)
गृह प्रवेश हिंदू धर्म में बहुत महत्वपूर्ण संस्कार माना गया है. नए घर में रहना शुरू करने से पहले की जाने वाली वास्तु पूजा-अनुष्ठान को ही गृह प्रवेश कहते हैं. कई बार रेनेावेशन के बाद भी लोग गृह प्रवेश पूजा करते हैं. गृह प्रवेश पूजा शुभ मुहूर्त में करना धर्म और ज्योतिष में बहुत जरूरी माना गया है. इसलिए लोग आचार्य या पुरोहित से गृह प्रवेश का मुहूर्त निकलवाते हैं, लेकिन कई बार लोग खुद ही कैलेंडर में देख कर गृह प्रवेश का समय तय कर लेते हैं. मशहूर ज्योतिषाचार्य पंडित अजय भाम्बी के अनुसार गृह प्रवेश पूजा बेहद महत्वपूर्ण होती है, लिहाजा इसके लिए सही मुहूर्त का होना जरूरी है. जिसके लिए कुछ बातों का ध्यान रखा जाना चाहिए.
पंडित अजय भाम्बी कहते हैं कि अगर शुभ मुहूर्त पर कोई काम किया जाए तो उसके शुभ फलों के परिणाम शत-प्रतिशत मिलते हैं. इसलिए जब भी किसी विद्वान से गृह प्रवेश का मुहूर्त निकलवाए तो कुछ बातों की जानकारी आपको स्वयं भी रखें. जिसमें कलश चक्र अहम है.
गृह प्रवेश में कलश चक्र का विशेष ध्यान रखा जाता है. कलश चक्र सूर्य और चंद्रमा के नक्षत्र पर आधारित है. इन नक्षत्रों के आपसी संबंध बनने से शुभ और अशुभ स्थितियां बनती रहती हैं. गृह प्रवेश का समय तय करते समय ध्यान रखें कि उस समय में इस चक्र के आधार पर भी शुभ स्थिति बन रही हो. इसलिए जब भी किसी विद्वान से मुहूर्त निकलवाएं तो कलश चक्र की जानकारी अवश्य लें.
इसके अलावा ज्योतिष में शुभ माने गए गुरु और शुक्र ग्रह के अस्त काल में भी गृह प्रवेश बिल्कुल नहीं करना चाहिए. गुरु और शुक्र के अस्त काल को सामान्य भाषा में तारा डूबना बोलते हैं.
सप्ताह के 7 दिन में हर दिन का अपना अलग महत्व और ऊर्जा होती है. गृह प्रवेश जैसा अहम संस्कार सौम्य वार के दिन होना चाहिए. जैसे कि सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार. सप्ताह के अन्य दिनों में गृह प्रवेश करने से बचना बेहतर है.
ज्योतिष में चतुर्थी, नवमी, चतुर्दशी, अमावस और शुक्ल प्रतिपदा तिथि को रिक्ता तिथि माना गया है, यानी कि इन दिनों में किए गए काम खाली चले जाते हैं या उनका पूरा फल नहीं मिलता है. इन तिथियों को शुभ मुहूर्त के लिए विशेष रूप से त्याज्य माना गया है. इसलिए इन तिथियों के दिन भी गृह प्रवेश करने से बचना चाहिए.
इन सभी नियमों का पालन करते हुए विधि-विधान से शुभ मुहूर्त में गृह प्रवेश करने से घर में बरकत और खुशियां बनी रहती हैं.
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है.)