App

बिहार वेदर अपडेट: दिन में खिलेगी धूप पर रात में बढ़ेगी सिहरन, बक्सर-भोजपुर समेत कई जिलों में सुबह छाएगा कोहरा

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है. राज्य के किसी भी जिले में बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है. वहीं, आज राज्य के कई जिलों में कोहरा छाया रह सकता है.

बिहार वेदर अपडेट: दिन में खिलेगी धूप पर रात में बढ़ेगी सिहरन, बक्सर-भोजपुर समेत कई जिलों में सुबह छाएगा कोहरा
Image Credit: बिहार वेदर अपडेट (AI IMAGE)

बिहार में कुछ दिनों से चक्रवाती तूफान अकवान के कारण बारिश का सिलसिला जारी रहा. बारिश के कारण राज्य में ठंड ने भी रफ्तार पकड़ ली और ठंडी-ठंडी हवाएं भी महसूस की गई. फिलहाल के मौसम की बात करें, तो सुबह-शाम कई जिलों में कोहरा छाया रह रहा है. वहीं, मौसम विभाग ने आज यानी 23 नवंबर, 2026 को पूरे बिहार में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई है. आइए जानते हैं IMD का लेटेस्ट अपडेट-

आज कैसा रहेगा बिहार का मौसम?

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, आज, सोमवार 23 नवंबर 2026 को पूरे बिहार में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है. हालांकि, राज्य के दक्षिण-पश्चिम भाग के जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है. बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल समेत कई अन्य जिलों में कोहरे के कारण सुबह विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है. वही दूसरी ओर, उत्तरी और पूर्वी बिहार के जिलों में आसमान साफ रहने और धूप खिलने के आसार हैं, जिससे दिन के समय लोगों को हल्की गर्माहट का अहसास होगा.

राज्य में कैसा रहेगा तापमान का हाल

राज्य में तापमान की बात करें, तो अगले तीन दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है. न्यूनतम तापमान में इस गिरावट के कारण राज्य में सुबह और रात की ठंड और सिहरन में तेजी से इजाफा होगा.

वहीं, जिलावार तापमान के आंकड़ों की बात करें, तो 23 नवंबर को उत्तर-पश्चिम, उत्तर मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. 

राजधानी पटना सहित दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में दिन का पारा 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. 

रात के तापमान की बात करें तो उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम के जिलों में न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में ये 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है. 

बता दें कि मौसम विभाग ने 24 से 28 नवंबर तक राज्य में किसी भी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की है. अगर आप सुबह-सुबह वाहन चला रहे हैं, तो विशेष सावधानी बरतें.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया में 2 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.ISOMES कॉलेज से BJMC करने के बाद रंजना ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में काम किया है. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं.रंजना कुमारी से आप Ranjana.Kumari@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More