वाला है और इस साल के बीच में शनि ग्रह राशि परिवर्तन करने जा रहे हैं. इससे एक राशि पर शनि की साढ़ेसाती प्रारंभ होगी और 3 अन्‍य राशियां भी साढ़ेसाती की चपेट में रहेंगी.

साल 2027 में इस राशि पर शुरू होगी साढ़ेसाती, 3 अन्य राशियों पर भी रहेगा शनि का कड़ा पहरा
Image Credit: शनि जून 2027 में राशि बदलेंगे, जिससे वृष राशि पर साढ़ेसाती शुरू हो जाएगी. (Photo:AI)

शनि ढाई साल में राशि बदलते हैं और जब भी राशि परिवर्तन करते हैं, किसी न किसी राशि पर साढ़ेसाती शुरू होती है और किसी राशि की साढ़ेसाती समाप्‍त होती है. साल 2027 में भी शनि गोचर हो रहा है. शनि मीन राशि से निकलकर मेष राशि में प्रवेश करेंगे. 30 साल बाद शनि मेष राशि में आ रहे हैं, इससे वृष राशि पर शनि साढ़ेसाती प्रारंभ हो जाएगी. वहीं 3 अन्‍य राशियों पर भी साढ़ेसाती का साया रहेगा.

शनि गोचर 2027 कब होगा?

द्रिक पंचांग के अनुसार, 3 जून 2027 को शनि मीन राशि से निकलकर अपनी नीच राशि मेष में आएंगे. लेकिन 20 अक्‍टूबर 2027 को उल्‍टी चाल चलते हुए फिर से मीन राशि में आ जाएंगे, जहां वे फरवरी 2028 तक रहेंगे, इसके बाद फिर से मेष राशि में जाएंगे. जहां वह करीब 2 साल तक रहेंगे.

वृष राशि पर प्रारंभ होगी साढ़ेसाती

शनि ग्रह जिस राशि में रहते हैं, उससे एक आगे की एक पीछे की राशि पर साढ़ेसाती रहती है. राशिचक्र में मीन आखिरी राशि होती है और मेष पहली राशि. लिहाजा मेष राशि में शनि के आते ही राशिचक्र की दूसरी राशि वृष पर साढ़ेसाती का ढाई साल का पहला चरण प्रारंभ हो जाएगा. इस तरह ढाई-ढाई साल के तीन चरण मिलाकर कुल साढ़े 7 साल तक वृष राशि पर साढ़ेसाती रहेगी.

चूंकि वृषभ राशि के स्‍वामी शुक्र ग्रह, शनि के मित्र हैं, लिहाजा इस राशि वालों को शनि अपेक्षाकृत कम कष्‍ट देते हैं. बल्कि व्‍यक्ति के कर्म अच्‍छे हों तो उसे साढ़ेसाती के दौरान लाभ भी होता है.

3 राशियों पर भी साढ़ेसाती

वृष पर साढ़ेसाती प्रारंभ होगी, लेकिन उसके अलावा 3 अन्‍य राशियां भी साढ़ेसाती की चपेट में रहेंगी.

मेष राशि : मेष राशि में ही शनि ढाई साल तक रहेंगे. इस दौरान मेष राशि पर साढ़ेसाती का दूसरा सबसे मुश्किल चरण चलेगा. जो इन राशि वालों को तनाव, पारिवारिक कलह, धन हानि, मान‍ हानि दे सकता है.

मीन राशि : जून 2027 में शनि के मेष राशि में जाते ही मीन राशि पर साढ़ेसाती का तीसरा चरण शुरू हो जाएगा. लेकिन अक्‍टूबर 2027 में फिर से मीन में लौटने पर दूसरे चरण का प्रभाव शुरू होगा. मीन राशि वालों को अगस्‍त 2029 के बाद ही साढ़ेसाती से मुक्ति मिल पाएगी.

कुंभ राशि : इस समय कुंभ राशि पर साढ़ेसाती का तीसरा चरण चल रहा है जो कि जून 2027 में समाप्‍त हो जाएगा. लेकिन कुंभ राशि वालों को साढ़ेसाती से पूरी तरह मुक्ति फरवरी 2028 में ही मिल पाएगी. क्‍योंकि इस दौरान शनि के वक्री होने पर फिर से साढ़ेसाती का असर होने लगेगा.

साढ़ेसाती के अशुभ प्रभाव से बचने के आसान उपाय

- हर शनिवार को पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाएं और 'ॐ शं शनैश्चराय नमः' मंत्र का जाप करें.
- अपने से कमजोर, बुजुर्गों, मजदूरों और सफाईकर्मियों का सम्मान करें व सामर्थ्य अनुसार उनकी मदद करें.
- शनिवार के दिन काले तिल, उड़द की दाल या जूते-चप्पल का दान करें.

(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More