SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जब जिद पर आ गईं पार्वती...' गाना तो खूब सुना, पर क्या जानते हैं वो कहानी, क्‍यों देवी को मनाने पहुंचे सप्तऋषि?

हनुमान अंश मूवी का गाना 'जब जिद पर आ गईं पार्वती...' इस समय सभी की जुबान पर है. लेकिन कितने ही लोग इसकी असल वजह जानते हैं कि आखिर पार्वती जी ने किस चीज की जिद पकड़ी थी, जो सप्तऋषियों को उन्‍हें मनाने-समझाने आना पड़ा, फिर भी वो नहीं मानीं.

Written By Shraddha Jain
Published: Oct 14, 2026, 08:10 AM IST | Updated: Oct 14, 2026, 08:14 AM IST
Image Credit: हनुमान अंश फिल्‍म के गाने 'जब जिद पर आ गई पार्वती...' से जुड़ी पौराणिक कथा. (Photo:AI)
Join

भगवान शिव के तांडव और क्रोध से जुड़ी कई पौराणिक कथाएं हैं लेकिन उनकी पत्‍नी पार्वती जी को भयंकर क्रोध आया हो, इसकी कहानियां विरली ही हैं. हनुमान अंश फिल्‍म का लोकप्रिय गाना 'जब जिद पर आईं पार्वती, समझाने पहुंचे सप्‍तऋषि...' पार्वती जी के क्रोध और अटल संकल्‍प की ही कहानी पर आधारित है. लेकिन कमाल की बात यह है कि देवी पार्वती के इस क्रोध और जिद को देखकर भगवान शिव और सप्‍तऋषि उन पर बेहद प्रसन्‍न हुए और उनकी मनोकामना पूरी भी की. आइए जानते हैं ये रोचक कहानी, जिसका वर्णन शिव महापुराण में मिलता है.

पार्वती जी के जिद पर आने की कहानी  

पौराणिक कथाओं के अनुसार, माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए घोर तपस्या की थी. वे पत्‍ते, कंद-मूल  खाकर कठोर तपस्‍या करती रहीं. एक बार भगवान शिव ने उनकी तपस्या की पूर्णता और प्रेम की गहराई को परखने की सोची. इसके लिए उन्‍होंने सप्‍तऋषियों (7 महान ऋषी) को उनके पास भेजा.  

सप्तऋषियों ने माता पार्वती के मन को विचलित करने के लिए उनके सामने भगवान शिव के अवगुणों का बखान करना और निंदा करना शुरू कर दिया. उन्होंने पार्वती को समझाते हुए कहा: "तुम किसके लिए इतनी कठिन तपस्या कर रही हो? वह शिव तो श्मशान में रहता है, शरीर पर भस्म मलता है, गले में सांपों की माला पहनता है और भूत-प्रेतों के साथ घूमता है." ताकि पार्वती जी यह सब सुनकर शिव जी से विवाह करने की जिद छोड़ दें.

ऋषियों ने उनके गुरु देवर्षि नारद की भी बुराई की और कहा कि नारद के बहकावे में आकर तुमने अपना घर-बार छोड़ दिया है. उन्होंने पार्वती को सलाह दी कि वे शिव का विचार छोड़ दें और भगवान विष्णु से विवाह कर लें. जो कि अत्‍यंत सुंदर, सुशील और गुणवान हैं.

यह सुनते ही माता पार्वती क्रोधित हुईं और सप्तऋषियों से  दृढ़तापूर्वक कहा, "चाहे महादेव अवगुणों के घर हों और विष्णु समस्त गुणों के धाम हों, परंतु मेरा मन तो शिव में ही रम चुका है. यदि स्वयं भगवान विष्णु भी आकर मुझसे कहेंगे, तब भी मैं अपना प्रण नहीं बदलूंगी. यदि मुझे शिव न मिले, तो मैं कुंवारी ही रह जाऊंगी." इसके साथ ही उन्होंने सप्‍तऋषियों से शिव की निंदा न करने और वहां से जाने के लिए कह दिया. इसके बाद वे फिर से तपस्‍या करने बैठ गईं.

माता पार्वती के इस अटूट विश्वास, प्रेम और निष्ठा को देखकर सप्तऋषि अत्यंत प्रसन्न और भावविभोर हो गए. वे वास्तव में उन्हें मनाने नहीं आए थे, बल्कि उनकी परीक्षा ले रहे थे. वहीं कैलाश पर्वत पर बैठे शिव जी भी प्रसन्‍न हुए. इसके बाद शिव-पार्वती विवाह संपन्‍न हुआ.

(Disclaimer: यह लेख पौराणिक मान्यताओं और लोक-कथाओं पर आधारित है. Zee News इसकी पूर्ण सत्यता और प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है.)
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES