SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बद्रीनाथ धाम विवाद के बीच क्यों याद आए ध्यान बद्री? जानें पांडुकेश्वर के इस मंदिर का इतिहास, धार्मिक महत्व और रहस्य

बद्रीनाथ धाम के पास सांस्कृतिक कार्यक्रम के विवाद के बीच पंच बद्री में शामिल ध्यान बद्री मंदिर की चर्चा तेज हो गई है. इस स्टोरी में पांडुकेश्वर स्थित भगवान विष्णु की ध्यान मुद्रा, पौराणिक कथा और बद्रीनाथ में शंख न बजाने का रहस्य के बारे में डिटेल से जानेंगे.

Written By Harsh Singh
Published: Sep 27, 2026, 01:14 PM IST | Updated: Sep 27, 2026, 01:28 PM IST
Join

जब भी बात उत्तराखंड की आती है, तो मन में पहाड़ों की शांत और पवित्र वादियां घूमने लगती हैं. इसी पावन भूमि पर एक ऐसा पुराना मंदिर स्थित है, जहां जाते ही आपको आध्यात्मिक ऊर्जा का अहसास होगा.

इस मंदिर का नाम श्री योगध्यान बद्री मंदिर है, जो उत्तराखंड के पंच बद्री और सप्त बद्री तीर्थों में से एक है. चमोली जिले के पांडुकेश्वर में स्थित इस ऐतिहासिक मंदिर में भगवान विष्णु की काले पत्थर से बनी चार हाथों वाली मूर्ति ध्यान मुद्रा में विराजमान है.

ये पावन धाम मुख्य बद्रीनाथ मंदिर जितना ही प्राचीन और जरूरी माना जाता है. हाल ही में बद्रीनाथ धाम के समीप हुए एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद शुरू हुए विवाद के कारण, बद्री मंदिर का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व एक बार फिर चर्चा में आ गया है.

राजा पांडु और उर्वरऋषि की कठिन तपस्या

पौराणिक कथाओं के अनुसार, इस स्थान का सीधा संबंध पांडवों के पिता राजा पांडु की तपस्या से जुड़ा हुआ है. मान्यता है कि राजा पांडु ने अपने पापों का पश्चाताप करने के लिए यहां भगवान विष्णु की कठोर साधना की थी.

इसके अलावा राजा पुरंजय के पुत्र उर्वरऋषि ने भी उर्गम घाटी में भगवान विष्णु को खुश करने के लिए कठिन तपस्या की थी. उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर श्रीहरि विष्णु ने उन्हें दर्शन दिए थे.

यहां स्थापित भगवान की चतुर्भुजी प्रतिमा ध्यानमग्न स्वरूप में है. इसी कारण इस मंदिर को ध्यान बद्री या योगध्यान बद्री कहा जाता है. मंदिर के पास प्राचीन शिलालेख और ताम्रपत्र भी मिले हैं, जो कत्यूरी राजवंश के इतिहास को दर्शाते हैं.

क्यों खड़ा हुआ बद्रीनाथ धाम के पास सांस्कृतिक कार्यक्रम पर विवाद?

हाल ही में बद्रीनाथ धाम के समीप टूरिस्ट अराइवल प्लाजा में देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल-2026 का आयोजन किया गया था. ये कार्यक्रम सेना के ऑपरेशन सद्भावना, चमोली जिला प्रशासन और उत्तराखंड पर्यटन विभाग के सहयोग से हुआ था.

इसका मुख्य उद्देश्य स्थानीय हस्तशिल्प, सीमावर्ती गांवों की संस्कृति और उत्तराखंड के पारंपरिक खान-पान को बढ़ावा देना था. कार्यक्रम के दौरान तेज संगीत, डीजे और डांस के वीडियो सामने आने के बाद संतों और मंदिर के पुरोहितों ने कड़ा विरोध जताया.

धर्माचार्यों का कहना है कि बद्रीनाथ जैसे परम पवित्र और शांत तीर्थ क्षेत्र में तेज आवाज वाले मनोरंजन कार्यक्रमों से धाम की गरिमा प्रभावित होती है.

