App

झुंझुनूं में दूल्हे ने निभाई मतदान की जिम्मेदारी, बान की रस्म के बाद परिवार सहित पहुंचा पोलिंग बूथ

झुंझुनूं के अलसीसर ब्लॉक के नांद गांव में शादी की रस्मों के बीच दूल्हा अमित गिल परिवार सहित मतदान केंद्र पहुंचा. बान की रस्म के बाद सभी ने सरपंच और पंच चुनाव में वोट डाला. अमित ने कहा कि शादी जरूरी है, लेकिन मतदान भी हमारी जिम्मेदारी है.

झुंझुनूं में दूल्हे ने निभाई मतदान की जिम्मेदारी, बान की रस्म के बाद परिवार सहित पहुंचा पोलिंग बूथ
Image Credit: Jhunjhunu Panchayat Elections

झुंझुनूं. राजस्थान में पंचायत चुनाव के दौरान मतदान को लेकर जागरूकता की एक अनोखी तस्वीर सामने आई है. अलसीसर ब्लॉक के नांद गांव में एक दूल्हा अपनी शादी की रस्मों के बीच परिवार सहित मतदान केंद्र पहुंचा और सरपंच एवं पंच चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. शादी की तैयारियों के बीच मतदान करने पहुंचे इस परिवार की गांव में चर्चा हो रही है. दरअसल, पीएचईडी झुंझुनूं में एसई राजपाल सिंह गिल के बेटे अमित गिल की शादी है. सोमवार सुबह घर में बान की रस्म आयोजित की गई थी. इसके बाद शादी की दूसरी रस्मों और तैयारियों के बीच समय निकालकर अमित अपने परिवार के साथ नांद गांव के सरकारी स्कूल स्थित मतदान केंद्र पहुंचे. यहां दूल्हे सहित परिवार के सभी सदस्यों ने वोट डाला.

बान की रस्म के बाद परिवार सहित पहुंचे मतदान केंद्र
अमित गिल मतदान केंद्र पर दूल्हे के रूप में पहुंचे. उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे. इस दौरान उनकी बड़ी बहन दीपिका, जो रेलवे में डिप्टी चीफ इंजीनियर हैं, और छोटे भाई प्रवेश गिल भी मतदान करने पहुंचे. प्रवेश यूरोप में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं. इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्यों ने भी मतदान किया. इस तरह शादी के महत्वपूर्ण कार्यक्रम के बीच पूरे परिवार ने अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए समय निकाला.

'शादी जरूरी, लेकिन मतदान भी हमारी जिम्मेदारी'
दूल्हे अमित गिल ने कहा कि शादी जीवन का महत्वपूर्ण अवसर है, लेकिन लोकतंत्र में मतदान की भी अपनी अलग अहमियत है. उन्होंने बताया कि शादी की रस्मों के बीच वोट डालकर वे लोगों को यह संदेश देना चाहते हैं कि मतदान बेहद कीमती है. उनका कहना था कि हमें अपने सभी जरूरी कामों के साथ मतदान को भी प्राथमिकता देनी चाहिए. वोट डालना हर मतदाता की जिम्मेदारी है और इसके लिए समय जरूर निकालना चाहिए.

मुंबई में एसोसिएट जनरल मैनेजर हैं अमित गिल
अमित गिल खुद मुंबई में एसोसिएट जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं. मतदान के दौरान उनके साथ परिवार के सदस्य और डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. अवधेश गिल भी मौजूद रहे. शादी की खुशियों और रस्मों के बीच मतदान करने पहुंचा गिल परिवार गांव में चर्चा का विषय बना रहा. परिवार ने अपने इस कदम से यह संदेश दिया कि जीवन के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के बीच भी मतदान के लिए समय निकाला जा सकता है. शादी की तैयारियों के बीच मतदान केंद्र पहुंचकर परिवार ने लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाई.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandeep Kedia

Sandeep Kedia

संदीप केडिया झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे के निवासी और वरिष्ठ पत्रकार हैं. वे पिछले करीब 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा वर्ष 2015 से Zee Media से जुड़े हुए हैं. उन्होंने VMOU Kota से बीजेएमसी और एमजेएमसी की पढ़ाई की है. संदीप केडिया को झुंझुनूं जिले की पत्रकारिता के मजबूत और भरोसेमंद नामों में गिना जाता है. राजस्थान सरकार के अधिस्वीकृत पत्रकारों की सूची में 2013 से शामिल संदीप केडिया को प्रिंट और सोशल मीडिया का भी अच्छा खासा अनुभव है.
Read More