)
Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून की गतिविधियां जारी हैं. मौसम विभाग ने 19 सितंबर को बारां जिले और आसपास के इलाकों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघगर्जन और अचानक तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है.
बारां में बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, बारां और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान मेघगर्जन के साथ अचानक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.
20 सितंबर को भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 सितंबर को दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
21 सितंबर से अधिकांश हिस्सों में मौसम रहेगा शुष्क
राजस्थान के मौसम को लेकर राहत की बात यह है कि 21 सितंबर से राज्य के अधिकांश भागों में मौसम विभाह ने मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना जताई है. ऐसे में अगले दो दिनों के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने की उम्मीद है.
झुंझुनूं में बारिश-अंधड़ ने मचाई तबाही
झुंझुनूं जिले के सुलताना कस्बे में देर रात बारिश के साथ आए तेज अंधड़ ने कई इलाकों में जमकर तबाही मचाई. वार्ड नंबर 17 में एक मकान की तीसरी मंजिल पर लगा भारी-भरकम सोलर सिस्टम उखड़कर पड़ोसी के मकान की छत पर जा गिरा. सोलर के गिरने से कमरे की छत की पट्टी टूट गई. बताया जा रहा है कि हादसे से थोड़ी देर पहले ही युवक कमरे से निकलकर दूसरे कमरे में गया था.
ऐसे में हादसे के समय यदि कोई व्यक्ति कमरे या आंगन में मौजूद होता तो जनहानि हो सकती थी. अंधड़ के कारण धोलिया चौक और भवानी पार्क क्षेत्र में कई पेड़ भी धराशायी हो गए. वहीं सुल्ताना के कई इलाकों में रात से बिजली आपूर्ति बाधित रही. तेज हवा के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़. अंधड़ से हुए नुकसान के बाद स्थानीय लोग प्रभावित क्षेत्रों में व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं.