)
Kotputli-Behror: बानसूर के SMS स्कूल के डायरेक्टर के खिलाफ नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और बैड टच करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. छात्रा के परिजनों की शिकायत पर बानसूर थाने में POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. थाना अधिकारी राजेश मीणा पूरे मामले की जांच कर रहे हैं.
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में छात्रा के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी SMS स्कूल में पढ़ाई करती है. 27 सितंबर, रविवार को स्कूल प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों के लिए पिकनिक ट्रिप आयोजित की गई थी. शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान स्कूल डायरेक्टर ने शराब के नशे में छात्रा के साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ और बैड टच किया. छात्रा के साथ गाली-गलौच करने का आरोप भी लगाया गया है.
पीड़ित छात्रा के पिता के मुताबिक, छात्रा ने घटना के बारे में स्कूल के अन्य शिक्षकों को जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि शिक्षकों ने उसकी बात को अनसुना कर दिया और स्कूल डायरेक्टर का साथ दिया. शिकायत में वाटरपार्क के मालिक पर भी डायरेक्टर का साथ देने और नशीला पेय उपलब्ध करवाने का आरोप लगाया गया है. परिजनों का कहना है कि घटना के बाद छात्रा काफी डर गई और सहम गई. घर पहुंचने के बाद वह रोने लगी और उसने अपनी बड़ी बहन को पूरी घटना के बारे में जानकारी दी. इसके बाद परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और बानसूर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर स्कूल डायरेक्टर के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस अब मामले से जुड़े तथ्यों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. घटना के संबंध में छात्रा के बयान और अन्य संबंधित पहलुओं की भी जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार, बालिका का मेडिकल कराया जाना है. मामले में पुलिस जांच के बाद ही आरोपों से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी. फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है.