)
Budh Gochar 2026: पंचांग के अनुसार, बुद्धि, वाणी, तर्कशक्ति, व्यापार और लेखन के कारक बुध का प्रवेश 25 नवंबर 2026 को 01:44 बजे स्वाति नक्षत्र से निकलकर विशाखा नक्षत्र में होगा. 4 दिसंबर तक इसी नक्षत्र में बुध का संचरण होगा. विशाखा नक्षत्र के स्वामी देवगुरु बृहस्पति हैं. आइए जानते हैं ग्रहों के राजकुमार बुध का विशाखा नक्षत्र में प्रवेश करना किन राशियों के लिए शुभ होगा.
ज्योतिषाचार्य अनामिका सिंह के अनुसार, ज्योतिष में बुध को बुद्धि, वाणी, बिजनेस, लेखन, बातचीत और धन के मामलों में निर्णय लेने की क्षमता का कारक माना जाता है. वहीं, विशाखा नक्षत्र गुरु बृहस्पति के स्वामित्व का नक्षत्र है. इन्द्र और अग्नि इसके अधिदेवता है. विशाखा नक्षत्र का गहरा प्रभाव व्यक्ति के लक्ष्य प्राप्ति, पक्के इरादे, मुकाबले और जीत पर होता है. वहीं, बुध का इस नक्षत्र में प्रवेश करना कई राशि के जातकों की नौकरी, बिजनेस, पैसों से जुड़ी योजनाओं, शिक्षा और बात करने की क्षमता में बड़ा बदलाव ला सकता है. यह गोचर किन राशियों पर कैसा प्रभाव डालेगा, इसे जानने के लिए नक्षत्र के साथ ही चंद्र राशि से बुध की चाल, भाव, नक्षत्र स्वामी और कई और स्थिति को जानना होगा. फिलहाल, आइए जानें किन राशियों के लिए बुध का विशाखा नक्षत्र में गोचर करना शुभ होगा.
चंद्र राशि से बुध के गोचर को देखें तो 4 राशियों के लोगों को विशेष लाभ होगा. आइए ज्योतिषाचार्य अनामिका सिंह से जानें ये राशियां कौन-सी हैं और इन्हें क्या लाभ होंगे.
बुध वृषभ राशि के लिए द्वितीय और पंचम भाव के स्वामी हैं. बुध विशाखा नक्षत्र में छठे भाव में आकर जातकों को विशेष लाभ देंगे. नौकरी करने वालों को तरक्की मिलेगी और उनकी तारीफ भी की जाएगी. कार्यस्थल पर बड़ी जिम्मेदारी भी मिल सकती है. व्यापारियों के लिए समय बहुत अच्छा है. रुका हुआ धन प्राप्त होगा और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी. नए ग्राहकों और नई डील से लाभ होगा. जीवनसाथी के सहयोग से आर्थिक उन्नति होगी.
मिथुन राशि के स्वामी ग्रह बुध हैं. विशाखा नक्षत्र में प्रवेश करते समय बुध मिथुन राशि से पंचम भाव में गोचर करेंगे. इस दौरान दिमाग तेज चलेगा और खुद-ब-खुद क्रिएटिव आइडिया आने लगेंगे. पढ़ाई और बिजनेस की नई योजनाओं पर काम करने के लिए समय अच्छा है. नए मौके आपके पास चलकर आएंगे. नौकरी करने वालों को अपना टैलेंट दिखाने का पूरा मौका मिलेगा. बॉस से शाबाशी भी मिल सकती है. लेखन और मीडिया से जुड़े लोगों को कामयाबी मिलेगी. तरक्की के रास्ते भी खुल सकते हैं.
कन्या राशि और दशम भाव के स्वामी बुध ग्रह जब विशाखा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे तो आपकी राशि से द्वितीय भाव में होंगे. जातकों के लिए यह समय आर्थिक लाभ और बचत का होगा. आय के कई नए रास्ते खुलेंगे और बिजनेस करने वालों को बड़े प्रॉजेक्ट या डील मिल सकती है. नौकरी करने वालों की वेतन वृद्धि होगी. नई जिम्मेदारियां दी जा सकती है और आर्थिक प्रगति के मौके भी हाथ लग सकते हैं.
धनु राशि के लिए बुध सप्तम व दशम भाव के स्वामी हैं और नक्षत्र परिवर्तन के समय आपकी राशि से एकादश भाव में होंगे. नौकरी करने वालों को अतिरिक्त आय के मौके मिलेंगे. जातकों के काम की सराहना हो सकती है और कार्यस्थल पर नई व्यावसायिक जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं. बिजनेस करने वालों को नए ग्राहक और बड़ी डील हाथ लग सकती है. वित्तीय मामलों में बड़े लोगों से मिलने का मौका मिलेगा. पुराने संपर्कों से अचानक ही मदद मिल सकती है या लाभ हो सकता है.
नोट- ज्योतिषीय गणनाओं को ध्यान में रखें तो बुध का विशाखा नक्षत्र में गोचर करना हर राशि के लिए एक जैसे परिणाम नहीं देगा. जन्मकुंडली में बुध का भाव स्वामित्व और चंद्र राशि से गोचर की स्थिति के अनुसार फल पर असर पड़ता है.
(Disclaimer: यह लेख सामान्य धार्मिक जानकारी और पंचांग गणना पर आधारित है. तिथियों में स्थानीय पंचांग अनुसार मामूली अंतर संभव है. किसी भी व्रत-पूजा से पहले अपने पुरोहित से सलाह लें.)