SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

नाथद्वारा में सियासी हंगामे के बीच मौत, पार्षदों के गायब होने के विरोध में हो रहा था धरना

राजसमंद के नाथद्वारा में भाजपा पार्षदों के कथित तौर पर गायब होने के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के दौरान सुरेश पुरोहित की हार्ट अटैक से मौत हो गई. वे वार्ड 15 की पार्षद हिना पुरोहित के ससुर और वार्ड 17 के पार्षद महेश दवे के बड़े पापा बताए जा रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि जब तक गायब पार्षद घर नहीं लौटते, अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा.

Written By Ansh Raj
Published: Sep 17, 2026, 02:55 PM IST | Updated: Sep 17, 2026, 03:03 PM IST
Image Credit: Rajasthan Nikay Chunav
Join

Rajasthan Mayor Election: राजसमंद जिले के नाथद्वारा में भाजपा पार्षदों के कथित तौर पर गायब होने और उनके अपहरण के आरोपों को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन उस समय दुखद घटना में बदल गया, जब प्रदर्शन में शामिल सुरेश पुरोहित की हार्ट अटैक से मौत हो गई. जानकारी के अनुसार प्रदर्शन के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई.

दो भाजपा पार्षदों के रिश्तेदार थे सुरेश पुरोहित

सुरेश पुरोहित को वार्ड संख्या 15 की भाजपा पार्षद हिना पुरोहित का ससुर और वार्ड संख्या 17 के पार्षद महेश दवे का बड़े पापा बताया जा रहा है. दोनों पार्षद कथित तौर पर बाड़ेबंदी में गए हुए थे और घटना के बाद कुछ देर पहले नाथद्वारा पहुंचे.

पार्षदों के गायब होने को लेकर प्रदर्शन

नाथद्वारा नगरपालिका के भाजपा पार्षदों के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने के आरोपों को लेकर उनके परिजन और समर्थक उपखंड कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सभी पार्षदों को सुरक्षित नाथद्वारा वापस लाया जाए. देर रात तक बड़ी संख्या में परिजन और समर्थक धरना स्थल पर मौजूद रहे.

सांसद और विधायक भी धरने में पहुंचे

मामले को लेकर राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ और नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह भी परिजनों के साथ धरने में शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए गए. सांसद की ओर से पुलिस अधीक्षक की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग किए जाने की बात सामने आई.

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष से फोन पर बहस

प्रदर्शन के दौरान पार्षद प्रदीप काबरा के बेटे और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के बीच फोन पर तीखी बहस होने की जानकारी भी सामने आई. परिजनों ने मांग रखी कि सभी भाजपा पार्षदों को तत्काल नाथद्वारा लाया जाए. देर रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भी स्थिति संभालने धरना स्थल पहुंचे, जहां प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की.

अंतिम संस्कार को लेकर परिजनों की चेतावनी

सुरेश पुरोहित की मौत के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है. परिजनों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि गायब बताए जा रहे पार्षद सुरक्षित घर नहीं लौटते हैं, तो अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा. साथ ही आंदोलन को आगे भी जारी रखने की बात कही गई है. फिलहाल नाथद्वारा में पुलिस प्रशासन की मौजूदगी के बीच स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES