पूरे दिन के उपवास के बाद शाम को खरना, इसके बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जल महाव्रत, जानें पूजा विधि और जरूरी नियम
Kharna Puja Kaise Kare: छठ महापर्व के चार दिन के अनुष्ठान में खरना के दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखकर शाम को सूर्यास्त के बाद पूजा करते हैं. इस पूजा में छठी मैया व सूर्यदेव को भोग अर्पित कर प्रसाद ग्रहण किया जाता है.
Kharna Puja Vidhi and Niyam: छठ पूजा का पर्व नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है और छठ पूजा के दूसरे दिन खरना का व्रत रखा जाएगा. कार्तिक छठ का खरना 14 नवंबर को है. इस दिन व्रती छठ महापर्व से ठीक एक दिन पहले पूरे दिन का व्रत रखेंगे और फिर शाम को गुड़ से बनी खीर और रोटी खाकर खरना करेंगे. खरना के दिन छठ मैया को पहले भोग लगाया जाता है और फिर सबसे पहले व्रती प्रसाद खाते हैं. इसके बाद पूरा परिवार प्रसाद ग्रहण करता है. आइए खरना से जुड़े नियम और इसकी पूरी विधि को जानें.
खरना का महत्व और विधान
कार्तिक छठ पूजा का खरना कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर 14 नवंबर, शनिवार को है. इसके बाद से ही 36 घंटों का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है. आत्मशोधन यानी पूर्ण शुद्धि के लिए छठ पूजा की शुरुआत नहाय-खाय से की जाती है और फिर खरना आता है. इस तरह पहले दिन सात्विक भोजन और दूसरे दिन नमक का त्याग किया जाता है. ऐसा करने से 36 घंटे के कठिन व्रत के लिए मानसिक तैयारी हो जाती है और मन शांत रहता है. इस तरह शारीरिक और मानसिक रूप से व्रती छठी मैया की श्रद्धा के लिए समर्पित हो जाता है. इस तरह खरना का महत्व बढ़ जाता है.
खरना पूजा की विधि
खरना के दिन सुबह उठे और स्नान कर साफ वस्त्र पहनें.
इसके बाद सूर्य देव और छठी मैया का ध्यान कर पूरे दिन के व्रत का संकल्प लें.
शाम को सूर्यास्त के बाद व्रती फिर से स्नान करें और साफ कपड़े पहनें.
खरना के दिन घर और रसोई को साफ कर मिट्टी के चूल्हे पर प्रसाद तैयार करें.
खरना के प्रसाद में अरवा चावल से गुड़ की खीर बनाएं और गेहूं के आटे से बनी रोटी रखें.
इसके बाद दीपक जलाएं और भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा शुरू करें.
खरना की पूजा के लिए केला और मौसमी फलों को भी भोग के रूप में रखें.
पूजा संपन्न होने के बाद व्रती सबसे पहले खरना करें यानी प्रसाद का सेवन करें.
अब परिवार के लोगों और रिश्तेदारों में प्रसाद बांट दें.
प्रसाद ग्रहण करने के बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा.
खरना के दिन किन नियमों का पालन करें?
छठ महापर्व में पवित्रता और अनुशासन का विशेष ध्यान रखें.
खरना के दिन व्रती को इन नियमों का पालन करना चाहिए:
खरना के दिन सुबह से शाम तक अन्न और जल का त्याग किया जाता है. ऐसे में भूल से भी भोजन या नमक ग्रहण न करें.
घर, रसोई और पूजा स्थल को साफ जरूर कर लें. प्रसाद बनाने वाले बर्तनों को भी साफ कर लें.
प्रसाद बनाते समय और ग्रहण करते समय मन और तन को शुद्ध रखें.
(डिस्क्लेमर - यह लेख सामान्य धार्मिक जानकारी और मान्यताओं पर आधारित है इसका उद्देश्य केवल जानकारी देना है किसी भी उपाय को अपनाने से पहले विद्वान या ज्योतिषी से सलाह अवश्य लें.)