)
Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. कुछ दिन पहले सितंबर के महीने में आसमान से बरस रही आग ने राजस्थान के पश्चिमी इलाकों में पिछले कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए थे, जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया था. जैसलमेर और बाड़मेर जैसे जिलों में तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच चुका था, जो सितंबर के लिहाज से पिछले 1.5 दशक में सबसे ज्यादा था. दिनभर चल रही तेज और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी थी.
मौसम के इस कड़े तेवर ने साफ कर दिया था कि इस बार सितंबर की विदाई काफी तीखी गर्मी के साथ होने वाली है, लेकिन सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला. आज 27 सितंबर को मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे ये साफ हो गया कि सितंबर की विदाई हर साल के तरह इस साल भी सर्द होगी.
मौसम विभाग ने प्रदेश के 14 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान कुछ जगहों पर अचानक 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है.
राजस्थान के इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आज 27 सितंबर को श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, अलवर, डीग, भरतपुर, दौसा, जयपुर, टोंक और सवाई माधोपुर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में मौसम में बदलाव के साथ बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं. मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है.
इन इलाकों में बारिश के आसार
28 सितंबर को बीकानेर, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं. इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. 29 सितंबर को भी पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि बाकी हिस्सों में अगले 5-6 दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है.
पश्चिमी राजस्थान में अगले 2-3 दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 और 29 सितंबर को बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है.