कांग्रेस की चुनावी बैठक से पहले मातम: बिजली लाइन से टकराया टेंट का पाइप, तेज झटके से गई दो की जान
राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले की रेंदा पंचायत में कांग्रेस की चुनावी बैठक से पहले हादसा हो गया. तेज हवा में उड़ते टेंट को संभालते समय पाइप बिजली लाइन से छू गया. करंट लगने से मोहन और अर्जुन की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए.
राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले की रेंदा पंचायत में पंचायती राज चुनाव को लेकर कांग्रेस की बैठक से पहले बड़ा हादसा हो गया. तेज हवा के कारण बैठक स्थल पर लगा टेंट उड़ने लगा. उसे संभालने के लिए पहुंचे लोगों के हाथ में मौजूद पाइप ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के संपर्क में आ गया. इससे कई लोग करंट की चपेट में आ गए. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हुए हैं. सभी घायलों का प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है.
तेज हवा में उड़ने लगा टेंट, पाइप पकड़ते ही लगा करंट
रेंदा पंचायत में आयोजित बैठक में शामिल होने के लिए करीब 150 से 200 लोग पहुंचे थे. इसी दौरान तेज हवा चलने से बैठक स्थल पर लगाया गया टेंट उड़ने लगा. टेंट को संभालने के लिए वहां मौजूद लोगों ने उसके पाइप पकड़ लिए. इसी दौरान पाइप ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया. पाइप में करंट उतरने से मौके पर मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आ गए. अचानक हुए हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने घायलों को संभाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की.
दो लोगों की मौत, नौ घायलों का इलाज जारी
हादसे में मोहन पुत्र गौतम मीणा और अर्जुन पुत्र अमरा मीणा की मौत हो गई. वहीं, नौ अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. घायलों में विकास पुत्र किशन मीणा (23), छगन पुत्र खातू मीणा (55), गोवर्धन पुत्र गौतम यादव (35), लक्ष्मण पुत्र हीरालाल मीणा (32), सुरेश पुत्र नगला मीणा (35), प्रकाश पुत्र रामलाल मेघवाल (30), किशन पुत्र पुलिया मीणा (45), विजीया पुत्र मनजी मीणा (55), निवासी तालियां कुंड, और शंकर पुत्र चोकला मीणा (45) शामिल हैं.
ये भी पढ़ें- राजस्थान पंचायत चुनाव: पहले चरण में आज 16 जिलों में मतदान, 85 लाख से ज्यादा मतदाता डालेंगे वोट
विधायक के पहुंचने से पहले हुआ हादसा
रेंदा पंचायत में पंचायती राज चुनाव को लेकर कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई थी. जानकारी के अनुसार, इस बैठक में कांग्रेस विधायक नानालाल निनामा भी शामिल होने वाले थे. बताया जा रहा है कि विधायक के पहुंचने से ठीक पहले यह हादसा हुआ. बैठक में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे, लेकिन टेंट को संभालने के दौरान हुए इस हादसे ने कार्यक्रम से पहले ही माहौल बदल दिया.
गांव में शोक का माहौल
हादसे में दो लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद गांव में शोक का माहौल है. घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना के संबंध में घायल प्रकाश मीणा का बयान भी लिया गया है.