RTU धरना: कुलपति का 'सांप' वाला बयान क्या दे रहा है कोई बड़ा इशारा, बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट कैसे तय होगा मौत का सच?
Rajasthan News: कोटा स्थित RTU में अक्षित की मौत की असली वजह अभी-भी एक रहस्य बनी हुई है. अफवाहें हैं कि अक्षित की मौत सांप के काटने से हुई, लेकिन आधिकारिक तौर पर इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि, कुलगुरु के एक बयान ने इस आशंका को और गहरा कर दिया है. सवाल यह है कि 50 साल पुराने इस कैंपस में रहने वाले 2500 से अधिक छात्रों की जान आखिर कितनी सुरक्षित है?
Kota RTU Student Protest: कोटा स्थित राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी (RTU) में छात्र अक्षित शर्मा की मौत के बाद शुक्रवार को दूसरे दिन भी विद्यार्थियों का धरना जारी रहा. सुबह से शाम तक विश्वविद्यालय प्रशासन और अधिकारियों ने छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन विद्यार्थी मांगों पर लिखित आश्वासन मिलने तक प्रदर्शन खत्म करने को तैयार नहीं हुए. शाम को छात्रों ने कैंपस में कैंडल मार्च निकालकर अक्षित को श्रद्धांजलि दी. विद्यार्थी मेडिकल सुविधाएं बढ़ाने, हॉस्टल की हालत सुधारने और मौत की निष्पक्ष जांच सहित कई मांगें कर रहे हैं.
कुलगुरु और अधिकारियों ने की समझाइश
शुक्रवार सुबह कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी छात्रों के बीच पहुंचे और उनसे बातचीत की. दोपहर में एडीएम प्रशासन विनोद मल्होत्रा और एडिशनल एसपी सुभाष मिश्रा ने भी विद्यार्थियों से बात की. हालांकि, छात्र अपनी मांगों पर लिखित आश्वासन देने की बात पर अड़े रहे.
कुलगुरु प्रो. चौधरी ने कहा कि विश्वविद्यालय का कैंपस करीब 50 साल पुराना है. उनके अनुसार यहां पहले कई सांप भी निकले हैं. सरकारी प्रक्रियाओं और कर्मचारियों की कमी के कारण काम प्रभावित होता है, लेकिन व्यवस्थाओं में सुधार के प्रयास किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि अक्षित की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.
कैंपस में 24 घंटे मेडिकल सुविधा की मांग
प्रदर्शनकारी छात्र कैंपस में 24 घंटे मेडिकल सुविधा, दो डॉक्टर, एंबुलेंस और 24 घंटे रेस्क्यू टीम तैनात करने की मांग कर रहे हैं. इसके अलावा हॉस्टल और भवनों के नवीनीकरण, साफ-सफाई, सुरक्षित भोजन-पानी और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुधारने की मांग भी उठाई गई है.
विद्यार्थियों के मुताबिक, विश्वविद्यालय के आठ हॉस्टलों में 2,500 से ज्यादा छात्र रहते हैं, जबकि मेडिकल डिस्पेंसरी सीमित समय तक ही खुलती है. छात्रों ने कैंपस में सांप निकलने और कई जगह रोशनी की कमी को लेकर भी चिंता जताई.
हॉस्टल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी मौत
जयपुर के झोटवाड़ा निवासी 19 वर्षीय अक्षित शर्मा RTU में IT ब्रांच के फर्स्ट ईयर का छात्र था. वह भास्कर भवन के H-4 हॉस्टल में कमरा नंबर 61 में रहता था. साथी विद्यार्थियों के अनुसार, बुधवार रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सो गया था. गुरुवार सुबह जगाने पर वह नहीं उठा, जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन को सूचना दी गई.
छात्रों ने आरोप लगाया था कि अक्षित की हालत गंभीर होने के बावजूद एंबुलेंस की व्यवस्था में देरी हुई. वहीं, चीफ वार्डन डॉ. डीके यादव ने कहा था कि सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस बुलाने के लिए कहा गया था और देरी होने पर ऑटो की व्यवस्था की गई. डॉक्टरों के मुताबिक, अक्षित के शरीर पर चोट के निशान नहीं थे. मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा.
पहले दिन पुलिस से हुआ था टकराव
अक्षित की मौत से नाराज विद्यार्थियों ने गुरुवार को विश्वविद्यालय का मुख्य गेट बंद कर प्रदर्शन शुरू किया था. इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तनाव हुआ. विद्यार्थियों ने लाठीचार्ज में कुछ छात्रों के घायल होने का आरोप लगाया था. एडिशनल एसपी के मुताबिक, छात्रों की 13 मांगों पर बातचीत हुई थी और कुछ मांगों पर सहमति बनी थी. शुक्रवार को भी छात्र लिखित आश्वासन मिलने तक धरना जारी रखने की बात पर अड़े रहे. अब सभी की नजर विश्वविद्यालय प्रशासन के अगले कदम और अक्षित की मौत की जांच पर है.