सोने की 'मुर्कियों' के लिए काट दिए बुजुर्ग के कान: टोंक में हत्या की खौफनाक वारदात
Tonk Crime News: टोंक के बनेठा थाना क्षेत्र में दूध देने जा रहे किसान राजूलाल गुर्जर की हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि अज्ञात बदमाशों ने लूट के इरादे से किसान पर हमला किया और उसके कानों की मुर्कियां व नकदी लूटकर फरार हो गए. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.
Rajasthan News: टोंक के बनेठा थाना क्षेत्र में दूध देने जा रहे एक किसान की हत्या का मामला सामने आया है. घटना रूपवास ग्राम पंचायत के धाभाई की ढाणी की बताई जा रही है. मृतक की पहचान राजूलाल गुर्जर के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, राजूलाल दूध देने के लिए जा रहे थे, इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया.
लूट के इरादे से हमला करने का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने लूट के इरादे से किसान को निशाना बनाया. आरोप है कि हमलावर राजूलाल के कानों की मुर्कियां और जेब में रखी नकदी लूटकर फरार हो गए. हमले में गंभीर रूप से घायल किसान की मौत हो गई. घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
कानों की मुर्कियां भी लूटीं
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि हत्या के बाद बदमाश किसान के कानों से मुर्कियां निकालकर ले गए. इसी वजह से घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों और लूट की रकम समेत अन्य तथ्यों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
अस्पताल की मोर्चरी के बाहर जुटी भीड़
घटना के बाद पुलिस ने मृतक के शव को टोंक के सआदत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. सूचना मिलने पर परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मोर्चरी के बाहर पहुंच गए. ग्रामीणों ने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही टोंक डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा सहित कोतवाली और पुरानी टोंक थाना पुलिस का जाप्ता मौके पर पहुंचा. पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है. हत्या के पीछे लूट ही वजह थी या कोई अन्य कारण, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद होगा.