App

'लंच ब्रेक से पहले ही कर दिया फायर': पहली ही शिफ्ट में 2 घंटे बाद नौकरी से निकाला गया शख्स; वजह सुनकर चकराया लोगों का सिर

नौकरी की शुरुआत में हर किसी को काम समझने और माहौल में ढलने में थोड़ा वक्त लगता है. लेकिन सोचिए, कोई व्यक्ति पहली बार रेस्टोरेंट में काम करने पहुंचे और सिर्फ दो घंटे बाद ही उसे नौकरी से निकाल दिया जाए. एक लड़के ने रेडिट पर अपना ऐसा ही अनुभव शेयर किया है. उसका कहना है कि इंटरव्यू में मालिक ने उसे नौकरी के लिए सही बताया था, लेकिन पहली शिफ्ट के दौरान ही काम सीखने में देरी की बात कहकर बाहर कर दिया.

'लंच ब्रेक से पहले ही कर दिया फायर': पहली ही शिफ्ट में 2 घंटे बाद नौकरी से निकाला गया शख्स; वजह सुनकर चकराया लोगों का सिर
Image Credit: प्रतिकात्मक AI इमेज | नौकरी के पहले ही दिन रेस्टोरेंट मालिक ने शख्स को दिखाया बाहर का रास्ता!

नई नौकरी मिलने पर किसी के लिए भी पहला दिन खास होता है. मन में थोड़ी घबराहट रहती है, तो नई चीजें सीखने का उत्साह भी होता है. खासकर रेस्टोरेंट जैसी जगह पर काम शुरू करने वाले कर्मचारी को मेन्यू, ग्राहकों से बात करने और ऑर्डर संभालने जैसी कई चीजें समझनी पड़ती हैं.

लेकिन एक लड़के के साथ पहली नौकरी का अनुभव कुछ ऐसा रहा, जिसे वह शायद लंबे समय तक याद रखेगा. उसने बताया कि वह एक रेस्टोरेंट में सर्वर की नौकरी के लिए इंटरव्यू देने गया था. वहां रेस्टोरेंट के मालिक ने उसे पसंद किया और कहा कि वह इस काम के लिए अच्छा उम्मीदवार लग रहा है. लड़के को लगा कि अब वह नई नौकरी शुरू करके धीरे-धीरे काम सीख लेगा. लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि पहली शिफ्ट ही उसके लिए आखिरी साबित हो जाएगी.

दो घंटे काम कराया और फिर जाने को कह दिया

लड़के ने रेडिट के r/recruitinghell नाम के सबरेडिट पर अपनी कहानी शेयर की. पोस्ट का टाइटल था, 'Fired after 2 hours'. इसका मतलब काम शुरू करने के सिर्फ दो घंटे बाद नौकरी से निकाल दिया गया. उसने लिखा कि इंटरव्यू के दौरान मालिक ने उसे नौकरी के लिए सही बताया था. लेकिन पहली शिफ्ट के सिर्फ दो घंटे बाद ही उसे वहां से जाने के लिए कह दिया गया. लड़के के अनुसार, मालिक को लगा कि वह काम जल्दी नहीं सीख पा रहा है. इसी वजह से उसने उसे नौकरी पर रखने से इनकार कर दिया. इस घटना से नाराज लड़के ने अपनी पोस्ट में मालिक के व्यवहार पर भी सवाल उठाए.

रेडिट पर लोगों ने अपने अनुभव भी बताए

लड़के की पोस्ट सामने आने के बाद कई रेडिट यूजर्स ने हैरानी जताई. कुछ लोगों ने कहा कि किसी नए कर्मचारी को काम समझने के लिए सिर्फ दो घंटे देना ठीक नहीं है. वहीं, कई लोगों ने अपने साथ हुए ऐसे ही अनुभव भी शेयर किए. एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि फिर कुछ महीनों बाद यही रेस्टोरेंट मालिक कहेंगे कि कोई काम करने के लिए तैयार नहीं है. उसका इशारा उन बिजनेसमैन की तरफ था, जो कर्मचारियों से शुरुआत से ही पूरी रफ्तार से काम करने की उम्मीद करते हैं. एक दूसरे यूजर ने बताया कि उसके साथ भी एक महंगे रेस्टोरेंट में ट्रायल शिफ्ट के दौरान कुछ ऐसा ही हुआ था.

