App

क्या सचमुच अपनी जगह से घूम रही है स्पेन और पुर्तगाल की जमीन? वैज्ञानिकों के इस खुलासे ने सबको चौंकाया

वैज्ञानिकों की नई रिसर्च में खुलासा हुआ है कि अफ्रीकी और यूरेशियन प्लेटों की आपसी टक्कर के कारण स्पेन और पुर्तगाल की जमीन बहुत ही धीमी रफ्तार से एक तरफ घूम रही है.

क्या सचमुच अपनी जगह से घूम रही है स्पेन और पुर्तगाल की जमीन? वैज्ञानिकों के इस खुलासे ने सबको चौंकाया
Image Credit: घूम रही है स्पेन और पुर्तगाल की जमीन

हमारे पैरों के नीचे की जमीन बहुत शांत लगती है, लेकिन इसके भीतर हमेशा कुछ न कुछ हलचल चलती रहती है. वैज्ञानिक लंबे समय से इस बात की जांच कर रहे थे कि धरती की प्लेटें किस तरह आपस में टकराती हैं.

अब एक नई रिसर्च में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. यूनिवर्सिटी ऑफ द बास्क कंट्री की एक शोध टीम का कहना है कि स्पेन और पुर्तगाल जिस जमीन पर बसे हैं, वो बहुत ही धीमी रफ्तार से एक तरफ घूम रही है. आइए डिटेल से जानते हैं कि इसके पीछे की असली वजह क्या है.

दो विशाल प्लेटों की आपसी टक्कर

ये पूरा खेल जमीन के बहुत नीचे चल रही हलचल की वजह से हो रहा है. अफ्रीकी और यूरेशियन नाम की दो बड़ी प्लेटें लगातार एक-दूसरे के करीब आ रही हैं.

इन दोनों के बीच हर साल चार से छह मिलीमीटर की दूरी कम हो रही है. अटलांटिक महासागर की तरफ तो ये टकराहट साफ दिखाई देती है, लेकिन स्पेन के दक्षिणी हिस्से में ये दायरा सैकड़ों मील लंबी चट्टानों में फैल चुका है, जिससे जमीन के अंदर भारी दबाव बना हुआ है.

जिब्राल्टर के आसपास का हाल

इस पूरी गुत्थी को सुलझाने के लिए वैज्ञानिकों ने इसे दो अलग-अलग हिस्सों में बांटकर देखा है. जिब्राल्टर के पूरब की तरफ एक ऐसा जमीनी हिस्सा है जो ज्यादातर झटकों और दबाव को अपने ऊपर झेल लेता है.

इसी वजह से स्पेन का अंदरूनी इलाका बड़े खतरों से सुरक्षित बचा रहता है. जानकारों के मुताबिक, यही वो जगह है जहां से स्पेन और मोरक्को के बीच की पहाड़ी श्रृंखलाएं जुड़ी हुई हैं.

पश्चिम हिस्से में सीधा प्रहार

जिब्राल्टर के पश्चिम की तरफ सुरक्षा का कोई ऐसा कवच नहीं है. यहां अफ्रीका और इबेरिया की प्लेटें बिना किसी रुकावट के सीधे आपस में टकरा रही हैं.

वैज्ञानिकों की रिसर्च बताती है कि यह टक्कर दक्षिण-पश्चिम दिशा से हो रही है. इसी एक तरफा और लगातार पड़ने वाले दबाव की वजह से धीरे-धीरे पूरा भूभाग समय के साथ घड़ी की सुइयों की दिशा में थोड़ा-थोड़ा घूम रहा है.

बेहद धीमी है घूमने की रफ्तार

अब आपके मन में सवाल होगा कि क्या इसका घूमना हमें क्यों महसूस नहीं होता है. तो ये प्रक्रिया इतनी धीमी है कि आम इंसान इसे कभी महसूस नहीं कर सकता.

वैज्ञानिकों ने जब इसकी स्पीज मापी, तो पता चला कि ये बदलाव लाखों सालों में बहुत ही मामूली सा होता है.

ये हलचल दक्षिण-पश्चिम हिस्से में ज्यादा है और पुर्तगाल के समुद्री तट की तरफ जाते-जाते काफी कम हो जाती है.

जमीन के नीचे छिपी दरारों का सच

वैज्ञानिकों ने सैटेलाइट और भूकंप से जुड़े पुराने रिकॉर्ड्स की मदद से जमीन के भीतर छिपी फॉल्ट लाइनों यानी दरारों का पता लगाया है.

कई बार ऊपर मिट्टी होने की वजह से जमीन के अंदर की ये हलचल आसानी से पकड़ में नहीं आती है.

लेकिन सतह के झुकाव और अंदर के तनाव का रिसर्च करके अब ये समझना आसान हो गया है कि भविष्य में किस जगह पर जमीन में ज्यादा दबाव बन सकता है.

आगे की रिसर्च पर काम जारी

सैटेलाइट से मिलने वाला डेटा केवल कुछ दशकों का ही है, इसलिए वैज्ञानिकों के सामने ये पूरी पहेली सुलझाना आसान नहीं था.

धरती की ये प्रक्रिया लाखों सालों से चल रही है, इसलिए इसके पुराने इतिहास को समझना जरूरी है. 

इस मॉडल को पूरी तरह सही साबित करने के लिए वैज्ञानिक अब पूरे इलाके में दरारों और फॉल्ट लाइनों का एक पक्का डेटाबेस तैयार करने में जुटे हैं, जिससे आने वाले समय में सही जानकारी मिल सके.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Harsh Singh

Harsh Singh

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष ऑटोमोबाइल और टेक्नोलॉजी से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया में लॉन्च होने वाली नई गाड़ियों, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, लेटेस्ट गैजेट्स और टेक जगत के बड़े बदलावों से जुड़े जरूरी अपडेट्स पाठकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ ऑटो और टेक की दुनिया की खबरों को बेहद सरल और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More