App

कोटा की बॉक्सर अरुंधति ने तीन देशों की बॉक्सर्स को किया Knockout: फिनलैंड में गोल्ड जीतकर लहराया जीत का परचम

कोटा की बॉक्सर अरुंधति चौधरी ने फिनलैंड के तम्मेर कप में तीन देशों की खिलाड़ियों को हराकर गोल्ड मेडल जीता. उन्होंने क्वार्टर फाइनल में फिनलैंड, सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड और फाइनल में आयरलैंड की बॉक्सर को मात दी.

कोटा की बॉक्सर अरुंधति ने तीन देशों की बॉक्सर्स को किया Knockout: फिनलैंड में गोल्ड जीतकर लहराया जीत का परचम
Image Credit: Arundhati Chaudhary

Arundhati Chaudhary: अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग रिंग में कोटा की अरुंधति चौधरी ने अपने दमदार प्रदर्शन से देश का नाम रोशन किया है. फिनलैंड में आयोजित प्रतिष्ठित तम्मेर कप बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अरुंधति ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया. खास बात यह रही कि गोल्ड तक पहुंचने के लिए उन्हें तीन अलग-अलग देशों की खिलाड़ियों से मुकाबला करना पड़ा और उन्होंने तीनों को हराकर खिताब जीत लिया. 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में अरुंधति ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान शानदार खेल दिखाया.

क्वार्टर फाइनल से फाइनल तक तीन देशों की खिलाड़ियों को हराया
अरुंधति के बेसिक कोच अशोक गौतम ने बताया कि उन्होंने क्वार्टर फाइनल में मेजबान फिनलैंड की विलमा कूसीक्को को हराकर जीत का सिलसिला शुरू किया. इसके बाद सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड की बीलोओलुना को मात देकर फाइनल में जगह बनाई. फाइनल मुकाबले में अरुंधति का सामना आयरलैंड की एवलिन ईघरो से हुआ. इस मुकाबले में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक हासिल किया. इस तरह अरुंधति ने क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज की. तीन देशों की खिलाड़ियों को हराकर गोल्ड जीतना उनके इस प्रदर्शन को खास बनाता है.

 

 

ओलंपिक भार वर्ग के टॉप-8 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
कोच अशोक गौतम के अनुसार, तम्मेर कप में ओलंपिक भार वर्ग के शीर्ष आठ खिलाड़ियों ने अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व किया. प्रतियोगिता में भारत की ओर से 7 महिला और 7 पुरुष बॉक्सरों ने हिस्सा लिया था. ऐसे अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के बीच अरुंधति ने लगातार तीन जीत दर्ज कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. उन्होंने फाइनल में भी जीत का सिलसिला जारी रखा और भारत के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया.

कोटा में परिवार और खेल जगत में खुशी
अरुंधति की इस उपलब्धि के बाद कोटा में खुशी का माहौल है. उनकी सफलता पर कोटा बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष और उनके पिता सुरेश चौधरी, माता सुनीता चौधरी और खेल जगत से जुड़े लोगों ने बधाई दी. अरुंधति को महाबली स्पोर्ट्स एकेडमी की खिलाड़ी के रूप में पहचान मिली है. उनकी इस अंतरराष्ट्रीय सफलता से एकेडमी और कोटा के खेल जगत में खुशी है. सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. फिनलैंड में तीन मुकाबले जीतकर गोल्ड मेडल हासिल करने वाली अरुंधति ने एक बार फिर दिखाया कि बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी वह अपना दम दिखाने में पीछे नहीं हैं.

 

 

 

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More