)
India FTA Deal: साल 2026 को युद्ध, कच्चे तेल, वैश्विक तनाव और होर्मुज संकट के लिए याद किया जाएगा, लेकिन इस संकट के बीच भी भारत ने ताबड़तोड़ नया इतिहास लिख दिया है. जहां एक तरफ अमेरिका के टैरिफ का खतरा था, ट्रेड डील पर सस्पेंस रहा, वहीं भारत ने ताबड़तोड़ ट्रेड एग्रीमेंट साइन किए. ब्रिटेन, यूरोपीय यूनियन, न्यूजीलैंड, ओमान, GCC जैसे बड़े देशों के नाम शामिल है.
साल 2026 में भारत ने कितने फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किए?
साल 2026 भारत की वैश्विक व्यापार कूटनीति के लिहाज से काफी अहम रहा. देश ने इस साल विकसित अर्थव्यवस्थाओं के साथ अपने व्यापारिक रिश्तों को नई मजबूती देने की दिशा में कई बड़े कदम उठाए. इसमें न्यूजीलैंड के साथ नए मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर से लेकर यूरोपीय संघ (ईयू) के साथ लंबे समय से चल रही बातचीत पूरी करने और ब्रिटेन, ओमान के साथ पहले हुए एफटीए को लागू करना शामिल हैं.
भारत-EU के बीच 'मदर ऑफ ऑल डील्स'
2026 की शुरुआत में 27 जनवरी को भारत और यूरोपीय संघ में मुक्त व्यापार समझौते को लेकर बातचीत पूरी हुई. इस समझौते को दोनों पक्षों की ओर से 'मदर ऑफ ऑल डील्स' कहा गया. इस डील के तहत यूरोपीय संघ की 97 फीसदी टैरिफ लाइनों तक भारत को बाजार पहुंच मिलेगी. इससे टेक्सटाइल, लेदर, फुटवियर, जेम्स एंड ज्वेलरी, चाय, कॉफी, मसाले और खिलौना उद्योग को लाभ मिलने की उम्मीद है. इसमें भारत ने अपने डेयरी, मांस, पोल्ट्री और अनाज जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को संरक्षण दिया गया है.
भारत और अमेरिका ट्रेड डील पर सस्पेंस
भारत और अमेरिका के बीच 7 फरवरी 2026 को अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक फ्रेमवर्क पर सहमति बनी.
इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापारिक बाधाओं को कम करना और व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) की दिशा में आगे बढ़ना है. फिलहाल दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है और व्यापक समझौता होना बाकी है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच एफटीए
भारत और न्यूजीलैंड के बीच एफटीए पर 27 अप्रैल, 2026 को हस्ताक्षर किए गए थे. यह 20 अक्टूबर, 2026 से लागू हो चुका है. यह समझौता भारतीय निर्यातकों के लिए काफी महत्वपूर्ण है. इसके तहत न्यूजीलैंड ने भारत के 100 फीसदी निर्यात पर पहले दिन से शून्य शुल्क यानी जीरो ड्यूटी मार्केट एक्सेस देने का प्रावधान किया है.
ब्रिटेन के साथ FTA
2026 में देश ने 2025 में हुए भारत-ब्रिटेन एफटीए और भारत-ओमान एफटीए को भी लागू किया गया है. भारत-ब्रिटेन के बीच एफटीए पर 24 जुलाई, 2025 को हस्ताक्षर किए गए थे. यह 15 जुलाई, 2026 को लागू हुआ था. इसके तहत भारत के करीब 99 फीसदी निर्यात को ब्रिटेन में शून्य शुल्क पर बाजार पहुंच प्राप्त हुई. इससे टेक्सटाइल, फुटवियर, चमड़ा, इंजीनियरिंग और अन्य श्रम आधारित उद्योगों को लाभ हुआ.
GCC के साथ भारत की बड़ी डील
इसके अलावा,भारत ने फरवरी 2026 में गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (जीसीसी) के साथ मुक्त व्यापार समझौते की औपचारिक बातचीत शुरू करने की दिशा में कदम उठाया था. जीसीसी में सऊदी अरब, यूएई, कतर, कुवैत, ओमान और बहरीन शामिल हैं.