App

रितु बराला केस में जयपुर में घमासान: जीरो FIR पर अड़ी कांग्रेस, मदन राठौड़ बोले- सुर्खियों का नाटक

जयपुर में रितु बराला मामले में जीरो FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं का धरना जारी है. गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली ने पुलिस पर सवाल उठाए, वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रदर्शन को सुर्खियां बटोरने का नाटक बताया.

रितु बराला केस में जयपुर में घमासान: जीरो FIR पर अड़ी कांग्रेस, मदन राठौड़ बोले- सुर्खियों का नाटक
Image Credit: Ritu Barala

जयपुर में रितु बराला मामले में FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर कमिश्नरेट में कांग्रेस नेताओं का धरना जारी है. जीरो FIR दर्ज करने की मांग को लेकर कांग्रेस नेता पुलिस पर सवाल उठा रहे हैं. वहीं, कांग्रेस के प्रदर्शन पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पलटवार किया है. राठौड़ ने कांग्रेस नेताओं पर सुर्खियां बटोरने के लिए नाटक करने का आरोप लगाया है.

कल शाम से धरने पर बैठे कांग्रेस नेता
दिल्ली में इलेक्शन कमीशन के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान NSUI की छात्र नेता रितु बराला के साथ हुई कथित मारपीट के मामले में FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेता जयपुर कमिश्नरेट में कल शाम से धरना दे रहे हैं. PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने पुलिस से सवाल करते हुए कहा कि पुलिस दिखाए कि दिल्ली में कौन-सी FIR दर्ज है. अगर पुलिस FIR दिखा देगी तो कांग्रेस नेता यहां से चले जाएंगे.

जीरो FIR दर्ज करना हमारा कानूनी अधिकार: डोटासरा
डोटासरा ने कहा कि दिल्ली में पुलिस ने इन बच्चों के खिलाफ FIR दर्ज कर रखी है. जीरो FIR दर्ज करना हमारा कानूनी अधिकार है, ऐसे में जीरो FIR दर्ज करने में दिक्कत क्या है. उन्होंने केरल में जीरो FIR दर्ज होने का भी हवाला दिया. डोटासरा ने पुलिस पर गलत बयानबाजी करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि किसी ने उनसे बातचीत नहीं की है. कांग्रेस नेता आखिरी दम तक लड़ाई लड़ेंगे.

टीकाराम जूली ने भी पुलिस पर उठाए सवाल
वहीं, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी पुलिस पर गुमराह करने का आरोप लगाया. जूली ने कहा कि दिल्ली में रितु बराला ने परिवाद दिया और जयपुर में भी परिवाद दिया, लेकिन FIR दर्ज नहीं की जा रही है.

जूली ने कहा कि देश देख रहा है, यह तानाशाही ज्यादा दिन नहीं चलेगी. पुलिस को निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि रितु बराला के साथ मारपीट हुई है, तो FIR दर्ज क्यों नहीं हो रही है. नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर संवैधानिक एजेंसियों और पुलिस का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि FIR दर्ज नहीं होने तक कांग्रेस नेताओं का धरना जारी रहेगा.

मदन राठौड़ का कांग्रेस पर पलटवार
इधर, कांग्रेस के प्रदर्शन पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पलटवार किया है. राठौड़ ने कहा कि उन्हें राहुल गांधी और कांग्रेस के नेताओं की बुद्धि पर आश्चर्य है. उन्होंने कहा कि जहां घटना घटित हुई है, FIR वहीं दर्ज होती है. अगर किसी कारण से वहां के अधिकारी FIR दर्ज नहीं कर रहे हैं, तो FIR दर्ज कराने के बहुत विकल्प हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता कानून नहीं जानते हैं.

मदन राठौड़ ने सवाल उठाया कि कांग्रेस राजस्थान में क्यों अव्यवस्था पैदा करना चाहती है. उन्होंने आरोप लगाया कि बिना विवेक का उपयोग किए, ऊपर के निर्देश पर कांग्रेस नेता नाटक कर रहे हैं. सुर्खियां बटोरने के लिए यह प्रदर्शन किया जा रहा है. राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस नेता त्योहार खराब कर रहे हैं, जो ठीक बात नहीं है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vishnu Sharma

Vishnu Sharma

विष्णु शर्मा जी मीडिया राजस्थान में कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ITV Network के चैनलों—India News, India News Rajasthan और NewsX—के साथ की, जहां पॉलिटिक्स बीट पर काम किया। इस दौरान उन्होंने राजस्थान की राजनीति को करीब से कवर किया और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव हासिल किया। विष्णु शर्मा विधानसभा और लोकसभा चुनाव कवर कर चुके हैं। चुनावों के दौरान उन्होंने राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में जाकर जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।फिलहाल विष्णु शर्मा Zee News के साथ काम कर रहे हैं और राजस्थान की राजनीति से जुड़ी खबरों को कवर कर रहे हैं।
Read More