)
अगर आपको रात के समय आसमान में चांद और सितारे देखना पसंद है, तो आने वाले दिन आपके लिए बेहद खास होने वाले हैं. क्रिसमस से पहले आसमान में एक नहीं, बल्कि दो-दो खूबसूरत सुपरमून दिखाई देने वाले हैं.
इसकी शुरुआत 24 नवंबर को बीवर मून के साथ होगी. इसके ठीक एक महीने बाद, यानी 23 दिसंबर को कोल्ड मून आसमान में दिखेगा. अमेरिका के साथ-साथ दुनिया के कई हिस्सों में लोग इस सुंदर नजारे को देख सकेंगे.
24 नवंबर 2026 मंगलवार को इस साल का पहला बड़ा सुपरमून दिखाई देगा, जिसे बीवर मून कहते हैं. लेकिन अमेरिका के समय के हिसाब से ये चांद सुबह 9:53 बजे सबसे ज्यादा चमकीला होगा.
उस समय अमेरिका में सुबह हो जाता है, इसलिए वहां के लोग उस सटीक समय पर चांद को नहीं देख पाएंगे क्योंकि सूरज की रोशनी में चांद छिप जाता है.
इसका मतलब यह है कि अगर आप अमेरिका में हैं, तो आप ठीक उस समय यानी 9:53 बजे चांद को नहीं देख पाएंगे, बल्कि उससे पहले सुबह होने से ठीक पहले इसे आसानी से देख सकते हैं.
इसके अलावा 23 और 24 नवंबर की शाम को भी ये चांद लगभग पूरा दिखाई देगा.
नवंबर के बाद दिसंबर में भी आसमान देखने वालों को एक और बड़ा तोहफा मिलेगा. बुधवार, 23 दिसंबर को अमेरिकी समय के अनुसार रात 8:28 बजे साल का आखिरी सुपरमून दिखेगा.
इसे कोल्ड मून कहा जाता है. ये साल के सबसे छोटे दिन यानी विंटर सोलस्टिस के ठीक दो दिन बाद आ रहा है. खास बात ये है कि ये पूरे साल में पृथ्वी के सबसे करीब आने वाला पूरा चांद होगा.
छुट्टियों के माहौल में 23 और 24 दिसंबर की रात को आप अपने परिवार के साथ अपने घर के छत से इस खूबसूरत नजारे का मजा ले सकते हैं.
अक्सर लोगों के मन में सवाल आता है कि पूर्णिमा के चांद और सुपरमून में क्या अंतर होता है. दरअसल चांद हमारी पृथ्वी के चारों ओर गोल नहीं, बल्कि अंडाकार रास्ते पर चक्कर लगाता है.
इस दौरान जब पूरा चांद अपनी कक्षा में पृथ्वी के सबसे पास आ जाता है, तो उसे सुपरमून कहते हैं. वैज्ञानिक भाषा में इस स्थिति को पेरीजी कहा जाता है.
धरती के बहुत पास आने की वजह से ये बाकी दिनों के मुकाबले ज्यादा बड़ा और चमकदार दिखता है. नासा के मुताबिक, ये साल के सबसे छोटे पूर्ण चंद्रमा से करीब 14 प्रतिशत बड़ा और 30 प्रतिशत ज्यादा चमकीला नजर आ सकता है.
इस खास चांद को देखने के लिए आपको किसी महंगे टेलीस्कोप या दूरबीन की बिल्कुल जरूरत नहीं है. आप इसे अपनी आंखों से भी साफ-साफ देख सकते हैं.
बस कोशिश करें कि आप शहर की तेज लाइटों से थोड़ा दूर किसी खुली जगह पर जाएं, जहां से आसमान साफ दिखता हो. चांद के निकलने के समय इसे देखना सबसे मजेदार होता है.
उस समय आंखों के एक खास भ्रम यानी मून इल्यूजन की वजह से ये चांद अपने असली आकार से भी कहीं ज्यादा बड़ा और शानदार दिखाई देता है.
वैसे ये नजारा बहुत ही खूबसूरत होने वाला है, लेकिन हर शहर और राज्य में चांद के निकलने और डूबने का समय थोड़ा अलग होता है.
इसलिए घर से बाहर निकलने या छत पर जाने से पहले अपने इलाके का सही समय जरूर चेक कर लें.
अगर मौसम साफ रहा, तो ये नजारा किसी जादुई नजारे से कम नहीं होगा. फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए भी चांद की खूबसूरत तस्वीरें लेने का ये सबसे बढ़ियां समय है.