उदयपुर में ढोंगी बाबा का खौफनाक जाल:'तू तो मेरी बहन जैसी..'बोलकर लाखों के गहने लेकर फरार!
Udaipur News : लेकसिटी उदयपुर के पॉश इलाके हिरण मगरी सेक्टर-11 में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला के साथ सम्मोहन और ठगी का ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है,जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है. साधु के भेष में आए एक शातिर बदमाश ने महिला को अपनी बातों के जाल में उलझाया,रुद्राक्ष और पैसे देकर सम्मोहित किया और फिर लाखों रुपये के सोने-हीरे के गहने ठगकर कार से भाग गया. पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.
मंदिर के बाहर रेकी,फिर कार से घेरा
जानकारी के मुताबिक, हिरण मगरी निवासी सुशीला ओझा रोज़ाना की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक और मंदिर दर्शन के लिए निकली थीं. सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ है कि कार में सवार साधु भेषधारी बदमाश मंदिर के बाहर से ही महिला की रेकी कर रहा था. जैसे ही महिला मंदिर से पूजा-अर्चना कर बाहर सड़क पर आईं,बदमाश अपनी कार को उनके ठीक पास ले आया और बातचीत शुरू कर दी.
'तू तो मेरी बहन जैसी...' और सम्मोहन का खेल
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि साधु के रूप में बैठे व्यक्ति ने उन्हें झांसे में लेते हुए कहा,"तू तो मेरी बहन जैसी है" इसके बाद उसने महिला को एक रुद्राक्ष और 500 रुपये का नोट थमा दिया. महिला के मुताबिक, इसके बाद वो पूरी तरह सम्मोहित महसूस करने लगीं और आरोपी के कहे मुताबिक काम करती रही.
बदमाश ने पहले महिला से उनका मोबाइल मांगा,जिस पर फूंक मारकर वापस लौटा दिया. इसके बाद उसने गले की सोने की चेन मांगी,उस पर फूंक मारकर वापस दी और फिर अंगूठी मांगकर फूंक मारी. झांसे में लेकर महिला का विश्वास जीतने के बाद शातिर बाबा ने उनके गले की सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी और एक डायमंड रिंग अपने पास रख ली.
कार में बिठाने का भी प्रयास,फिर हुआ फरार
ठगी के दौरान आरोपी ने महिला को जबरन अपनी कार में बिठाने का कोशिश भी की, लेकिन महिला ने कार में बैठने से साफ़ इनकार कर दिया. इसके बाद शातिर बदमाश तुरंत कार की गति तेज की और गहनों के साथ मौके से फरार हो गया. होश में आने के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को घटना के बारे में बताया.
पुलिस और जनप्रतिनिधि पहुंचे मौके पर, CCTV खंगालने में जुटी टीम
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम और क्षेत्रीय पार्षद जतिन श्रीमाली सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आसपास की दुकानों और मकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं,ताकि कार का नंबर ट्रेस कर बदमाश के भागने के रूट का पता लगाया जा सके.
इस घटना के बाद से क्षेत्र के निवासियों और मॉर्निंग वॉकर्स में भारी डर का माहौल है. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनजान या संदिग्ध साधु-संतों से सतर्क रहें और किसी भी तरह के झांसे में न आएं.