मां दुर्गा की सातवीं शक्ति यानी मां कालरात्रि की उपासना शारदीय नवरात्र के सातवें दिन यानी आश्विन शुक्ल सप्तमी तिथि पर की जाएगी. इस दिन मां कालरात्रि की पूजा करने से मन के भय का नाश होता है और भक्त के लिए ब्रह्मांड की समस्त सिद्धियों के द्वार खुलते हैं. मां कालरात्रि अपने भक्तों के जीवन से सभी कष्टों, बाधाओं और भय का नाश कर मनवांछित फल प्राप्ति का आशीर्वाद देती हैं. सभी नकारात्मक शक्तियों को दूर करती हैं. मां कालरात्रि की की पूजा की विधि से लेकर भोग और स्वरूप के बारे में आइए इस लेख में जानें.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां कालरात्रि के शरीर का रंग घने अंधकार के जैसा काला है. मां के सिर के बाल बड़े-बड़े और बिखरे हुए हैं. गले में चमकदार माला है. मां केतीन नेत्र हैं जिनसे विद्युत के समान चमकीली किरणें निकलती है. मां की नाक से श्वास-प्रश्वास से अग्नि की भयंकर ज्वाला निकलती है. माता का वाहन गर्दभ यानी गदह है. दाहिने हाथ की वरमुद्रा से माता अपने भक्तों को वरदान देती हैं. दाहिनी तरफ का नीचला हाथ अभयमुद्रा में है. बाईं तरफ के ऊपर वाले हाथ में लोहे का कांटा है और नीचे वाले हाथ में माता ने खड्ग धारण किया है. मुश्किल समय में मां कालरात्रि की उपासना करने से मानसिक शांति मिलती है. साहस का संचार होता है. मां को 'शुभंकरी' कहते हैं. मां का स्वरूप भले ही अति भयानक और विकराल हो लेकिन अपने भक्तों के लिए माता हमेशा ममता की भावना रखती है और हर संकट से निकालती हैं. मां की उपासना से भक्त का कल्याण होता है.
शारदीय नवरात्रि का सप्तमी तिथि का व्रत 17 अक्टूबर 2026, शनिवार को रखा जाएगा.।
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:43 बजे से लेकर दोपहर 12:28 बजे तक
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 04:59 बजे से लेकर सुबह 05:47 बजे तक
अपराह्न पूजा मुहूर्त: दोपहर 03:54 बजे से लेकर शाम 06:14 बजे तक।
मां कालरात्रि की पूजा करने के लिए सूर्योदय से पूर्व उठ जाएं.
स्नान आदि करें और साफ वस्त्र धारण करें.
पूजा स्थल को साफ कर लें और गंगाजल छिड़क कर शुद्ध करें.
मां कालरात्रि की प्रतिमा को चौकी पर सजाएं.
मां को रोली, कुमकुम, अक्षत अर्पित करें.
फूल, धूप और दीप अर्पित करें.
अब मां उसका प्रिय भोग अर्पित करें.
मां की आरती करें.
ध्यान कर मां के मंत्र का जाप करें.
मां कालरात्रि का प्रिय भोग गुड़ या गुड़ से बनी सामग्री है. जैसे गुड़ का हलवा, गुड़ की खीर या मालपुआ या गुड़-चने. इन भोगों को पा कर माता अति प्रसन्न होती हैं.
मां दुर्गा के भयानक रूप मां कालरात्रि का प्रिय रंग नीला और काला हैं. कई धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं में माता का प्रिय रंग भूरा और ग्रे भी बताया गया है. इस दिन नीले रंग के वस्त्र पहनकर मां की उपासना करें तो शुभ होगा.
(डिस्क्लेमर- यह सामग्री धार्मिक मान्यताओं, प्रचलित परंपराओं एवं उपलब्ध धार्मिक स्रोतों पर आधारित है. विभिन्न क्षेत्रों, समुदायों और परंपराओं के अनुसार व्रत-त्योहारों की तिथि, पूजा-विधि एवं मान्यताओं में अंतर संभव है. पाठक इसे सामान्य धार्मिक जानकारी के रूप में देखें.)