बद्रीनाथ विवाद के बीच अचानक क्यों याद आए ध्यान बद्री?

बद्रीनाथ धाम में उठे इस विवाद के बीच ध्यान बद्री की चर्चा अचानक तेज हो गई है. इसकी सबसे बड़ी वजह ये है कि ध्यान बद्री मंदिर खुद शांति, एकांत और साधना का जीवंत प्रतीक है.

यहां भगवान विष्णु का ध्यानमग्न स्वरूप भक्तों को सिखाता है कि भक्ति के लिए शोर-शराबे की नहीं, बल्कि मन की खामोशी और एकाग्रता की आवश्यकता होती है.

तीर्थ पुरोहितों का मानना है कि तीर्थस्थलों की पहचान वहां की आध्यात्मिक नीरवता से होती है. इसलिए बद्रीनाथ जैसे पवित्र धामों की मर्यादा बनाए रखने के लिए ऐसे प्राचीन और शांत तीर्थों के मूल्यों को समझना बहुत जरूरी है.

जानिए बद्रीनाथ धाम में शंख न बजाने के पीछे का पौराणिक रहस्य

बद्रीनाथ धाम से जुड़ी एक बेहद अनूठी परंपरा यह है कि यहां पूजा-अर्चना के दौरान शंख नहीं बजाया जाता है. भगवान विष्णु स्वयं अपने हाथों में शंख धारण करते हैं, फिर भी उनके इस परम धाम में शंखनाद पूरी तरह वर्जित है.

शास्त्रों में कथा के अनुसार, एक समय माता लक्ष्मी बद्रीनाथ धाम में तुलसी के रूप में कठिन साधना कर रही थीं. उसी दौरान भगवान विष्णु ने शंखचूर्ण नाम के असुर का वध किया था.

असुर का संहार करने के बाद विजय प्रतीक के रूप में शंख बजाने की परंपरा थी, लेकिन माता लक्ष्मी की ध्यान-साधना में कोई विघ्न न पड़े, इसलिए भगवान विष्णु ने शंखनाद नहीं किया. तभी से इस धाम में शंख न बजाने का नियम चला आ रहा है.

मानसिक शांति के लिए बेस्ट है पांडुकेश्वर

मुख्य बद्रीनाथ मार्ग पर स्थित पांडुकेश्वर का ध्यान बद्री मंदिर उन श्रद्धालुओं के लिए सबसे खास जगह है जो एकांत में प्रभु भक्ति करना चाहते हैं. मुख्य बद्रीनाथ धाम की तुलना में यहां भीड़भाड़ बहुत कम रहती है और चारों तरफ प्राकृतिक शांति फैली होती है.

मंदिर के पास ही प्रसिद्ध पंच केदार में शामिल कल्पेश्वर महादेव मंदिर भी स्थित है. तीर्थयात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु पांडुकेश्वर रुककर भगवान विष्णु के ध्यान स्वरूप के दर्शन करते हैं.

बद्रीनाथ क्षेत्र की प्राचीन परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत को सही मायने में समझने के लिए ध्यान बद्री जैसे दिव्य स्थलों का दर्शन करना अत्यंत फलदायी माना जाता है.

(Disclaimer): यह आलेख पौराणिक धर्मग्रंथों, स्थानीय मान्यताओं, उत्तराखंड पर्यटन विभाग की जानकारियों और मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है. इसका उद्देश्य पाठकों को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराना है.

ये भी पढ़ें: उम्मीद की नई किरण: 34 साल बाद खुला ऐतिहासिक शीतलनाथ मंदिर, कश्मीरी पंडितों की घर वापसी की जगी आस

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष धर्म और ज्योतिष से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया के धार्मिक आयोजनों, अध्यात्म और ज्योतिषीय गणनाओं से जुड़े जरूरी अपडेट्स दर्शकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ धर्म-कर्म और ऐस्ट्रो की दुनिया के खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES