App

हरियाणा के गेस्ट टीचर्स को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, 6 हफ्ते में नियमितीकरण पर फैसला लेने के निर्देश

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने 2005 से 2007 के बीच नियुक्त गेस्ट टीचरों के नियमितीकरण की मांग पर सरकार को छह सप्ताह में व्यक्तिगत सुनवाई के बाद कारण सहित फैसला लेने का निर्देश दिया है.

हरियाणा के गेस्ट टीचर्स को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, 6 हफ्ते में नियमितीकरण पर फैसला लेने के निर्देश
Image Credit: AI IMAGE

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने हरियाणा के लंबे समय से कार्यरत गेस्ट टीचरों के नियमितीकरण की मांग पर सोमवार को अहम आदेश जारी किया है. जस्टिस हरप्रीत सिंह बराड़ की एकल पीठ ने उमेद सिंह और अन्य की याचिका का निपटारा करते हुए राज्य सरकार के सक्षम प्राधिकारी को मामले पर छह सप्ताह के भीतर फैसला लेने के निर्देश दिए हैं.

गेस्ट टीचरों के नियमितीकरण पर हाईकोर्ट का बड़ा आदेश 
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने कहा है कि याचिकाकर्ताओं की रिट याचिका को ही सरकार के समक्ष प्रतिवेदन माना जाए और संबंधित गेस्ट टीचरों को व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर दिया जाए. इसके बाद सरकार को सुप्रीम कोर्ट और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के संबंधित फैसलों को ध्यान में रखते हुए कारण सहित आदेश पारित करना होगा.

करीब 20 साल पहले नियुक्त हुए गेस्ट टीचर्स को पक्का करने की मांग 
याचिकाकर्ताओं का कहना है कि वे वर्ष 2005 से 2007 के बीच नियुक्त हुए थे और करीब दो दशकों से सरकारी स्कूलों में लगातार सेवाएं दे रहे हैं. उन्होंने लंबे समय से नियमितीकरण और परिणामी लाभ दिए जाने की मांग की है.

हाईकोर्ट ने अपने आदेश में मामले के गुण-दोष पर अंतिम टिप्पणी नहीं की है. कोर्ट ने सरकार को यह तय करने के लिए कहा है कि संबंधित शिक्षक नियमितीकरण और अन्य लाभों के लिए पात्र हैं या नहीं. अगर सुनवाई और नियमों की जांच के बाद शिक्षक पात्र पाए जाते हैं तो उन्हें नियमानुसार राहत देने के निर्देश दिए गए हैं.

हरियाणा में हजारों गेस्ट टीचर नियमितीकरण की मांग पर कई समय से प्रदर्शन
यह आदेश ऐसे समय आया है, जब हरियाणा में हजारों गेस्ट टीचर नियमितीकरण की मांग को लेकर सरकार पर दबाव बना रहे हैं. इससे पहले भी हाईकोर्ट ने गेस्ट टीचरों के नियमितीकरण से जुड़े मामलों में सरकार को संबंधित दावों पर विचार करने के निर्देश दिए थे. अगस्त 2026 में डिवीजन बेंच ने भी एक मामले में एकल पीठ के आदेश के बाद राज्य की अपील का निपटारा किया था.

(चंडीगढ़ से विजय राणा की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More