App

स्वामित्व योजना में सुस्ती पर मोहन सरकार का कड़ा एक्शन: मंत्री, सांसद और विधायक गांव-गांव जाकर कराएंगे रजिस्ट्री

ग्रामीण क्षेत्रों में 50 लाख निजी संपत्तियों के पंजीकरण के लक्ष्य के मुकाबले अब तक केवल 12.87 लाख पंजीकरण ही पूरे हो पाए हैं. इसे देखते हुए 6 नवंबर (धनतेरस) से मंत्री, सांसद और विधायक खुद गांवों में जाकर रजिस्ट्रियां कराएंगे.

स्वामित्व योजना में सुस्ती पर मोहन सरकार का कड़ा एक्शन: मंत्री, सांसद और विधायक गांव-गांव जाकर कराएंगे रजिस्ट्री
Image Credit: Photo Ai- स्वामित्व योजना में सुस्ती पर मोहन सरकार का कड़ा एक्शन

राज्य सरकार ने स्वामित्व योजना को लागू करने में सरकारी तंत्र की ओर से दिखाई गई सुस्ती को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. राज्य के ग्रामीण इलाकों में 50 लाख निजी संपत्तियों के मुफ्त रजिस्ट्री का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन प्रशासनिक सुस्ती के कारण अब तक महज एक-चौथाई यानी 12.87 लाख रजिस्ट्रियां ही पूरी हो सकी हैं. योजना को गति देने और तय समय में लक्ष्य हासिल करने के लिए अब जनप्रतिनिधियों को सीधे मैदान में उतारा जा रहा है.

मंत्री, सांसद और विधायक गांव-गांव जाकर कराएंगे रजिस्ट्री

6 नवंबर (धनतेरस) से राज्य के मंत्री, सांसद और विधायक स्वयं गांव-गांव का दौरा करेंगे और अपनी मौजूदगी में ग्रामीणों की रजिस्ट्रियां पूरी करवाएंगे. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों के प्रभारी मंत्रियों और विधायकों के साथ बेहतर तालमेल बिठाएं, ताकि इस काम को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा सके.

15 नवंबर तक 20 लाख रजिस्ट्री का लक्ष्य

राज्य सरकार ने अगले दो हफ्तों के लिए एक विशेष अभियान की रूपरेखा तैयार की है, जिसमें 15 नवंबर तक कुल 20 लाख पंजीकरण पूरे करने का नया लक्ष्य रखा गया है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिया है कि वे प्रभारी मंत्रियों और स्थानीय विधायकों के साथ समन्वय करें ताकि यह काम पूरा हो सके. इसके अलावा, इस पहल को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने घोषणा की है कि जिन गांवों में 100% पंजीकरण पूरे हो जाएंगे, वहां जश्न और उत्सव मनाए जाएंगे.

 50 लाख संपत्तियों की फ्री रजिस्ट्री

राजस्व विभाग के अनुसार, 1 नवंबर तक प्रदेश में 12 लाख 87 हजार से ज्यादा रजिस्ट्रियां पूरी हो चुकी हैं. सरकार ने गांवों में करीब 50 लाख निजी संपत्तियों की फ्री में पक्की रजिस्ट्री करने का लक्ष्य रखा है. 2 जून 2026 को कैबिनेट ने इस योजना के लिए 3800 करोड़ रुपए की मंजूरी दी थी. योजना के तहत अब तक 68.11 लाख अधिकार अभिलेख तैयार किए गए हैं, जिनमें से 48.32 लाख निजी संपत्तियों के हैं.

स्वामित्व योजना क्या है?

स्वामित्व योजना केंद्र सरकार के पंचायती राज मंत्रालय की एक बड़ी योजना है, जिसे राज्य में राजस्व विभाग द्वारा लागू किया गया है. इस योजना का मकसद गांवों में लोगों के घरों और जमीन का ड्रोन से सर्वे करना है और उन्हें उनकी जमीन का कानूनी कागज यानी स्वामित्व कार्ड देना है.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ranjana Kahar

Ranjana Kahar

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More