सवाई माधोपुर निकाय चुनाव: BJP का दबदबा, 6 में 4 बोर्ड पर किया कब्जा
सवाई माधोपुर के 6 नगर निकायों में चेयरमैन और सभापति पद के चुनाव में भाजपा ने 4 निकायों पर बोर्ड बनाया, जबकि कांग्रेस को 2 निकायों में जीत मिली. गंगापुर सिटी में कांग्रेस ने 15 साल बाद भाजपा से बोर्ड छीन लिया, जबकि बौंली में भाजपा ने कांग्रेस को एक वोट से हराया.
Sawai Madhopur Nikay Chunav Result 2026: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में नगर निकायों के चेयरमैन पद के चुनावों में भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों के ही दिग्गज अपने-अपने क्षेत्र में अपनी अपनी साख नहीं बचा पाए. भाजपा जिला अध्यक्ष एंव पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर जहां अपने गृह नगर गंगापुर सिटी नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने में असफल रहे.
बौंली में इंदिरा मीणा कांग्रेस का बोर्ड बनाने में नाकाम
वहीं, बामनवास विधायक एंव कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंदिरा मीणा अपने गृह नगर बौंली नगर पालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनाने में असफल रही. हालांकि इंदिरा मीणा अपने विधानसभा क्षेत्र बामनवास में बामनवास नगर पालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनाने में सफल हो गई. गंगापुर सिटी नगर परिषद में 60 वार्ड है, जिनमें से 27 सीटों पर कांग्रेस , 17 सीटों पर भाजपा और 16 सीटों पर निर्दलीयों ने जीत दर्ज की थी.
15 साल बाद गंगापुर सिटी में कांग्रेस का बोर्ड
ऐसे में कांग्रेस ने निर्दलीयो के सहयोग से गंगापुर सिटी में अपना बोर्ड बना लिया और कृष्ण कुमार गोयल को कांग्रेस का नया सभापति बना दिया गया. गंगापुरसिटी नगर परिषद में बीजेपी का पिछले 15 सालों से कब्जा था. ऐसे में कांग्रेस विधायक रामकेश मीणा ने निर्दलीयों के सहयोग से नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनाकर भाजपा को पटखनी दे दी.
कृष्ण कुमार गोयल ने 14 वोट से जीता चुनाव
गंगापुर सिटी नगर परिषद सभापति के चुनावों में कांग्रेस के कृष्ण कुमार गोयल को 37 मत मिले. वहीं, भाजपा के विजय गुप्ता को महज 23 ही मत मिले. ऐसे में गंगापुरसिटी में कांग्रेस के कृष्ण कुमार गोयल सभापति पद का चुनाव जीत गए.
बौंली में भाजपा ने निर्दलीय के समर्थन से बनाया बोर्ड
दूसरी ओर कांग्रेस की जिलाध्यक्ष एवं बामनवास की विधायक इंदिरा मीणा अपने ही गृह नगर बौंली में मात खा गई. बौंली नगर पालिका की 25 सीटो में से कांग्रेस 11 और भाजपा ने 12 सीटो पर जीती दर्ज की थी, जबकि दो सीटो पर निर्दलीयो ने जीत दर्ज की थी. इनमें से एक निर्दलीय कांग्रेस के साथ और दूसरा निर्दलीय भाजपा के साथ हो गया.
रतन पोसवाल ने एक वोट से दर्ज की जीत
ऐसे में बौंली नगर पालिका में भाजपा ने एक निर्दलीय के सहियोग से कांग्रेस को मात देकर अपना बोर्ड बना लिया. बौंली में भाजपा प्रत्याशी रतन पोसवाल 13 और कांग्रेस प्रत्याशी उम्मेद शाह को 12 मत मिले. ऐसे में बौंली नगर पालिका में भाजपा के रतन लाल पोषवाल ने एक मत से जीत दर्ज कर नगर पालिका अध्यक्ष बन गए.
