)
नारियल फोड़ने की परंपरा देश में बहुत पुरानी है. आपने अपने घर या आसपास ये जरूर देखा होगा कि कोई भी शुभ काम करने से पहले लोग नारियल फोड़ते हैं.
नारियल का इस्तेमाल शादी-ब्याह से लेकर नया घर या नई गाड़ी खरीदने तक होता है. हमारे धर्म में नारियल को बहुत पवित्र माना जाता है. इसे प्यार से श्रीफल भी कहा जाता है.
लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि हर जगह नारियल ही क्यों चढ़ाया जाता है. आज हम इस खबर में जानेंगे कि आखिर पूजा या किसी शुभ काम में नारियल क्यों फोड़ा जाता है.
नारियल को फोड़ने के पीछे कई कारण होते हैं. हर जगह की अपनी-अपनी अलग परंपरा है. इसको तोड़ने के पीछे असली वजह हमारे मन का अहंकार तोड़ना है.
जैसे हम जब भी नारियल तोड़ते हैं तो बाहर से कड़क और अंदर से नरम होता है, ठीक वैसे ही इंसान को अपने घमंड को छोड़कर साफ दिल से भगवान के सामने झुकना चाहिए.
इसलिए नया काम शुरू करने या गाड़ी खरीदने जैसे हर अच्छे मौके पर इसे फोड़कर भगवान को चढ़ाया जाता है ताकि काम बिना किसी रुकावट के पूरा हो जाए.
हिंदू धार्मिक परंपराओं में नारियल को कई बार इंसानी सिर का प्रतीक भी माना जाता है. इसके ऊपर दिखाई देने वाले तीन निशानों को लेकर भी एक खास मान्यता है.
कहा जाता है कि नारियल के इन तीन निशानों को भगवान शिव के तीन आंखों का प्रतीक माना जाता है.
धार्मिक मान्यता में इन्हें भगवान शिव से जोड़कर देखा जाता है. ये परंपरा इंसान को याद दिलाती है कि उसका शरीर और जीवन भगवान की कृपा से मिला है.
इसलिए उसे अपने जीवन में विनम्रता और समर्पण का भाव रखना चाहिए.
जिंदगी में जब भी कोई नया काम शुरू होता है, तो नारियल फोड़ने की परंपरा निभाई जाती है.
नया मकान लेना हो, शादी तय करनी हो या फिर नई बाइक और कार घर लानी हो, लोग नारियल जरूर फोड़ते हैं.
कई जगहों पर कलश के ऊपर नारियल रखकर उसकी पूजा भी की जाती है. इसे शुभता, समृद्धि और मंगल कार्यों की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है.
धार्मिक मान्यता है कि शुभ काम से पहले नारियल चढ़ाने से सारी समस्याएं दूर हो जाती है और काम की मंगलमय शुरुआत होती है.
इससे लोगों को मानसिक शांति और एक पॉजिटिव भरोसा भी मिलता है.
नारियल की एक और बड़ी खासियत है, जिसके बारे में कम लोग ही जानते हैं. इसके पेड़ का लगभग हर हिस्सा इंसानों के काम आता है.
चाहे उसका फल हो, पत्ते हों, तना हो या फिर उसके रेशे, सभी का अलग-अलग इस्तेमाल किया जाता है.
नारियल के फल से भोजन और तेल मिलता है. इसके पत्तों का इस्तेमाल छप्पर और सजावट में होता रहा है. वहीं इसके रेशों से रस्सियां और दूसरी उपयोगी चीजें बनाई जाती हैं.
नारियल के पेड़ की इसी काम आने के कारण इसे कई परंपराओं में कल्पवृक्ष भी कहा जाता है. इससे हमें ये सीख मिलती है कि हमें दुसरों के भी काम आना चाहिए.
देखा जाए तो नारियल फोड़ना सिर्फ कोई पूजा-पाठ का नियम या पुरानी परंपरा भर नहीं है. इसके पीछे जिंदगी का एक बहुत बड़ा और प्यारा सबक छिपा है.
ये परंपरा हमें सीधी सी बात सिखाती है कि हम जब भी अपनी जिंदगी में कोई नया काम शुरू करें, तो हमारे मन में कोई घमंड नहीं होना चाहिए. दिल बिल्कुल साफ और इरादे पक्के होने चाहिए.
ये भी पढे़ं: Bhava Brihaspati: जानिए उस महान आचार्य की कहानी, जिन्होंने सोमनाथ मंदिर को बनाया था अमर
(Disclaimer): इस लेख में दी गई जानकारियां और बातें पूरी तरह से हमारी पारंपरिक लोक-संस्कृति, रीति-रिवाजों और पुरानी मान्यताओं पर आधारित हैं. इसका मकसद सिर्फ पाठकों को हमारी संस्कृति से जुड़ी बातों से रूबरू कराना है. किसी भी तरह के अंधविश्वास को बढ़ावा देना हमारा उद्देश्य नहीं है. हर कोई अपनी समझ और आस्था के हिसाब से इन परंपराओं को मान सकता है.