 

 

पहले काम करने से रोका, फिर धीमा बताकर भेज दिया घर

यूजर ने बताया कि उसे एक हाई-एंड रेस्टोरेंट में ट्रायल शिफ्ट के लिए बुलाया गया था. वहां उसे पहले ही कह दिया गया कि मेन्यू की जानकारी नहीं होने के कारण वह ग्राहकों के ऑर्डर न ले और दूसरी टेबल पर भी न जाए, क्योंकि वहां पहले से दूसरा सर्वर काम कर रहा था. उसके अनुसार, वह दिए जा रहे निर्देशों का पालन करता रहा. लेकिन करीब 45 मिनट बाद उसे घर जाने के लिए कह दिया गया. वजह यह बताई गई कि वह पांच मिनट तक खाली खड़ा रहा था. इस अनुभव को शेयर करते हुए यूजर ने कहा कि अच्छा हुआ उसे शुरुआत में ही पता चल गया कि वहां काम करने का माहौल कैसा है. वरना बाद में ज्यादा समय खराब होता.

लोगों ने पूछा- दो घंटे में कैसे परख लिया?

रेस्टोरेंट मालिक के फैसले पर कई लोगों ने सीधे सवाल उठाए. एक यूजर ने हैरानी जताते हुए पूछा कि आखिर कोई व्यक्ति सिर्फ दो घंटे में कैसे तय कर सकता है कि नया कर्मचारी काम सीखने में धीमा है? एक अन्य यूजर ने कहा कि अगर कर्मचारी को काम समझने में परेशानी हो रही थी, तो मालिक उसे दोबारा समझा सकता था. उसे अलग से बुलाकर पूछ सकता था कि वह किस चीज में दिक्कत महसूस कर रहा है या उसे किसी तरह की मदद चाहिए. कुछ लोगों का मानना था कि नए कर्मचारी से पहले दिन ही अनुभवी स्टाफ जैसी रफ्तार की उम्मीद करना सही नहीं है. खासकर तब, जब उसे काम का तरीका और रेस्टोरेंट का माहौल अभी ठीक से समझना बाकी हो.

कुछ लोगों ने मालिक के फैसले को भी सही बताया

हालांकि, सोशल मीडिया पर सभी लोग लड़के के समर्थन में नहीं दिखे. कुछ यूजर्स ने रेस्टोरेंट मालिक के फैसले को बिजनेसमैन के नजरिए से देखा. एक यूजर ने लिखा कि अगर कर्मचारी और रेस्टोरेंट के काम करने का तरीका एक-दूसरे से मेल नहीं खाता, तो शुरुआत में ही अलग हो जाना दोनों के लिए बेहतर है. इससे न तो कर्मचारी का ज्यादा समय खराब होगा और न ही मालिक को लंबे समय तक ऐसी परेशानी झेलनी पड़ेगी. इस तरह कुछ लोगों ने माना कि हर नौकरी हर व्यक्ति के लिए सही नहीं होती. अगर किसी जगह काम की रफ्तार बहुत तेज है, तो वहां कर्मचारी का उस माहौल में फिट होना भी जरूरी है.

नई नौकरी में कितना वक्त मिलना चाहिए?

इस घटना ने सोशल मीडिया पर एक दिलचस्प सवाल खड़ा कर दिया है. क्या किसी नए कर्मचारी को काम सीखने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिलना चाहिए? रेस्टोरेंट में काम के दौरान तेजी जरूरी हो सकती है, लेकिन नए व्यक्ति को मेन्यू, ऑर्डर और ग्राहकों से बातचीत का तरीका समझने में समय लगना भी आम बात है. फिलहाल लड़के की पोस्ट पर लोगों की अलग-अलग राय सामने आ रही है. कुछ उसके साथ हुए व्यवहार को गलत मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे नौकरी और काम के बीच तालमेल का मामला बता रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More