App

Rajasthan Weather Update: राजस्थान से मानसून की वापसी का काउंटडाउन शुरू, 22 सितंबर को इन संभागों में बरसेंगे बादल

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है. 22 सितंबर को कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभागों में कहीं-कहीं बारिश के आसार हैं. 23-24 सितंबर मौसम शुष्क रहेगा, वहीं, 25 से 27 सितंबर तक कई पूर्वी संभागों में फिर बारिश हो सकती है.

Rajasthan Weather Update: राजस्थान से मानसून की वापसी का काउंटडाउन शुरू, 22 सितंबर को इन संभागों में बरसेंगे बादल
Image Credit: राजस्थान में आज का मौसम अपडेट.

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है. मौसम केंद्र जयपुर के दैनिक पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के कुछ हिस्सों से अगले तीन से चार दिनों में मानसून की विदाई के लिए मौसम परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. हालांकि मानसून पूरी तरह विदा होने से पहले पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.

मंगलवार, 22 सितंबर को पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं पश्चिमी राजस्थान में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है.

22 सितंबर को इन संभागों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 22 सितंबर को बारिश की गतिविधियां मुख्य रूप से पूर्वी राजस्थान तक सीमित रहेंगी. कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभागों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. इसके उलट पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इससे साफ है कि मंगलवार को पूरे प्रदेश में बारिश का कोई व्यापक दौर नहीं रहेगा. पूर्वी हिस्से के चुनिंदा इलाकों में ही स्थानीय स्तर पर बारिश देखने को मिल सकती है.

मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा फिलहाल जैसलमेर, नागौर और सीकर से होकर गुजर रही है. अगले 2 से 3 दिनों में राजस्थान के कुछ और हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल रहने की संभावना है.

पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभागों के अधिकांश इलाकों में अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की प्रबल संभावना है. इसी अवधि में पूर्वी राजस्थान के भी अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.

25 से 27 सितंबर के बीच फिर बन सकता है बारिश का माहौल
23 और 24 सितंबर को प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का पूर्वानुमान है. इसके बाद 25 से 27 सितंबर के दौरान पूर्वी राजस्थान में एक बार फिर कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना बन रही है.

इस दौरान कोटा, उदयपुर, भरतपुर, अजमेर और जयपुर संभागों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. 22 सितंबर को मौसम विभाग ने किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है.

किसानों को फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह

मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए मौसम केंद्र जयपुर ने किसानों के लिए जरूरी सलाह भी जारी की है. पककर तैयार हो चुकी और खुले आसमान के नीचे रखी खरीफ फसलों को बारिश से बचाने की उचित व्यवस्था करने को कहा गया है.

कृषि उपज और अनाज मंडियों में खुले में रखे अनाज एवं अन्य जिंसों को भीगने से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम करने की सलाह दी गई है. साथ ही फसलों में कीटनाशक और अन्य रसायनों का छिड़काव आगामी दिनों में बारिश की संभावना को ध्यान में रखकर करने को कहा गया है.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandhya Yadav

Sandhya Yadav

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More