SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language
LIVE NOW

Rajasthan Panchayat Election Live: चौथे चरण में 25 जिलों में वोटिंग, 1.05 करोड़ से ज्यादा मतदाता चुनेंगे अपने प्रतिनिधि

राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण में प्रदेश के 25 जिलों के 11,905 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा. इस चरण में 1 करोड़ 5 लाख 94 हजार 285 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. जिला परिषद के 382 वार्डों और 116 पंचायत समितियों के 2,142 वार्डों में प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा. इसके अलावा 3,747 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 33,885 वार्ड पंच पदों के लिए भी चुनाव होगा.

Written By Zee Rajasthan Web Team
Published: Nov 14, 2026, 05:47 IST | Updated: Nov 14, 2026, 07:12 IST
Image Credit: राजस्थान पंचायत चुनाव 2026
Join

राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव को लेकर चौथे चरण में प्रदेश के 25 जिलों में मतदान होगा. इस चरण के लिए कुल 11 हजार 905 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. यहां 1 करोड़ 5 लाख 94 हजार 285 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर गांवों की सरकार चुनेंगे. चुनाव को लेकर बड़ी संख्या में प्रत्याशी मैदान में हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं. चौथे चरण में कुल मतदाताओं में 54 लाख 88 हजार 275 पुरुष, 51 लाख 5 हजार 951 महिला और 59 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं. इस तरह प्रदेश के 25 जिलों में एक करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने प्रतिनिधियों के चयन में भागीदारी करेंगे. इस चरण में जिला परिषद के 382 वार्डों के लिए 1,322 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं, 116 पंचायत समितियों के 2,142 वार्डों में 7,521 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. चौथे चरण में 3,747 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों के लिए चुनाव होगा.  इसके साथ ही 33 हजार 885 वार्ड पंच पदों पर भी मतदान कराया जाएगा. इस चरण के चुनाव में ग्रामीण स्तर से लेकर जिला परिषद तक के प्रतिनिधियों का चयन होगा. 

 

14 Nov 2026 07:12 IST

धौलपुर पंचायत चुनाव

धौलपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण के तहत आज मतदान हो रहा है. राजाखेड़ा, सरमथुरा और बसेड़ी पंचायत समितियों में सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई. मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया. तीनों पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए वोट डाले जा रहे हैं. यहां कुल 2 लाख 91 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा. वहीं, चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. 

 
 
14 Nov 2026 07:02 IST

सीकर पंचायत चुनाव

सीकर जिले की पांच पंचायत समितियों में आज चौथे चरण के तहत मतदान होगा. इस बार चुनाव में दो नई पंचायत समितियों बलारां और रामगढ़ शेखावाटी में पहली बार मतदान कराया जाएगा. ऐसे में इन चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हुई हैं. पिछली बार लक्ष्मणगढ़, नेछवा और फतेहपुर पंचायत समितियों में कांग्रेस के प्रधान बने थे. अब कांग्रेस के सामने इन क्षेत्रों में अपना राजनीतिक दबदबा बनाए रखने की चुनौती है, वहीं भाजपा इन पंचायत समितियों में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश में जुटी है. दो नई पंचायत समितियों में भी दोनों दलों के लिए यह पहला चुनाव है. चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा के नेताओं ने पूरी ताकत लगा रखी है. अब मतदान के बाद सामने आने वाले नतीजों से जिले की पंचायत राजनीति की तस्वीर स्पष्ट होगी. 

14 Nov 2026 07:00 IST

सीकर पंचायत चुनाव

सीकर जिले में पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण के तहत आज पांच पंचायत समितियों में मतदान होगा. लक्ष्मणगढ़, नेछवा, बलारां, फतेहपुर और रामगढ़ शेखावाटी पंचायत समितियों में वोटिंग कराई जाएगी. इस दौरान जिला परिषद के 12 सदस्यों और पंचायत समिति के 75 सदस्यों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. जिले में चार लाख से अधिक मतदाता मतदान करेंगे। इसके अलावा 123 ग्राम पंचायतों में भी चुनाव प्रक्रिया होगी. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा. चुनाव को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. वहीं, 16 नवंबर को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा.

14 Nov 2026 05:50 IST

जयपुर पंचायत चुनाव-2026

जयपुर में पंचायतीराज चुनाव के चौथे और अंतिम चरण के तहत कल चार पंचायत समितियों आंधी, बस्सी, जमवारामगढ़ और तूंगा में मतदान होगा। इन चारों पंचायत समितियों में कुल 4 लाख 7 हजार 280 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. इनमें 2 लाख 12 हजार 640 पुरुष और 1 लाख 94 हजार 640 महिला मतदाता शामिल हैं. जयपुर में जिला परिषद के 13 वार्डों के लिए 32 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि पंचायत समिति के 82 वार्डों में 241 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. इस तरह जिले में कुल 95 सीटों पर 273 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा. पंचायत समिति वार प्रत्याशियों की बात करें तो आंधी में 50, बस्सी में 79, जमवारामगढ़ में 64 और तूंगा में 48 प्रत्याशी मैदान में हैं. जिला प्रशासन के अनुसार, मतदान के लिए कुल 446 बूथ बनाए गए हैं. इनमें से 175 मतदान केंद्रों को क्रिटिकल श्रेणी में चिह्नित किया गया है. इन संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा.

14 Nov 2026 05:49 IST

राजस्थान पंचायत चुनाव 2026

राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 के चौथे और अंतिम चरण का मतदान आज होगा. प्रदेश के 25 जिलों में 11 हजार 905 मतदान केंद्रों पर वोटिंग कराई जाएगी. इस चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए चुनावी मुकाबला होगा. कुल 1 करोड़ 5 लाख 94 हजार 285 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. चौथे चरण में 116 पंचायत समितियों के 2 हजार 142 वार्डों और जिला परिषद के 382 वार्डों में मतदान होगा. चौथे चरण के चुनाव में जिला परिषद सदस्य के लिए 1 हजार 322 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि पंचायत समिति सदस्य के पदों के लिए 7 हजार 521 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. इस तरह दोनों पदों के लिए कुल 8 हजार 843 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा. मतदाताओं की बात करें तो चौथे चरण में 54 लाख 88 हजार 275 पुरुष और 51 लाख 5 हजार 951 महिला मतदाता वोट डालेंगी. इसके अलावा 59 थर्ड जेंडर मतदाता भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

ZEENEWS TRENDING STORIES