सवाई माधोपुर में भाजपा का बोर्ड, मेवा चौधरी सभापति
इसके अलावा सवाई माधोपुर नगर परिषद में भाजपा के पास पूर्ण बहुमत था. भाजपा ने नगर परिषद के 60 वार्डो में से 33 सीटों पर जीत दर्ज की थी. वहीं, कांग्रेस ने 18 और 9 सीटो पर निर्दलीयों ने जीत दर्ज की थी. ऐसे में सवाई माधोपुर नगर परिषद में सभापति के चुनाव में भाजपा ने निर्दलीयों के सहियोग से 43 मत हासिल कर अपना बोर्ड बना लिया. यहां भाजपा की मेवा चौधरी नगर परिषद सभापति चुनी गई, जबकि कांग्रेस के शेलेंद्र चौधरी को महज 15 मत ही मिल सके. वहीं, कांग्रेस के दो पार्षदों ने मतदान ही नहीं किया.
वजीरपुर में भाजपा ने एक वोट से कांग्रेस को हराया
इसी तरह वजीरपुर नगर पालिका में भी भाजपा ने अपना कब्जा जमाते हुए जगनी देवी को नगर पालिका अध्यक्ष चुन लिया. वजीरपुर में 25 वार्डो में से 9 सीटो पर भाजपा और 10 सीटों पर कांग्रेस और 6 सीटो पर निर्दलीयों ने जीत दर्ज की थी. ऐसे में वजीरपुर में भाजपा ने निर्दलीयों के सहयोग से नगर पालिका में अपना बोर्ड बना लिया. यहां भाजपा की जगनी देवी को 13 मत मिले. वहीं, कांग्रेस की प्रत्याशी दुलारी देवी को 12 मत मिले . ऐसे में वजीरपुर नगर पालिका में भाजपा ने एक मत से कांग्रेस को मात देकर पालिका बोर्ड पर कब्जा कर लिया.
बामनवास में कांग्रेस का बोर्ड, रेखा मीणा अध्यक्ष
इसी तरह बामनवास नगर पालिका में कांग्रेस ने कब्जा किया है. बामनवास नगर पालिका की 20 सीटों में से कांग्रेस ने ओर भाजपा ने 7 और 4 सीटों पर निर्दलीयों ने जीत दर्ज की थी. ऐसे में यहां कांग्रेस ने निर्दलीयों के सहयोग से अपना बोर्ड बना लिया. यहां कांग्रेस की रेखा मीणा 12 और भाजपा की संतरा मीणा को सिर्फ 8 ही मत मिले. ऐसे में बामनवास नगर पालिका में कांग्रेस की रेखा मीणा अध्यक्ष पद का चुनाव जीत गई.
खंडार में भाजपा के राजेश कुमार खटीक बने अध्यक्ष
खंडार नगर पालिका में भी भाजपा का कब्जा हो गया. खंडार की 25 सीटों में से भाजपा ने 12 , कांग्रेस ने 10 और 3 सीटों पर निर्दलीयों ने चुनाव जीता था. ऐसे में खंडार में अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनावों में भाजपा के राजेश कुमार खटीक को 13 मत मिले. वहीं, कांग्रेस के हंसराज बैरवा को केवल 11 मत ही हासिल हो सकें. वही एक पार्षद ने अपना मतदान नहीं किया. ऐसे में खंडार में भाजपा के राजेश कुमार खटीक अध्यक्ष पद पर चुनाव जीत गए और खंडार नगर पालिका में भाजपा ने अपना बोर्ड बना लिया.
6 में से 4 निकायों में भाजपा का बोर्ड
कुल मिलाकर जिले के नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने बाजी मारते हुए 6 में 4 नगर निकाय में अपना कब्जा जमा लिया. वहीं, कांग्रेस केवल दो ही नगर निकाय में जीत सकी.
जीत के बाद भाजपा-कांग्रेस ने मनाया जश्न
सभापति एंव अध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा में जबरदस्त जश्न का माहौल है और जीते हुए प्रत्याशियों के ढोल नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जुलूस निकाले गए. वहीं, गंगापुरसिटी और बामनवास में कांग्रेस द्वारा भी जश्न मनाया गया.
Report- Abhinav Agrawal