)
श्रीगंगानगर में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर 3 नवंबर को हुए रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में राजस्थान एटीएस और श्रीगंगानगर पुलिस ने पंजाब से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले में पाकिस्तानी एजेंटों की भूमिका सामने आई है. जांच में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तानी एजेंटों ने पंजाब की एक महिला के जरिए श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर विस्फोट कराया था. आरोपियों को ब्लास्ट के लिए 30 हजार रुपये दिए गए थे. राजस्थान एटीएस और श्रीगंगानगर पुलिस ने गुरदासपुर पुलिस की मदद से संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महकदीप कौर (21), निवासी तोलसापुर, जिला गुरदासपुर और दविंदर सिंह (23), निवासी चौड़ा कलां, गुरदासपुर के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो हथियार, 46 कारतूस और ब्लास्ट के लिए पाकिस्तानी एजेंट से मिले 30 हजार रुपये बरामद किए हैं. मामले में पाकिस्तान कनेक्शन सामने आने के बाद जांच एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हैं.
3 नवंबर को रेलवे ट्रैक पर हुआ था धमाका
श्रीगंगानगर में 3 नवंबर को अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर 50 जीबी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट हुआ था. धमाके से रेलवे ट्रैक के आसपास करीब 2 से 3 फीट गहरा गड्ढा हो गया था. धमाके के कारण दो रेलवे स्लीपर क्षतिग्रस्त हुए थे, जबकि आसपास के कई स्लीपरों में भी दरारें आ गई थीं. धमाके से कुछ समय पहले ट्रेन भी वहां से गुजर चुकी थी. धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने रेलवे को सूचना दी थी.
घटना के बाद राजस्थान एटीएस और श्रीगंगानगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. शुरुआती जांच में रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने की साजिश सामने आई. इसके बाद जांच एजेंसियों ने तकनीकी साक्ष्यों, सोशल मीडिया संपर्कों और अन्य इनपुट के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश शुरू की.
ब्लास्ट के लिए दो बार राजस्थान आए, लेकिन साजिश रही विफल
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट करने के लिए पहले भी राजस्थान आए थे, लेकिन दोनों बार उनकी साजिश सफल नहीं हो सकी. आरोपी पहली बार 6 अक्टूबर को राजस्थान आए थे. इस दौरान उन्होंने कई जगह रेकी की, लेकिन ब्लास्ट नहीं कर सके. इसके बाद 12 और 13 अक्टूबर को आरोपी वापस राजस्थान आए. इस बार उन्होंने रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाने की कोशिश की और ब्लास्ट के लिए बम प्लांट भी किया, लेकिन विस्फोट नहीं हो सका. इसके बाद आरोपी वापस लौट गए.
आखिरकार 3 नवंबर को आरोपी फिर श्रीगंगानगर पहुंचे और रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने में सफल रहे. जांच एजेंसियां अब आरोपियों की पिछली यात्राओं, रेकी और विस्फोटक की व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी एजेंटों से जुड़ी महिला
जांच में सामने आया कि महकदीप कौर सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान के एजेंटों के संपर्क में आई थी. महिला की शाह नाम के एजेंट से जुड़ने की जानकारी सामने आई है. इसी संपर्क के जरिए महिला को रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट करने का काम दिया गया था.
महिला ने अपने सहयोगी दविंदर सिंह के साथ मिलकर श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट करने की साजिश को अंजाम दिया. इसके लिए पाकिस्तानी एजेंटों की ओर से 30 हजार रुपये दिए गए थे. जांच एजेंसियों को आरोपियों के मोबाइल फोन से पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क और पैसे के लेन-देन से जुड़े इनपुट मिले हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पाकिस्तानी एजेंटों ने आरोपियों को किस तरह संपर्क किया, विस्फोटक की व्यवस्था कैसे हुई और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं.
केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट पर पंजाब पहुंची राजस्थान पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान पुलिस के एडीजी एमएन दिनेश खुद पंजाब पहुंचे. उन्होंने पंजाब पुलिस के साथ समन्वय कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान को गति दी. केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर राजस्थान पुलिस की टीमों ने पंजाब में कार्रवाई की. श्रीगंगानगर से एआईएसएफएस नितिन चौधरी, एटीएस से एएसपी मनीष शर्मा और सुरेंद्र सिंह की टीम इस कार्रवाई में शामिल रही. राजस्थान एटीएस और श्रीगंगानगर पुलिस ने गुरदासपुर पुलिस की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया.
मोबाइल और नेटवर्क की जांच में सामने आए संपर्क
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में पाकिस्तानी एजेंटों से संपर्क और पैसे के लेन-देन से जुड़े इनपुट मिले हैं. आरोपियों को राजस्थान भेजने के बाद एक पॉइंट पर आईडी का पैकेट भी दिया गया था. इसके बाद आरोपियों ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक प्लांट किया. पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट, संपर्कों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि पाकिस्तानी एजेंटों ने आरोपियों को किस तरह निर्देश दिए और रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने के पीछे क्या उद्देश्य था.
पाकिस्तान कनेक्शन की जांच में जुटी एजेंसियां
रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में पाकिस्तान कनेक्शन सामने आने के बाद जांच एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के जरिए पाकिस्तानी एजेंटों के नेटवर्क, विस्फोटक की व्यवस्था और रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की साजिश के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
राजस्थान एटीएस, श्रीगंगानगर पुलिस और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद अब जांच का फोकस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने पर है. एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस साजिश में आरोपियों के अलावा अन्य लोगों की क्या भूमिका रही और पाकिस्तान से जुड़े संपर्कों के जरिए इस तरह की गतिविधियों को किस तरह अंजाम दिया जा रहा था.
रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट के मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी को जांच में अहम सफलता माना जा रहा है. हालांकि, पूरे षड्यंत्र और पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क का खुलासा आरोपियों से विस्तृत पूछताछ और आगे की जांच के बाद ही हो सकेगा.