)
मोकामा विधायक अनंत सिंह के घर इस वक्त शहनाइयों की गूंज और जश्न का माहौल है. उनकी बेटी शिवांगी सिंह की शादी की चर्चा बिहार समेत पूरे देश में है. 20 नवंबर से शुरू हुई शिवांगी सिंह की शादी की रस्में अब अपने आखिरी और सबसे भव्य पड़ाव पर पहुंच गई हैं. 25 नवंबर यानी बुधवार को शिवांगी सिंह अपने होने वाले हमसफर ऋषिकेश कुमार के साथ सात फेरे लेंगी और परिणय सूत्र में बंधेंगी.
दरअसल, बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल के लदवां गांव में हो रहे इस आयोजन में पारंपरिक बिहारी रीति-रिवाजों के साथ-साथ राजसी ठाठ-बाट देखने को मिल रहा है. बेटी की विदाई के साथ ही अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव कुमार का जनेऊ संस्कार भी इसी दिन संपन्न होगा, जिससे परिवार की खुशियां दोगुनी हो गई हैं.
| तारीख | दिन | रस्में | कार्यक्रम का विवरण |
|---|---|---|---|
| 20 नवंबर | शुक्रवार | शुभ फलदान और तिलकोत्सव | दूल्हे ऋषिकेश कुमार को फल, मिठाई, कपड़े और आभूषण भेंट किए गए, चर्चा है कि उन्हें लैंड रोवर डिफेंडर गाड़ी भी गिफ्ट में दी गई. |
| 23 नवंबर | सोमवार | हल्दी कलश | परिवार और रिश्तेदारों की मौजूदगी में पारंपरिक हल्दी कलश की रस्म अदा की गई. |
| 24 नवंबर | मंगलवार | मेहंदी और संगीत | दिन में दुल्हन के हाथों में मेहंदी रचाई गई, शाम को संगीत और पारंपरिक लोकगीतों की महफिल सजी. |
| 25 नवंबर | बुधवार | जनेऊ, घुड़दौड़ और विवाह | सुबह छोटे बेटे अभिनव का जनेऊ संस्कार होगा, दोपहर में घुड़दौड़ का आयोजन होगा, शाम को बारात का स्वागत, जयमाला और विवाह की रस्में पूरी की जाएंगी. |
लदवां गांव में करीब 10 बीघे से भी ज्यादा जमीन पर एक विशाल पंडाल खड़ा किया गया है. इसकी सजावट में ताजमहल और लाल किले की झलक देखने को मिल रही है. पंडाल को संवारने के लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से कारीगर बुलाए गए हैं. जबकि, जयमाला के भव्य मंच को जयपुर के कलाकारों ने तैयार किया है. सजावट के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ-साथ विदेश से भी खास फूल मंगवाए गए हैं.
अनंत सिंह की मेहमाननवाजी हमेशा से सुर्खियों में रही है, लेकिन इस बार इंतजाम बेहद बड़े पैमाने पर हैं. दावा किया जा रहा है कि करीब चार लाख लोगों के भोजन का इंतजाम किया गया है. मेन्यू में 150 से ज्यादा तरह के पकवान शामिल किए गए हैं. रिश्तेदारों, वीआईपी मेहमानों और स्थानीय समर्थकों के लिए अलग-अलग पंडाल और रसोई बनाई गई है, ताकि कोई भी मेहमान बिना खाए न लौटे.
अनंत सिंह के घोड़ों से प्रेम को हर कोई वाकिफ है. ऐसे में बेटी की शादी में मनोरंजन के लिए 8 बीघे जमीन पर घुड़दौड़ का मैदान तैयार किया गया है. 25 नवंबर की दोपहर 2 से 4 बजे के बीच होने वाली इस रेस में दूसरे राज्यों के घुड़सवार भी हिस्सा लेने पहुंचे हैं. विजेताओं के लिए इनाम भी रखे गए हैं.
| स्थान | इनाम |
|---|---|
| पहला इनाम | महिंद्रा थार |
| दूसरा इनाम | बुलेट मोटरसाइकिल |
| तीसरा इनाम | स्कूटी |
शादी में सियासत और सिनेमा जगत की कई बड़ी हस्तियों को न्योता भेजा गया है. नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जैसे दिग्गज नेताओं को आमंत्रित किया गया है. वहीं, सोनू सूद, मनोज तिवारी, पवन सिंह, अक्षरा सिंह और मैथिली ठाकुर जैसे कलाकारों को भी बुलाया गया है. वीआईपी मेहमानों के आने-जाने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए गांव में ही पांच हेलीपैड तैयार किए गए हैं.
25 नवंबर की सुबह छोटे बेटे अभिनव कुमार का जनेऊ संस्कार होगा. स्थानीय लोगों और समर्थकों के बीच इस बात की भी खूब चर्चा है कि जनेऊ के मौके पर अभिनव को बीएमडब्ल्यू कार गिफ्ट की जा रही है. फिलहाल, पूरे लदवां गांव में किसी बड़े मेले जैसा नजारा है. अनंत सिंह खुद मौके पर मौजूद रहकर हर छोटी-बड़ी व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं. बुधवार को बारात के आगमन के साथ ही इस शाही शादी का सबसे भव्य नजारा देखने को मिलेगा.