राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज: दौसा में सबसे ज्यादा 25 मिमी बारिश, अगले एक हफ्ते शुष्क रहेगा मौसम
राजस्थान के मौसम में आए दिन बदलाव देखने को मिल रहा है. बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, आज 31 अक्टूबर से पश्चिमी और 1 नवंबर से पूर्वी राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है.
राजस्थान के मौसम में आए दिन बदलाव देखने को मिल रहा है. ऐसे में लोगों को हर दिन बदलते मौसम का एहसास हो रहा है. मानसून के विदाई के बाद भी हो रही बारिश से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग ने आज 31 अक्टूबर को राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश या आंधी-ताफान का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है.
राहत की बात यह है कि आज 31 अक्टूबर से प्रदेश में मौसम साफ होने और अगले एक सप्ताह तक बारिश का दौर थमने की संभावना है. वहीं बारिश के चलते कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है. अक्टूबर महीने के आखिरी दिन में बदलते मौसम से ये आसार लगाए जा सकते हैं कि प्रदेश में सर्दी की एंट्री जल्द ही हो सकती है.
अधिकतम तापमान में गिरावट
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि पश्चिमी राजस्थान के ज्यादातर इलाकों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा. दौसा में सबसे ज्यादा 25.0 मिमी बारिश दर्ज की गई. बाड़मेर में सबसे अधिक तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस और सीकर के फतेहपुर में सबसे कम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
यह भी पढ़ें- राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम, 29-30 अक्टूबर को बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
30 अक्टूबर को पंजाब के उत्तरी भागों के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ अवस्थित
पश्चिमी विक्षोभ कल 30 अक्टूबर को परिसंचरण तंत्र के रूप में पंजाब के उत्तरी भागों के ऊपर अवस्थित था. जिससे जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में बादल छाए रहे व मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई.
आज से आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, आज 31 अक्टूबर से पश्चिमी राजस्थान में तथा 1 नवंबर से पूर्वी राजस्थान में आगामी एक सप्ताह के दौरान मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है. हालांकि मौसम विभाग ने आज प्रदेश के किसी भी इलाके में बारिश या आंधी-तूफान का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है.
प्रदेश के मौसम में बदलाव
प्रदेश के मौसम में हो रहे बदलाव के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के अनुसार अपना और अपने परिवार का ध्यान रखना चाहिए. बदलते मौसम से जल्द ही सर्दी की एंट्री हो सकती है. ऐसे में सर्दी का मौसम शुरू होने से पहले लोगों को ठंड से बचने की तैयारी कर लेनी चाहिए.