App

RAS to IAS Promotion: RAS अफसरों के IAS बनने का रास्ता होगा साफ? आज 18 पदों पर होगा मंथन

RAS to IAS Promotion: जयपुर में आज RAS अधिकारियों को IAS में प्रमोशन देने के लिए UPSC चयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक होगी. 2017 के बाद पहली बार चयन समिति की बैठक जयपुर में आयोजित की जा रही है. बैठक शाम 4 बजे सचिवालय में होगी, जिसमें 18 IAS पदों के लिए पात्र RAS अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा.

RAS to IAS Promotion: RAS अफसरों के IAS बनने का रास्ता होगा साफ? आज 18 पदों पर होगा मंथन
Image Credit: UPSC Selection Committee

UPSC Selection Committee: जयपुर में आज राजस्थान प्रशासनिक सेवा यानी RAS अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा यानी IAS में प्रमोशन देने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है. इसके लिए UPSC चयन समिति की बैठक शाम 4 बजे सचिवालय में आयोजित होगी. लंबे समय बाद जयपुर में होने जा रही इस बैठक को RAS अधिकारियों के प्रमोशन की प्रक्रिया के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

18 IAS पदों के लिए नामों पर होगा विचार
चयन समिति की बैठक में 18 IAS पदों के लिए पात्र RAS अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा. इसके साथ ही अधिकारियों के सर्विस रिकॉर्ड और प्रमोशन से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा की जाएगी. पात्र अधिकारियों के सेवा रिकॉर्ड, एसीआर और प्रमोशन से संबंधित रिकॉर्ड के आधार पर समिति के स्तर पर विचार-विमर्श होगा.

2017 के बाद जयपुर में बैठक
बताया गया है कि 2017 के बाद चयन समिति की बैठक जयपुर में आयोजित हो रही है. बैठक के लिए UPSC चयन समिति के सदस्य और अन्य अधिकारी आज जयपुर पहुंचेंगे. UPSC चयन समिति की अध्यक्षता सदस्य सुमन शर्मा करेंगी. समिति के सदस्य दोपहर करीब 1:30 बजे जयपुर पहुंचेंगे, जिसके बाद शाम को सचिवालय में बैठक होगी.

केंद्र और राज्य के वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल
बैठक में केंद्र सरकार की ओर से संयुक्त सचिव निधि पांडे और संदीप नामदेव भी शामिल होंगे. राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास चयन समिति की बैठक में मौजूद रहेंगे. इसके अलावा कार्मिक विभाग की सचिव अर्चना सिंह सहित राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में शामिल होंगे.

पुराने मामलों पर भी हो सकता है मंथन
बैठक के दौरान केवल नए पात्र अधिकारियों के नामों पर ही चर्चा नहीं होगी, बल्कि पुराने लंबित मामलों पर भी विचार किए जाने की संभावना है. इनमें सीलबंद लिफाफे से जुड़े मामले भी शामिल बताए जा रहे हैं. ऐसे मामलों की स्थिति और प्रमोशन प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड की भी समीक्षा की जा सकती है.

RAS अधिकारियों की निगाहें बैठक पर
UPSC चयन समिति की बैठक के बाद 18 IAS पदों के लिए पात्र RAS अधिकारियों के प्रमोशन को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. ऐसे में राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की नजरें आज होने वाली बैठक पर टिकी हैं. बैठक में सर्विस रिकॉर्ड और लंबित मामलों की समीक्षा के बाद आगे की प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More