)
गोंडा जिले के जयप्रभा ग्राम में चल रही श्रीराम कथा में हेलीकॉप्टर से सेलिब्रेटी लाए जा रहे हैं. मंगलवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक गोंडा के जयप्रभा ग्राम जानकीनगर पोखरा में बने हेलीपैड पहुंचे. यहां पर कार्यक्रम के आयोजक महंत आलोक दास जी महाराज द्वारा जोरदार स्वागत किया गया. स्वागत करने के बाद श्री श्यामा श्याम जू गौशाला पहुंचे, जहां गायों को गुड खिलाकर उनका आशीर्वाद लिया. सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर अयोध्या श्रीराम मंदिर दौरे को लेकर निशाना साधा.
अखिलेश यादव के 12 दिसंबर अयोध्या दौरे को लेकर ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी सनातन संस्कृति की घोर विरोधी पार्टी है. वह तुष्टीकरण की पॉलिटिक्स करती रही है, और आज भी अयोध्या जाएं चाहे कृष्ण जन्मभूमि जाएं, चाहे काशी विश्वनाथ जाएं, लेकिन उनको यह स्पष्ट करना पड़ेगा कि कारसेवकों पर जो गोलियां चली थीं. समाजवादी पार्टी की सरकार में उसके लिए माफी कब मांगेंगे?.
ब्रजेश पाठक ने कहा कि वास्तव में समाजवादी पार्टी यदि अपने चरित्र में परिवर्तन ला रही है और प्रभु राम की शरण में जाना चाहती है तो सनातन संस्कृति का यह स्वभाव है, हमारी परंपरा है हम सबको स्वीकार करते हैं, गलतियों को माफ करते हैं. प्रभु श्री राम की शरण में जो भी आया है, प्रभु श्री राम ने उन्हें अपनाया है. वे कान पकड़ करके प्रभु श्री रामलला के दरबार में माफी मांगें, और कहें कि हमारी समाजवादी पार्टी की सरकारों में जो सनातन संस्कृति के खिलाफ काम हुए हैं उनके लिए हम क्षमा मांगते हैं.
जो प्रदेश में दंगे हुए थे, जो हमारी सनातन संस्कृति की हिंदू बेटियों के साथ जो अत्याचार हुआ था, उस पर हम माफी मांगते हैं, जो भोले-भाले लोगों के साथ दंगों में जिनकी जानें गई थीं, उसके लिए हम माफी मांगते हैं और कारसेवकों पर जो गोलियां चली थीं, उसके लिए हम माफी मांगते हैं. उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि समाजवादी पार्टी केवल बहुरूपिया का रूप रख करके वोट हासिल करने के लिए तरह-तरह के असफल प्रयास कर रही है. पूरा प्रदेश जानता है कि समाजवादी पार्टी गुंडों को शरण देती है, उनको आगे बढ़ाती है और उत्तर प्रदेश को गुंडा स्टेट बनाने का काम समाजवादी पार्टी ने किया था. अराजक स्टेट बनाने का काम किया था. आज उत्तर प्रदेश में एक भी गुंडा-माफिया नहीं है.
उन्होंने कहा कि प्रदेश से माफिया राज खत्म हो गया है. प्रदेश पूरी तरह से प्रगति के पथ पर अग्रसर है. वहीं आजम खान के बयान हम निपट लेंगे... इस पर पलटवार करते हुए कहा कि आजम खान हों या ओवैसी हों, अब उत्तर प्रदेश में इनकी दाल गलने वाली नहीं है. उत्तर प्रदेश बदल चुका है. उत्तर प्रदेश निकल चुका है, उत्तर प्रदेश रफ्तार पकड़ चुका है, विकास की गति पकड़ चुका है.
बाबा रामदेव द्वारा धीरेंद्र शास्त्री को लेकर दिए गए बयान पर सीधा जवाब न देते हुए घुमा कर जवाब दिया. उन्होंने कहा कि आप अच्छी तरह समझते हैं कि उत्तर प्रदेश जिस ढंग से बदला है. आज समाजवादी पार्टी, कांग्रेस के इंडी गठबंधन के लोग जिस ढंग से गलफहमियां फैलाकर चुनाव लड़ने का असफल प्रयास कर रहे हैं, ये प्रदेश में कभी सफल नहीं होंगे. तीसरी बार फिर प्रचंड बहुमत से बीजेपी सरकार बनेगी.
(गोंडा से अतुल यादव की रिपोर्ट)