SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

7 साल बाद कांग्रेस में लौटीं सुशीला सीगड़ा: रीटा चौधरी बोलीं- ये मेरी खोई हुई बहन है

झुंझुनू में तीन बार प्रधान रह चुकीं सुशीला सीगड़ा की करीब 7 साल बाद कांग्रेस में वापसी हुई है. पूर्व मंत्री रामनारायण चौधरी की 14वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा के बाद मंडावा विधायक रीटा चौधरी ने उन्हें अपनी खोई हुई बहन बताते हुए भावुकता जाहिर की. दोनों नेता लंबे समय तक राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी रही हैं.

Written By Aman Singh
Published: Oct 18, 2026, 04:28 PM IST | Updated: Oct 18, 2026, 04:40 PM IST
Image Credit: Zee Media
Join

राजस्थान के झुंझुनू में तीन बार प्रधान रह चुकीं सुशीला सीगड़ा की करीब 7 साल बाद कांग्रेस में वापसी से पार्टी में उत्साह का माहौल है, लेकिन इस वापसी पर सबसे ज्यादा खुशी मंडावा विधायक और कांग्रेस जिलाध्यक्ष रीटा चौधरी के चेहरे पर नजर आई. कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामनारायण चौधरी की 14वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा के बाद दोनों नेताओं के बीच जो तस्वीर सामने आई. उसने राजनीतिक चर्चाओं को नया विषय दे दिया.

सुशीला सीगड़ा को रीटा चौधरी ने अपने परिवार से मिलवाया

श्रद्धांजलि सभा के बाद रीटा चौधरी ने सुशीला सीगड़ा को अपने परिवार के सदस्यों से मिलवाया. इस दौरान हंसी-खुशी के माहौल में रीटा ने सुशीला सीगड़ा को अपनी बड़ी बहन बताते हुए कहा कि ये मेरी खोई हुई बहन है. यह कहते हुए रीटा भावुक भी हो गईं. उन्होंने कहा कि उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है और सुशीला सीगड़ा ने उन्हें संभाल लिया है. आपको बता दें कि रीटा चौधरी और सुशीला सीगड़ा लंबे समय तक राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी रही हैं.

यह भी पढ़ें- राजस्थान पंचायत चुनाव में परिवारवाद पर घिरी कांग्रेस-बीजेपी: नेताओं के रिश्तेदारों को टिकट, कार्यकर्ताओं की हिस्सेदारी पर उठे सवाल

रीटा चौधरी के साथ कई सालों तक राजनीतिक मतभेदों के चलते ही 7 साल पहले सुशीला सीगड़ा ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था और उनके सामने विधानसभा चुनाव भी लड़ा था. ऐसे में सात साल बाद सुशीला सीगड़ा की कांग्रेस में वापसी और रीटा चौधरी का यह अपनापन राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. हालांकि, रीटा चौधरी ने इस पुराने राजनीतिक घटनाक्रम को किसी मनमुटाव के रूप में पेश करने के बजाय रिश्तों की सहजता पर जोर दिया.

भाजपा में कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप

उन्होंने कहा कि आज पुराने साथियों से मुलाकात हुई है. इनमें कुछ ऐसे लोग भी हैं, जो बीच में साथ छोड़कर चले गए थे. इस मौके पर रीटा चौधरी यह कहने में भी नहीं हिचकिचाई कि इस साथ छोड़ने में उनकी खुद की भी कोई गलती रही होगी या फिर और कारण भी हो सकता है, लेकिन उनके बीच कभी मनभेद नहीं था. इस मौके पर रीटा चौधरी ने पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार पर भी निशाना साधा. उन्होंने राशन कार्ड का उदाहरण देते हुए परिवारवाद और कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाया.

रीटा चौधरी ने कहा कि सुशीला सीगड़ा ने राशन कार्ड से जुड़ी बात कही थी और यह बात सही है कि शादी के बाद बेटियां दूसरे परिवार में चली जाती हैं. इसके बाद उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार का राशन कार्ड ऐसा है, जिसमें उनके दामाद के नाम भी जुड़ते जा रहे हैं. रीटा ने आरोप लगाया कि भाजपा में कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है. उन्होंने कहा कि यह उनकी पार्टी का आंतरिक मामला है, लेकिन कांग्रेस सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने और उन्हें आगे बढ़ाने में विश्वास करती है.

यह भी पढ़ें- मदन राठौड़ के पाकिस्तान बयान पर सियासी बवाल: इन शहरों में राजस्थान कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला फूंककर की इस्तीफे की मांग

भाजपा धर्म और जाति के आधार पर भेदभाव की भावना भड़काती है- रीटा चौधरी

जिला परिषद के वार्ड नंबर 1 से मुस्लिम प्रत्याशी उतारे जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर रीटा चौधरी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए इसे उसकी मजबूरी बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म और जाति के आधार पर लोगों के बीच भेदभाव की भावना भड़काने की कोशिश करती है, लेकिन चुनावी परिस्थितियों में अलग रुख अपनाती है। रीटा ने कहा कि एक ओर धर्म और जाति के नाम पर लोगों को बांटने की कोशिश की जाती है. वहीं चुनाव आने पर उन्हीं लोगों को गले लगाने का प्रयास होता है.

उन्होंने भाजपा की विचारधारा और उसके चुनावी व्यवहार के बीच अंतर होने का आरोप लगाया. इस दौरान रीटा चौधरी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान संबंधी कथित बयान का भी जिक्र किया और भाजपा पर राजनीतिक फायदे के लिए अलग-अलग मुद्दों पर अलग रुख अपनाने का आरोप लगाया. ये आरोप रीटा चौधरी ने राजनीतिक बयानबाजी के दौरान लगाए हैं.

Reporter- Sandeep Kedia

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES