SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में सबसे साफ शहर बना जयपुर: अब देश की रैंकिंग पर टिकी नजर!

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में जयपुर राजस्थान का सबसे स्वच्छ शहर बना है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जयपुर नगर निगम को सम्मानित किया. हालांकि, 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जयपुर देश के टॉप-3 में जगह नहीं बना सका. विशाखापट्टनम, जबलपुर और लखनऊ ने शीर्ष तीन स्थान हासिल किए. सभी शहरों की राष्ट्रीय रैंकिंग एक-दो दिन में जारी होगी.

Written By Abhishek Srivastava
Published: Nov 11, 2026, 08:21 PM IST | Updated: Nov 11, 2026, 08:38 PM IST
Image Credit: Swachh survekshan 2025-26
Join

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में जयपुर राजस्थान का सबसे स्वच्छ शहर बना है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जयपुर नगर निगम को सम्मानित किया. हालांकि, 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जयपुर देश के टॉप-3 में जगह नहीं बना सका. विशाखापट्टनम, जबलपुर और लखनऊ ने शीर्ष तीन स्थान हासिल किए. सभी शहरों की राष्ट्रीय रैंकिंग एक-दो दिन में जारी होगी.

स्वच्छता की कसौटी पर गुलाबीनगरी ने राजस्थान में बाजी मार ली है लेकिन देश के सबसे स्वच्छ शहरों की दौड़ में जयपुर एक बार फिर टॉप थ्री से बाहर रह गया. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में जयपुर को राजस्थान की सबसे स्वच्छ सिटी का खिताब मिला है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दिल्ली के विज्ञान भवन में जयपुर नगर निगम को सम्मानित किया लेकिन सवाल ये है कि प्रदेश में नंबर वन बनने वाला जयपुर देश के शीर्ष शहरों में जगह क्यों नहीं बना पा रहा. पिछले साल ग्रेटर निगम 16वें और हेरिटेज निगम 20वें स्थान पर था. इस बार दोनों निगमों के एकीकरण के बाद पहली बार जयपुर एक शहर के रूप में सर्वेक्षण में उतरा. अब सबकी नजर राष्ट्रीय ओवरऑल रैंकिंग पर है.

यह भी पढ़ेंः 231 AQI में सांस ले रहे श्रीगंगानगर के वासी! 261 बीकानेर तो अलवर में207 पंहुचा प्रदूषण, जहरीली हो रही है राजस्थान की आबोहवा

राजस्थान में जयपुर नंबर-1, राष्ट्रीय टॉप-3 से फिर चूका 
स्वच्छता की कसौटी पर गुलाबीनगरी ने राजस्थान में बाजी मार ली, लेकिन देश के सबसे साफ शहरों की दौड़ में एक बार फिर शीर्ष तीन में जगह नहीं बना सकी. बुधवार को घोषित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के परिणामों में जयपुर को राजस्थान की सबसे स्वच्छ सिटी का खिताब मिला. नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जयपुर नगर निगम को 'स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी अवॉर्ड' से सम्मानित किया. यह उपलब्धि राजधानी के लिए गौरव की बात है, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर जयपुर का प्रदर्शन अभी भी सवालों के घेरे में है.

दो निगमों के एकीकरण के बाद पहली बार एक शहर के रूप में लिया हिस्सा 
दरअसल, 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जयपुर राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष तीन में जगह नहीं बना पाया. इस श्रेणी में विशाखापट्टनम, जबलपुर और लखनऊ ने पहले तीन स्थान हासिल किए. हालांकि, जयपुर की ओवरऑल राष्ट्रीय रैंकिंग अभी सामने नहीं आई है. ऐसे में प्रदेश में नंबर वन बनने के बावजूद देश के अन्य बड़े शहरों के मुकाबले जयपुर की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है. इस बार का स्वच्छ सर्वेक्षण जयपुर के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण है.

