App

डूंगरपुर में बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट: लट्ठ से सिर पर किए कई वार, जमीन पर तड़पता छोड़ मौके से फरार

Rajasthan Crime: डूंगरपुर में पत्नी के छोड़कर जाने से नाराज एक बेटे ने अपनी 55 वर्षीय मां की लट्ठ से सिर पर हमला कर हत्या कर दी. आरोपी बेटा घटना के बाद मौके से फरार हो गया. मृतक के पिता ने बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है.

डूंगरपुर में बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट: लट्ठ से सिर पर किए कई वार, जमीन पर तड़पता छोड़ मौके से फरार
Image Credit: AI Generated Image

Rajasthan Crime: राजस्थान के डूंगरपुर जिले में दोवड़ा थाना क्षेत्र के भोजातो का ओडा गांव में एक बेटे ने अपनी ही मां को मौत के घाट उतार दिया. आरोपी बेटे ने अपनी मां के सिर पर लट्ठ से हमला कर हत्या कर दी. हमले में लहूलुहान मां जमीन पर गिरकर तड़पती रही. वहीं वारदात के बाद आरोपी बेटा फरार हो गया.

बेटे पवन ने मां सुखी को उतारा मौत के घाट

जानकारी के मुताबिक, आरोपी बेटा अपनी पत्नी के चले जाने के कारण आए दिन माता-पिता से झगड़ा करता रहता था और इसी को लेकर आवेश में आकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. दोवड़ा थाना एसआई नारायणलाल मईड़ा ने बताया कि हत्या की ये वारदात भोजातो का ओडा पंचायत के विकासोर गांव में हुई.

आरोपी के पिता वालेंग ननोमा ने पुलिस से बताया कि उसके 2 बेटे और 3 बेटियां हैं. बेटियों की शादी पहले ही हो चुकी है. उसके बड़े बेटे पवन ने 6 साल पहले कैलाशी नाम की एक लड़की से प्रेम विवाह किया था. एक साल बाद दोनों को एक बेटा हुआ. इसके बाद कैलाशी इसके बेटे को छोड़कर चली गई.

पत्नी के जाने को लेकर माता-पिता से झगड़ता था पवन

कैलाशी के चले जाने के बाद से आरोपी बेटा इसी बात को लेकर अपनी मां और पिता से झगड़ा करता रहता था. मां सुखी ननोमा (55) घर में चाय बना रही थी, तभी बेटा पवन वहां पहुंचा और अपनी पत्नी के छोड़कर चले जाने को लेकर मां से झगड़ा करने लगा. इसके बाद बेटे ने चाय के बर्तन उठाकर फेंक दिया और फिर भागने लगा.

मां के डांटने पर बेटे ने लट्ठ से किया हमला

चाय का बर्तन फेंकने पर मां सुखी उसे डांटते हुए उसके पीछे भागी, तो गुस्से में आकर आरोपी बेटे ने घर में रखा लट्ठ लेकर मां के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. जिससे सुखी लहूलुहान होकर वहीं ढेर हो गईं. हमले में लहूलुहान मां जमीन पर गिरकर तड़पती रही और बेटा मौके से फरार हो गया.

पिता ने बेटे पर दर्ज कराया हत्या का केस

वारदात के बाद आरोपी बेटा पवन मौके से भाग निकला. वहीं लट्ठ से हमले में सुखी की भी मौत हो गई. सूचना पर दोवड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली. इसके बाद शव को डूंगरपुर अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया. जहां पिता ने अपने ही बेटे पर हत्या का केस दर्ज करवाया. फिलहाल पुलिस घटना को लेकर जांच कर रही है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Aman Singh

Aman Singh

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More