)
Jaisalmer News: धार्मिक स्थल रामदेवरा में आपसी सामंजस्य, प्रेम, स्नेह और भाईचारे की भावना को बनाए रखने के उद्देश्य से करीब पांच दशक पहले शुरू किया गया स्नेह मिलन कार्यक्रम अब भव्य रूप लेता जा रहा है. भादवा मेले के दौरान आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुका है. इस बार भला फाउंडेशन धर्मशाला में 45वां अखिल भारतीय भांग स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया.
देशभर से पहुंचे 2000 से अधिक भांग प्रेमी
कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई सहित राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर और अन्य स्थानों से 2000 से अधिक भांग प्रेमी रामदेवरा पहुंचे. सभी लोग एक साथ बैठकर इस स्नेह मिलन में शामिल हुए और आपसी पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने का संदेश दिया.
200 लीटर भांग का तैयार किया गया घोल
कार्यक्रम में सभी भांग प्रेमियों ने सामूहिक रूप से करीब 200 लीटर भांग का घोल तैयार किया. इसमें भांग के साथ बादाम, पिस्ता, काजू, किशमिश, मिश्री, दूध सहित अन्य सामग्री मिलाई गई. इसे तैयार करने में कार्यक्रम में शामिल लोगों ने अपने स्तर पर सहयोग किया.
घोल तैयार होने के बाद भगवान भोले बाबा को इसका भोग लगाया गया. इसके बाद इसे प्रसादी के रूप में कार्यक्रम में मौजूद भांग प्रेमियों ने ग्रहण किया. आयोजन के दौरान सभी का उत्साह और जोश देखते ही बन रहा था.
पहले होती थी भांग पीने की प्रतियोगिता
कार्यक्रम में पूर्व में भांग पीने की प्रतियोगिता भी आयोजित होती थी. बताया जाता है कि इस प्रतियोगिता में एक भांग प्रेमी सर्वाधिक 10 से 12 लीटर तक भांग पी जाता था. हालांकि समय के साथ आए बदलाव के कारण अब भांग स्नेह मिलन कार्यक्रम में यह प्रतियोगिता बंद कर दी गई है.
अब कार्यक्रम में शामिल लोग अपनी स्वेच्छा से जितनी भांग पी सकते हैं, उतनी ही ग्रहण करते हैं. इस बार देशभर से आए भांग प्रेमियों ने करीब 200 लीटर भांग महज 20 मिनट में ही ग्रहण कर ली.
ऊंच-नीच और भेदभाव भुलाकर एक जाजम पर बैठे
कार्यक्रम के संचालक हीरालाल हर्ष ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य लोगों के बीच आपसी प्रेम, स्नेह और भाईचारा बनाए रखना है. भादवा मेले में सभी भांग प्रेमी यहां पहुंचते हैं और एक जाजम पर बैठकर आपसी पारिवारिक संबंध बनाए रखने का कार्य करते हैं.
उन्होंने बताया कि इस दौरान ऊंच-नीच, भेदभाव और लड़ाई-झगड़े जैसी बातों को भुलाकर सभी लोग एक साथ बाबा के जयकारे लगाते हैं. भांग स्नेह मिलन में शामिल लोगों का उत्साह और जोश पूरे आयोजन के दौरान देखते ही बनता है.