पिछले वर्ष तक शहर में ग्रेटर और हेरिटेज नगर निगम अलग-अलग स्वच्छता सर्वेक्षण में हिस्सा लेते थे. पिछले सर्वेक्षण में ग्रेटर निगम 16वें और हेरिटेज निगम 20वें स्थान पर रहा था. अब दोनों निगमों के एकीकरण के बाद पहली बार जयपुर ने एक शहर के रूप में सर्वेक्षण में भाग लिया है. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या एकीकृत नगर निगम बनने से शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार हुआ है या फिर केवल प्रशासनिक ढांचा बदला है? इसका जवाब राष्ट्रीय स्तर की विस्तृत रैंकिंग सामने आने के बाद ही मिल सकेगा. फिलहाल प्रदेश में पहला स्थान मिलने से निगम प्रशासन उत्साहित है.

यह भी पढ़ेंः पेट की बीमारी से परेशान राजस्थान: एक साल में खा गए 29 करोड़ से ज्यादा गोलियां!

2022 से 2024 तक रैंकिंग में उतार-चढ़ाव, अब तक टॉप-10 से दूर
जयपुर के पिछले स्वच्छता सर्वेक्षणों का रिकॉर्ड उतार-चढ़ाव भरा रहा है. वर्ष 2022 में हेरिटेज निगम 26वें और ग्रेटर निगम 33वें स्थान पर था. वर्ष 2023 में दोनों निगमों की रैंकिंग में बड़ी गिरावट आई. हेरिटेज 171वें और ग्रेटर 173वें स्थान पर पहुंच गया. इसके बाद वर्ष 2024 के सर्वेक्षण में प्रदर्शन सुधरा और ग्रेटर 16वें तथा हेरिटेज 20वें स्थान पर पहुंच गया. इन आंकड़ों से साफ है कि जयपुर ने गिरावट के बाद वापसी जरूर की, लेकिन देश के शीर्ष दस स्वच्छ शहरों में जगह बनाने की चुनौती अब भी बनी हुई है. नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जयपुर नगर निगम को पुरस्कार प्रदान किया.

इस दौरान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे. जयपुर की ओर से नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा, महापौर सुनील कोठारी, सचिव रवि जैन और नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने सम्मान ग्रहण किया. नगर निगम प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय सफाई मित्रों, अधिकारियों, कर्मचारियों और शहरवासियों को दिया. निगम के अनुसार नियमित सफाई, ठोस कचरा प्रबंधन और नागरिक सहभागिता बढ़ाने की दिशा में किए गए प्रयासों से जयपुर को यह सम्मान मिला है.

पुरस्कार के बाद भी निगम के सामने रोजाना स्वच्छता बनाए रखने की चुनौती
बहरहाल,प्रदेश में पहला स्थान हासिल करने के बाद अब नगर निगम के सामने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करने की चुनौती है. शहर में नियमित कचरा उठाव, कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण, सार्वजनिक स्थानों की सफाई और सफाई व्यवस्था की निगरानी को और प्रभावी बनाना होगा. विशेष रूप से सफाई अभियानों के बाद दोबारा कचरे के ढेर लगना और स्थायी सफाई व्यवस्था बनाए रखना निगम के लिए बड़ी चुनौती है. ऐसे में सवाल केवल पुरस्कार जीतने का नहीं, बल्कि शहरवासियों को हर दिन साफ-सुथरा जयपुर उपलब्ध कराने का है.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अभिषेक श्रीवास्तव, शुरुआत से ही शहरी विकास, आवासन, नगर नियोजन, सार्वजनिक परिवहन, स्थानीय निकाय और इन्फ्रास्ट्रक्चर जैसे विषयों की गहराई से रिपोर्टिंग करते रहे हैं. उन्होंने अपनी खबरों के जरिए कई गड़बड़ियों और अनियमितताओं को उजागर किया, जिन पर सरकार को तुरंत संज्ञान लेना पड़ा. इसके अलावा, उन्होंने कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की भी व्यापक कवरेज की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES