)
Govardhan Puja 2026 Date: दिवाली के बाद गोवर्धन पूजा का त्योहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है. हिंदू धर्म में इस पर्व का बहुत महत्व है. इस साल दिवाली के और गोवर्धन पूजा के बीच एक दिन का अंतराल है. इस तरह कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि पर मनाया जाने वाला गोवर्धन पूजा पर्व इस साल 10 नवंबर को यानी आज है. इस दिन भक्त भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करते हैं और घर की महिलाएं पूरे विधि-विधान से गोवर्धन पर्वत की उपासना करती हैं. गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाती हैं और फिर भगवान को अन्नकूट का भोग अर्पित करती है.
गोवर्धन पूजा के दिन मंदिरों में उत्सव होते हैं और जगह-जगह अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जाता है. ऐसी मान्यता है कि गोवर्धन पूजा करने से भगवान श्रीकृष्ण अति प्रसन्न होते हैं और परिवार में सुख-समृद्धि बने रहने का आशीर्वाद देते हैं. जिस घर में अन्नकूट का भोग अर्पित किया जाता है और गोवर्धन पर्वत की पूजा की जाती है, वहां कभी भी धन-धान्य की कमी नहीं होती है.
पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे शुरू होगी और तिथि का समापन 10 नवंबर, दोपहर 2:00 बजे होगा. उदयातिथि के अनुसार इस साल 10 नवंबर, मंगलवार को यानी आज गोवर्धन पूजा पर्व मान्य होगा. ध्यान दें, इस पर्व को लेकर ब्रज क्षेत्र में एक अलग ही उत्साह का माहौल होता है.
गोवर्धन पूजा शुभ मुहूर्त में करने से इसका पूरा पुण्य फल प्राप्त होता है. हालांकि, इस दिन सुबह और शाम दोनों समय पूजा की जा सकती है. आइए देखें गोवर्धन पूजा के दिन क्या मुहूर्त बन रहे हैं.
प्रातःकाल में पूजा मुहूर्त: सुबह 6:40 बजे से लेकर सुबह 8:50 बजे तक
गोधूलि मुहूर्त शाम 05:31 बजे से लेकर 05:57 बजे तक.
अभिजीत काल - सुबह 11:48 बजे से दोपहर 12:32 बजे तक
ब्रह्म मुहूर्त - सुबह 05:05 बजे से सुबह 05:53 बजे तक.
गोवर्धन पूजा के दिन सुबह जल्द उठकर स्नान करें और साफ वस्त्र पहनें.
अब घर के आंगन या मुख्य द्वार के सामने गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाएं.
आकृति को फूलों और पत्तियों से सजाएं.
इस आकृति के पास ही श्रीकृष्ण की प्रतिमा रखें.
अब गोवर्धन पर्वत और कृष्ण जी को एक-एक कर सामग्री अर्पित करें.
रोली, अक्षत, फूल चढ़ाएं.
दीपक और धूप जलाएं.
भगवान को फल, मिठाई आदि का अन्नकूट भोग अर्पित करें.
भगवान कृष्ण को 56 भोग भी अर्पित कर सकते हैं.
अब गोवर्धन पर्वत की 7 बार परिक्रमा करें.
भगवान कृष्ण और गोवर्धन पर्वत की आरती कर पूजा संपन्न करें.
अब पूरा परिवार बैठकर अन्नकूट का प्रसाद ग्रहण करें.
गोवर्धन पूजा में गोबर से पर्वत की बनाई गई आकृति की 7 बार परिक्रमा करने का नियम है. परिक्रमा हमेशा घड़ी की दिशा में करें. परिक्रमा करते समय हाथ में जल या दूध से भरा लोटा लें, लोटे से पतली धारा गिराते रहें. कुछ घरों में परिक्रमा के समय बाजरा, जौ या बताशे भी चढ़ाए जाते हैं. विशेष रूप से ध्यान रखें कि परिक्रमा करते समय किसी भी पूजा सामग्री पर पैर न पड़े या सामान को लांघे नहीं. मन में श्रद्धा का भाव रखें.
शास्त्रों में गोवर्धन पूजा के दिन भगवान को अन्नकूट का भोग लगाने का बड़ा महत्व बताया गया है, जिसे लेकर मान्यता है कि अन्नकूट के दिन जो भी अन्न या भोजन देवता को अर्पित करते हैं, उसकी कमी सालभर तक नहीं होती है. अन्न कूट में एक साथ कई सब्जियां मिलाकर पकाया जाता है और भगवान को बहुत सारा भोजन चढ़ाया जाता है. इसलिए आज के दिन को अन्नकूट भी कहा जाता है. वहीं कुछ घरों में कढ़ी, तो कुछ घरों में भगवान को छप्पन भोग लगाया जाता है. इस छप्पन भोग में मीठा, नमकीन से लेकर दूध से बने पकवान रखे जाते हैं.
(Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई गोवर्धन पूजा की तिथि, शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और नियम सामान्य पंचांग और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित हैं. शहर के अनुसार मुहूर्त में थोड़ा अंतर हो सकता है, इसलिए पूजा से पहले अपने स्थानीय पंडित या पंचांग से अवश्य करें। यह लेख केवल धार्मिक जानकारी के उद्देश्य से है.)