)
Rajasthan Weather: राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना हुआ है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री तक अधिक दर्ज किया जा रहा है.
सितंबर के महीने में आसमान से बरस रही आग ने राजस्थान के पश्चिमी इलाकों में पिछले कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है. जैसलमेर और बाड़मेर जैसे जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जो सितंबर के लिहाज से पिछले 1.5 दशक में सबसे ज्यादा है. दिनभर चल रही तेज और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. मौसम के इस कड़े तेवर ने साफ कर दिया है कि इस बार सितंबर की विदाई काफी तीखी गर्मी के साथ हो रही है.
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा है. पश्चिमी राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है. सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बाड़मेर में 43.6 डिग्री दर्ज किया गया. जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सिरोही में दर्ज हुआ.
बाड़मेर में 43.6 डिग्री पहुंचा तापमान
राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का असर लगातार बना हुआ है. अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास या उससे ऊपर दर्ज किया जा रहा है. बाड़मेर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अगले 3-4 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है. वहीं सिरोही में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 43.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.
राजस्थान के अधिकांश हिस्सों से मानसून की विदाई
दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के अधिकांश भागों से मानसून वापस लौट चुका है. वर्तमान में प्रदेश में मानसून विदाई रेखा धौलपुर से उदयपुर के बीच से होकर गुजर रही है. इसके चलते पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में भी अगले 2-3 दिनों तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान लगाया जा रहा है.
इन इलाकों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 27 से 29 सितंबर के दौरान भरतपुर, जयपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. यानी मानसून की विदाई के बावजूद राजस्थान के कुछ इलाकों में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.
पश्चिमी राजस्थान में अगले 3-4 दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 और 29 सितंबर को बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है.