)
ईरान में भुखमरी के हालात हो चुके हैं. वहां महंगाई और आर्थिक संकट ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है. हालात इतने खराब हो गए हैं कि आम आदमी अपना कर्ज उतारने और घर का खर्चा चलाने के लिए अब शरीर के अंग बेचने को मजबूर है. यह खुलासा ईरानी न्यूज एजेंसी ILNA ने अपनी ताजा रिपोर्ट में किया है. रिपोर्ट सामने आते ही हर कोई हैरान है.
रिपोर्ट के अनुसार, मध्य ईरान की गलियों में दीवारों पर किडनी, लिवर टिश्यू, बोन मैरो और यहां तक कि अंडकोष बेचने के इश्तेहार चिपके नजर आ रहे हैं. लोग खरीदारों की तलाश में अस्पतालों के बाहर भटक रहे हैं.
न्यूज एजेंसी ILNA की रिपोर्ट बताती है कि मध्य ईरान की गलियों में दीवारों और दरवाजों पर अंग बेचने के विज्ञापन चिपके हैं. इस तरह के इश्तेहार सबसे ज्यादा फरहंग हुसैनी स्ट्रीट पर दिख रहे हैं, जिसे अब लोग 'किडनी स्ट्रीट' के नाम से जानने लगे हैं. यह इलाका एक सरकारी मेडिकल सेंटर और किडनी मरीजों की मदद करने वाली एक चैरिटी संस्था के पास है. जिन लोगों को पैसे की किल्लत है वो यहां खरीदारों की तलाश में हर दिन जमा होते हैं.

ILNA को सदरा अस्पताल के एक कर्मचारी ने हैरान करने वाली बात बताई. कर्मचारी के अनुसार, अंगों की कीमत ब्लड ग्रुप के हिसाब से तय होती है. रेयर ब्लड ग्रुप वाले लोगों को ज्यादा पैसे मिलते हैं. आमतौर पर एक किडनी की कीमत 30 से 40 अरब रियाल (करीब 11,500 से 15,300 डॉलर) के बीच है. 'O-पॉजिटिव' ब्लड ग्रुप वाली किडनी करीब 8 अरब रियाल (3,100 डॉलर) में बिक रही है, जबकि रेयर ब्लड ग्रुप के लिए लोग 50 अरब रियाल (19,200 डॉलर) तक मांग रहे हैं.
राजधानी तेहरान में अपना कर्जा उतारने के लिए लोग सस्ते में भी अंग बेचने को तैयार हैं. यहां बाइक से डिलीवरी करने वाले एक 30 साल के युवक ने बताया कि उसे अपनी किडनी के बदले 15 अरब रियाल (5,750 डॉलर) और 2 अरब रियाल (770 डॉलर) के इंश्योरेंस का ऑफर मिला था. लेकिन उसने यह ऑफर ठुकरा दिया, क्योंकि उसे अपना कर्ज उतारने के लिए कम से कम 35 अरब रियाल (13,400 डॉलर) की जरूरत है.
एक 58 साल के बुजुर्ग ने बताया कि वह अपना कर्ज चुकाने के लिए बाजार भाव से 20 से 30 फीसदी कम कीमत पर भी अपना अंग बेचने को तैयार है, क्योंकि उसे 7 से 8 अरब रियाल (2,680 से 3,070 डॉलर) की सख्त जरूरत है.

हालात इतने खराब हैं कि कई लोग अपने एक से ज्यादा अंग बेचने को भी रेडी हैं और कस्टमर तलाश रहे हैं. 33 साल के एक कंस्ट्रक्शन वर्कर ने अपने बोन मैरो के लिए 40 अरब रियाल (15,300 डॉलर) की कीमत तय की है, इसके साथ ही वो अपनी किडनी और लिवर टिश्यू के लिए भी ग्राहक की तलाश में है. एक अन्य शख्स ने तो अपनी किडनी, लिवर टिश्यू और अंडकोष तीनों को बेचने का विज्ञापन दिया है.
ईरान की अर्थव्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. यह बात संसद की सामाजिक मामलों की समिति के अध्यक्ष अली बाबाई करनामी भी स्वीकारते हैं. उन्होंने 8 नवंबर को कहा था कि सरकार की खराब आर्थिक नीतियों की वजह से देश के करीब 80 लाख लोग भयंकर गरीबी और कुपोषण का सामना कर रहे हैं.